Bihar News: सीएम सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में आज (5, नवंबर) को लोक सेवक आवास स्थित ‘संकल्प’ सभागार में विकसित भारत-रोजगार एवं आजीविका गारंटी मिशन (ग्रामीण) (VB-G RAM G) को लेकर समीक्षा बैठक हुई। बैठक में मिशन के प्रभावी क्रियान्वयन, ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अवसर बढ़ाने तथा गांवों में आधारभूत संरचनाओं के समग्र विकास को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में ग्रामीण विकास विभाग के अपर मुख्य सचिव एच०आर० श्रीनिवास ने VB-G RAM G की विशेषतायें, कार्य योजना एवं क्रियान्वयन को लेकर विस्तृत जानकारी दी।

इस मौके पर सीएम सम्रटा चौधरी ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार की उपलब्धता बढ़ाने के साथ-साथ गांवों का समग्र एवं संतुलित विकास सरकार की प्राथमिकता है। VB-G RAM G मिशन के तहत ग्रामीण परिवारों को वर्ष में 125 दिनों के रोजगार की गारंटी है। केंद्र एवं राज्य सरकार के बीच 60:40 के अनुपात में वित्त पोषण की व्यवस्था होगी। उन्होंने निर्धारित समय सीमा के भीतर, अर्थात् 15 दिनों में मजदूरी का भुगतान सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि VB-G RAM G मिशन के तहत गांवों के समग्र विकास एवं ग्रामीण रोजगार के लिए 22,000 करोड़ रूपये की विभिन्न योजनाओं को शामिल करें। आंगनबाड़ी केन्द्रों के निर्माण में 12 लाख रूपये खर्च किये जायेंगे। साथ ही अतिरिक्त 02 लाख रूपये आंगनबाड़ी केन्द्रों के साज-सज्जा, पठन-पाठन सामग्री, फर्नीचर आदि पर खर्च किये जायेंगे। उन्होंने कहा कि VB-G RAM G मिशन के तहत अभी तक 1.5 लाख योजनायें ली गई हैं, इनकी संख्या बढ़ाकर 3 लाख करें।

सीएम सम्राट ने कहा कि राज्य के सभी गांवों में मुलभूत आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुये उन सभी कार्यों को प्राथमिकता से पूर्ण करें, इसके लिए संबंधित विभाग समन्वय करें, जिलाधिकारी इसकी सतत् निगरानी करें। आंगनबाड़ी, स्कूल, हेल्थ केयर सेंटर, ग्रामीण हाट, वृक्षारोपण कार्य, जल संरक्षण, विद्यार्थियों के लिए खेल मैदान का निर्माण सहित ग्रामीण क्षेत्रों में आवश्यक सुविधाओं को पूर्ण करने के लिए तेजी से काम करें।

सीएम सम्राट चौधरी ने कहा कि मिशन के अंतर्गत ग्राम पंचायतों को विकसित करने की दिशा में योजनाबद्ध तरीके से कार्य किया जाए। इसके तहत जल सुरक्षा, ग्रामीण आधारभूत संरचना, आजीविका संवर्द्धन तथा आपदा प्रबंधन से संबंधित चार प्रमुख श्रेणियों में कार्य कराए जाएंगे। उन्होंने योजनाओं के चरणबद्ध क्रियान्वयन के साथ कार्यों की निगरानी में तकनीक के अधिकाधिक उपयोग तथा पारदर्शिता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही सामाजिक अंकेक्षण की प्रभावी व्यवस्था और जनशिकायतों के त्वरित निवारण पर भी बल दिया।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि VB-G RAM G मिशन के सभी प्रावधानों एवं योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करते हुए ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार सृजन, आजीविका संवर्द्धन और आधारभूत संरचनाओं के विकास के कार्यों को समयबद्ध ढंग से पूरा करें, ताकि ग्रामीण परिवारों के जीवन स्तर में सुधार हो और विकसित बिहार के संकल्प को मजबूती मिले।

ये भी पढ़ें- MLC चुनाव के नतीजों के बाद NDA की हाई-लेवल बैठक आज, डैमेज कंट्रोल और गठबंधन की मजबूती पर रहेगा फोकस!