कुंदन कुमार, पटना। बिहार विधान सभा के अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार 69वें कॉमनवेल्थ संसदीय संघ (CPA) सम्मेलन में भाग लेने के पश्चात अपने अध्ययन दौरे के क्रम में दक्षिण अफ्रीका के केपटाउन से ऑस्ट्रेलिया के सिडनी पहुंचे। सिडनी पहुंचने पर भारतीय राजनयिक अधिकारियों तथा ऑस्ट्रेलिया में रह रहे अप्रवासी बिहारियों द्वारा उनका हार्दिक स्वागत एवं अभिनंदन किया गया।
अध्ययन दौरे के दौरान डॉ. प्रेम कुमार ऑस्ट्रेलिया में विभिन्न संस्थानों का अवलोकन करेंगे तथा संबंधित अधिकारियों एवं अप्रवासी भारतीयों तथा बिहारियों के साथ संवाद करेंगे।
15 सितंबर को केपटाउन पहुंचे थे प्रेम कुमार
आपको बता दें कि इससे पहले डॉ. प्रेम कुमार 15 सितंबर को दक्षिण अफ्रीका के केपटाउन में आयोजित 69वें राष्ट्रमंडल संसदीय संघ (सीपीए) सम्मेलन के उद्घाटन समारोह में शामिल हुए थे। सम्मेलन के दौरान डॉ. प्रेम कुमार ने संसदीय लोकतंत्र, सुशासन और दुनिया के सामने मौजूद चुनौतियों से जुड़े कई अहम मुद्दों पर अपने विचार रखे। सम्मेलन में राष्ट्रमंडल देशों की संसदों के पीठासीन पदाधिकारी और संसदीय प्रतिनिधि शामिल हुए। केपटाउन के बाद अब वे सिडनी पहुंचे हैं।
सिडनी के बाद ऑकलैंड और मालदीव दौरा
सिडनी के बाद डॉ. प्रेम कुमार 24 से 27 सितंबर तक ऑकलैंड (न्यूजीलैंड) और 28 सितंबर से 1 अक्टूबर तक मालदीव के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान संबंधित देशों की संसदों का दौरा करने के साथ वहां के पीठासीन पदाधिकारियों से मुलाकात का कार्यक्रम है। इसके अलावा भारतीय समुदाय के लोगों से भी संवाद प्रस्तावित है।
संसदीय अनुभवों को साझा करना मकसद
इस अंतरराष्ट्रीय दौरे का मुख्य उद्देश्य अलग-अलग देशों की संसदीय व्यवस्था और विधायी कार्यप्रणाली को समझना और उनके अनुभवों को साझा करना है। इसके साथ ही भारत और दूसरे देशों की संसदों के बीच संबंधों को मजबूत करने और वैश्विक समस्याओं से निपटने में संसदीय संस्थाओं की भूमिका पर चर्चा करना भी यात्रा का हिस्सा है।
बिहार विधानसभा के प्रभारी सचिव संजय कुमार सिंह भी इस आधिकारिक दौरे में डॉ. प्रेम कुमार के साथ हैं। वह अध्यक्ष के सहयोग के लिए उनके साथ अंतरराष्ट्रीय यात्रा पर गए हैं।
ये भी पढ़ें- ‘7वीं फेल से बेहतरी की उम्मीद करना आपकी-हमारी गलती’, CM सम्राट पर प्रशांत किशोर का तीखा हमला



