जमशेदपुर। बिहार और झारखंड के बीच रेल यात्रा करने वाले यात्रियों की परेशानी बढ़ सकती है। दक्षिण पूर्व रेलवे के आद्रा मंडल में अधोसंरचना विकास और संरक्षा से जुड़े कार्यों के कारण कई ट्रेनों के परिचालन में बदलाव किया गया है। इसका असर बक्सर-टाटानगर एक्सप्रेस समेत कई ट्रेनों पर पड़ेगा। रेलवे ने कुछ ट्रेनों को नियंत्रित करने, कुछ का परिचालन आंशिक रूप से रद्द करने और कुछ को री-शेड्यूल करने का फैसला लिया है।
बक्सर-टाटानगर एक्सप्रेस एक घंटे तक होगी लेट
रेलवे की अधिसूचना के अनुसार, ट्रेन संख्या 18184 बक्सर-टाटानगर एक्सप्रेस को 27, 29 और 31 अक्टूबर को आद्रा मंडल में 45 से 60 मिनट तक नियंत्रित कर चलाया जाएगा। यानी ट्रेन को रास्ते में रोककर आगे बढ़ाया जा सकता है।
इसका असर बक्सर, आरा, पटना और किऊल के रास्ते टाटानगर जाने वाले यात्रियों पर पड़ेगा। यात्रियों को गंतव्य तक पहुंचने में लगभग एक घंटे की अतिरिक्त देरी हो सकती है।
टाटानगर-आसनसोल मेमू आद्रा तक ही चलेगी
रोलिंग ब्लॉक के कारण ट्रेन संख्या 68056/68060 टाटानगर-आसनसोल-बड़ाभूम मेमू का परिचालन 27, 29 और 31 अक्टूबर को आंशिक रूप से प्रभावित रहेगा। इन तारीखों में ट्रेन टाटानगर से केवल आद्रा तक संचालित होगी। आद्रा और आसनसोल के बीच इसका परिचालन रद्द रहेगा।
हटिया-खड़गपुर एक्सप्रेस दो घंटे की देरी से चलेगी
ट्रेन संख्या 18036 हटिया-खड़गपुर एक्सप्रेस को 31 अक्टूबर तक हटिया से 120 मिनट की देरी से चलाया जाएगा। वहीं, ट्रेन संख्या 18035 खड़गपुर-हटिया एक्सप्रेस को 29 अक्टूबर को खड़गपुर से 60 मिनट री-शेड्यूल किया गया है।
यात्रियों के लिए रेलवे की सलाह
रेल परिचालन में इन बदलावों के कारण यात्रियों को अपनी यात्रा की योजना बनाते समय अतिरिक्त समय लेकर चलने की जरूरत है। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे स्टेशन के लिए निकलने से पहले अपनी ट्रेन के समय और परिचालन की स्थिति की जानकारी प्राप्त कर लें।

