कुंदन कुमार/पटना। बिहार में आज कौन-कौन से बड़े कार्यक्रम होंगे। कौन सी पार्टी के बड़े नेता क्या बयान दिए। इन सभी की जानकारी आप तक हम पहुंचा रहे हैं। वहीं, प्रदेश में आज कहां-कहां कार्यक्रम होंगे, ये सभी जानकारी आप तक हम रोज पहुंचाएंगे, तो प्रदेश की सभी गतिविधियों को जानने के लिए पढ़ते रहे लल्लूराम डॉट कॉम।

अंबेडकर जयंती पर HAM का भव्य आयोजन

संविधान निर्माता भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती के उपलक्ष्य में हिन्दुस्तानी आवाम मोर्चा (से.) की ओर से आज 19 अप्रैल 2026, रविवार को एक भव्य और गरिमामय जयंती समारोह का आयोजन किया जा रहा है। यह कार्यक्रम पटना के गांधी मैदान स्थित श्री कृष्ण मेमोरियल हॉल में सुबह 11 बजे से शुरू होगा। इस खास मौके पर बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता, समर्थक और आम लोग शामिल होंगे, जो बाबा साहेब को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे और उनके विचारों को याद करेंगे। समारोह का उद्घाटन पार्टी के संरक्षक और केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी करेंगे। वहीं, कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. संतोष कुमार सुमन उपस्थित रहेंगे और सभा को संबोधित करेंगे। इस आयोजन के जरिए बाबा साहेब के सामाजिक न्याय, समानता और अधिकारों के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने की कोशिश की जाएगी।

कांग्रेस कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन

कांग्रेस कार्यालय सदाकत आश्रम में आज दोपहर 2 बजे एक महत्वपूर्ण प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की जाएगी। प्रेस-कॉन्फ्रेंस में प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम समेत अन्य पदाधिकारी मौजूद रहेंगे, जो संवददाता सम्मेलन को संबोधित करेंगे। इस दौरान वे बिहार की मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियां, संगठनात्मक गतिविधियों और राज्य से जुड़े मुद्दों पर मीडिया को जानकारी देंगे। वहीं, बिहार में नई सरकार को लेकर भी अपनी प्रतिक्रिया सामने रख सकते हैं।

जदयू कार्यालय में बैठक का आयोजन

बिहार में नई सरकार बनने के बाद जदयू आवास में लगातार बैठकों का दौर जारी है। पूर्व सीएम नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार लगातार पार्टी कार्यालय में नेताओं संग बैठक करते हुए नजर आ रहे हैं। इसी क्रम में आज दोपहर 3 बजे भी पार्टी कार्यालय में एक अहम बैठक बुलाई गई है। इस बैठक में निशांत के अलावा कई और नेताओं के मौजूद रहने की संभावना है। बैठक में पार्टी की आगे की रणनीति को लेकर चर्चा होने की उम्मीद है।

अटल सभागर में सीएम सम्राट की प्रेस कॉन्फ्रेंस

पटना में आज रविवार (19 अप्रैल) को भाजपा मुख्यालय स्थित अटल सभागार में एक अहम प्रेस वार्ता आयोजित की जाएगी। यह प्रेस कॉन्फ्रेंस सुबह 11:30 बजे आयोजित की गई है, जिसे सीएम सम्राट चौधरी संबोधित करेंगे। इस दौरान सीएम सम्राट राज्य से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर अपनी बात रख सकते हैं और सरकार की योजनाओं व आगामी कार्यक्रमों की जानकारी भी साझा कर सकते हैं।

ये भी पढ़ें- कटिहार से दिल्ली तक फैला खौफनाक जाल, खिलौना कार में छिपे विस्फोट से बड़े हमले की साजिश का सनसनीखेज खुलासा, जानें पूरा मामला