समस्तीपुर। सरायरंजन विधानसभा क्षेत्र से लगातार चार बार विधायक रहे विजय कुमार चौधरी के बिहार का उपमुख्यमंत्री बनने से समस्तीपुर जिले में उत्साह का माहौल है। इस नई जिम्मेदारी के साथ ही स्थानीय लोगों की अपेक्षाएं भी परवान चढ़ने लगी हैं। जिलेवासियों को उम्मीद है कि अब उनके क्षेत्र की लंबित समस्याओं का स्थायी समाधान होगा और विकास की गति तेज होगी।

​बाया नदी पर 13 साल से अधूरा है पुल का सपना

​विद्यापतिनगर प्रखंड के लोगों के लिए बाया नदी पर पुल का निर्माण सबसे बड़ी प्राथमिकता है। अखाड़ा घाट पर करीब 13 साल पहले पुल के लिए पांच पिलर खड़े किए गए थे, लेकिन एप्रोच रोड (पहुंच पथ) के विवाद में मामला आज भी अटका हुआ है। मऊधनेशपुर दक्षिण पंचायत को बेगूसराय के बछवाड़ा से जोड़ने वाला यह पुल न केवल आवागमन सुगम करेगा, बल्कि व्यापारिक दृष्टिकोण से भी महत्वपूर्ण है। वर्तमान में लोग नाव के सहारे सफर करने को मजबूर हैं।

​बाढ़ की विभीषिका से मुक्ति की गुहार

​हर साल बाया नदी की बाढ़ बाजितपुर, मऊधनेशपुर दक्षिण, बाल कृष्णपुर मरवा और शेरपुर ढेपुरा जैसी पंचायतों को टापू बना देती है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि डिप्टी सीएम को बाढ़ प्रबंधन के लिए ठोस योजना बनानी चाहिए ताकि मानसून के दौरान लोगों का जनजीवन ठप न हो।

​देवखाल चौर में वेटनरी कॉलेज और उद्योग की मांग

​उजियारपुर विधानसभा क्षेत्र के देवखाल चौर में लगभग 475 एकड़ सरकारी जमीन उपलब्ध है। स्थानीय लोगों का सुझाव है कि इस विशाल भूखंड पर वेटनरी कॉलेज या औद्योगिक हब विकसित किया जाना चाहिए। इससे न केवल मत्स्य पालन को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे।

​शिक्षा के क्षेत्र में सुधार की जरूरत

​विद्यापतिनगर और दियारा क्षेत्रों में डिग्री कॉलेज की कमी एक बड़ी समस्या है। उच्च शिक्षा के लिए छात्रों, विशेषकर छात्राओं को दलसिंहसराय जाना पड़ता है। स्थानीय निवासियों को उम्मीद है कि विजय चौधरी अब इस इलाके में एक नया महाविद्यालय स्थापित करवाएंगे, जिससे शिक्षा की राह आसान होगी।

​समग्र विकास पर जोर

​समस्तीपुर के प्रबुद्ध नागरिकों का कहना है कि विजय चौधरी ने सरायरंजन में मेडिकल और इंजीनियरिंग कॉलेज बनवाकर मिसाल पेश की है। अब डिप्टी सीएम के रूप में उनसे अपेक्षा है कि वे पूरे जिले के विधायकों के साथ समन्वय बिठाकर एक पारदर्शी विकास मॉडल तैयार करेंगे ताकि समस्तीपुर विकास के मानचित्र पर अग्रणी बन सके।