कुंदन कुमार, पटना। बिहार विधान परिषद की 8 सीटों पर होने वाले चुनाव को लेकर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के आवास पर आज शुक्रवार को हुई एनडीए की बैठक खत्म हो गई है। बैठक के बाद मीडिया से बातचीत में मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि, बैठक में सभी सांसद सभी विधायक सभी विधान परिषद के उम्मीदवार इस शामिल हुए। सभी ने एक मत से कहा कि सभी आठों विधान परिषद के सीट पर एनडीए उम्मीदवार को जिताने का हम लोग काम करेंगे।

जो विरोध करेगा, उसपर कार्रवाई होगा- श्रवण कुमार

मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि, बैठक में सीएम सम्राट चौधरी ने सभी से अपने-अपने क्षेत्रों में बिहार विधान परिषद चुनाव में एनडीए प्रत्याशियों के समर्थन में प्रचार-प्रसार करने और उनकी जीत सुनिश्चत करने का निर्देश दिया। सभी नेताओं ने तालियां बजाकर उनका समर्थन किया।

वहीं, जब उनसे सवाल किया गया कि अनंत सिंह अभी भी कह रहे हैं कि वो नीरज कुमार के खिलाफ प्रचार करेंगे, उन्हें नहीं जीतने देंगे। इसपर श्रवण कुमार ने कहा कि, कोई भी आदमी अगर एनडीए के समर्थित उम्मीदवार का विरोध करेगा, तो उसपर कारवाई होगी। बैठक में मुख्यमंत्री ने साफ-साफ यह कह दिया है। सभी ने एक मत से जिताने की बात कही है। बाहर आकर कौन क्या बोलता है पता नहीं।

नीरज को जीतने नहीं देंगे- अनंत सिंह

बता दें कि पटना स्नातक सीट से जदयू एमएलसी और मौजूदा प्रत्याशी नीरज कुमार का विरोध कर रहे पार्टी विधायक अनंत सिंह भी बैठक में शामिल होने पहुंचे थे। बैठक में शामिल होने के बाद अनंत सिंह ने मीडिया से बातचीत के दौरान फिर से दोहराया कि वे अनुज सिंह का समर्थन करेंगे। किसी भी हालत में वह नीरज कुमार को चुनाव नहीं जीतने देंगे।

ये भी पढ़ें- जहानाबाद में दर्दनाक हादसा: खेत में गिरे 11 हजार वोल्ट के तार ने ली कांग्रेस नेता के भतीजे की जान