सोहराब आलम, मोतिहारी। पूर्वी चंपारण के केसरिया प्रखंड की मठिया पंचायत के लिए आज गौरव का दिन है। पंचायत की मुखिया ज्योति कुमारी को देश के लोकप्रिय टीवी कार्यक्रम ‘कौन बनेगा करोड़पति’ के विशेष कार्यक्रम में शामिल होने का मौका मिला है। 7 अक्टूबर को मुंबई में आयोजित कार्यक्रम में ज्योति कुमारी सदी के महानायक अमिताभ बच्चन के साथ मंच साझा करेंगी। खास बात यह है कि मठिया पंचायत में हुए विकास कार्यों पर आधारित डॉक्यूमेंट्री भी कार्यक्रम में दिखाई जाएगी।

केसरिया की मठिया पंचायत की मुखिया ज्योति कुमारी ने पंचायत में विकास, पारदर्शिता और बेहतर कार्यप्रणाली को लेकर किए गए प्रयासों से अपनी अलग पहचान बनाई है। अब उनके कार्यों की चर्चा राष्ट्रीय मंच पर होने जा रही है। KBC के विशेष कार्यक्रम में बिहार से मुखिया के रूप में ज्योति कुमारी को आमंत्रित किया गया है।

कार्यक्रम के दौरान मठिया पंचायत में हुए विकास कार्यों पर तैयार डॉक्यूमेंट्री दिखाई जाएगी। इसमें पंचायत में स्वास्थ्य, शिक्षा और पारदर्शी व्यवस्था के क्षेत्र में किए गए कार्यों को सामने रखा जाएगा। ज्योति कुमारी के चयन की खबर से पंचायत के लोगों और उनके परिवार में खुशी का माहौल है। इससे पहले बेहतर और पारदर्शी कार्यप्रणाली के लिए उन्हें बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी द्वारा सम्मानित भी किया जा चुका है।

मुखिया ज्योति कुमारी का कहना है कि पंचायत की जनता का विश्वास और सहयोग ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है। अब KBC जैसे राष्ट्रीय मंच पर मठिया पंचायत के विकास कार्यों को पहचान मिलना पूरे पूर्वी चंपारण के लिए चर्चा का विषय बन गया है।

ये भी पढ़ें- बेगूसराय में सुबह-सुबह ताबड़तोड़ फायरिंग, 3 लोगों को लगी गोली, एक की हालत गंभीर