कुंदन कुमार/पटना। बिहार में आज कौन-कौन से बड़े कार्यक्रम होंगे। कौन सी पार्टी के बड़े नेता क्या बयान दिए। इन सभी की जानकारी आप तक हम पहुंचा रहे हैं। वहीं, प्रदेश में आज कहां-कहां कार्यक्रम होंगे, ये सभी जानकारी आप तक हम रोज पहुंचाएंगे, तो प्रदेश की सभी गतिविधियों को जानने के लिए पढ़ते रहे लल्लूराम डॉट कॉम।

जदयू कार्यालय में जनसुनवाई कार्यक्रम का आयोजन

जदयू कार्यालय में आज बुधवार (14, अक्टूबर 2026) को जनसुनवाई कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। इस कार्यक्रम में आम लोग अपनी समस्याएं और शिकायतें सीधे पार्टी नेताओं और पदाधिकारियों के सामने रख सकेंगे। कार्यक्रम का समय सुबह 11 बजे निर्धारित किया गया है। इस जनसुनवाई में राज्य सरकार के मंत्री भी मौजूद रहेंगे, जो लोगों की समस्याओं को सुनकर उनका समाधान करेंगे। पार्टी का कहना है कि इस तरह के कार्यक्रम का उद्देश्य जनता और सरकार के बीच सीधा संवाद स्थापित करना है, ताकि स्थानीय स्तर पर उठने वाली समस्याओं का त्वरित समाधान किया जा सके।

भाजपा कार्यालय में सहयोग कार्यक्रम का आयोजन

भाजपा प्रदेश कार्यालय में आज बुधवार को सहयोग कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। यह आयोजन दोपहर 1 बजे से आयोजित होगा। सहयोग कार्यक्रम में आज बीजेपी से मंत्री मौजूद रहेंगे, जो कार्यालय में आए जनता की समस्याओं को सुन उनका निपटारा करने का काम करेंगे। वहीं, विभागीय अधिकारियों को जरूरी दिशा निर्देश देंगे।

राजस्व विभाग से जुड़े कर्मचारियों का प्रदर्शन

बिहार में राजस्व विभाग से जुड़े कर्मचारी आज बुधवार (14, अक्टूबर) को पटना के गर्दनीबाग धरना स्थल पर अपनी विभिन्न मांगों को लेकर धरना-प्रदर्शन करेंगे। इस प्रदर्शन में बिहार के राजस्व कर्मचारी, नियमित अमीन और राजस्व अधिकारी शामिल होंगे। वेतनमान में सुधार, पदोन्नति (प्रमोशन), विभिन्न भत्तों में बढ़ोतरी और पूर्व में हुए समझौतों को लागू करने समेत 17 सूत्री मांगों को लेकर राजस्व विभाग के कर्मचारी यह प्रदर्शन कर रहे हैं। उनका कहना है कि उनकी मांगें लंबे समय से लंबित हैं, ऐसे में वे सरकार से जल्द समाधान की मांग कर रहे हैं।

जन सुराज के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय सिंह की प्रेस कॉन्फ्रेंस

जनसुराज के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय सिंह आज दोपहर 2 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करेंगे। इस दौरान वे बिहार एमएलसी चुनाव, पार्टी के संगठन विस्तार और बिहार की मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों समेत कई अहम मुद्दों पर अपनी बात मीडिया के सामने रखेंगे। इसके साथ ही उदय सिंह पार्टी की भावी योजनाओं और बिहार में जनसुराज की राजनीतिक भूमिका को लेकर भी अपनी बात रख सकते हैं। इस प्रेस कॉन्फ्रेंस पर राजनीतिक गलियारों की नजर रहेगी, क्योंकि उनके बयानों से पार्टी की आगामी रणनीति को लेकर अहम संकेत मिल सकते हैं।

वैशाली में नाव पलटने से 13 लोगों की मौत

बिहार के हाजीपुर (वैशाली) में कल मंगलवार (13 अक्टूबर) की देर शाम गंगा नदी में एक नाव पलटने से बड़ा हादसा हो गया। इस घटना में 13 लोगों की डूबने से मौत हो गई। हादसे के समय नाव पर 35 से 40 लोग सवार थे। मिली जानकारी के अनुसार सभी लोग नाव पर सवार होकर भोज (तेरहवीं) खाने जा रहे थे। इस दौरान नदी में नाव पलटने से यह हादसा हो गया।

ये भी पढ़ें- गोपालगंज में गैस सिलेंडर ब्लास्ट होने से 24 लोग झुलसे, कई की हालत गंभीर