कुंदन कुमार/पटना। बिहार में आज कौन-कौन से बड़े कार्यक्रम होंगे। कौन सी पार्टी के बड़े नेता क्या बयान दिए। इन सभी की जानकारी आप तक हम पहुंचा रहे हैं। वहीं, प्रदेश में आज कहां-कहां कार्यक्रम होंगे, ये सभी जानकारी आप तक हम रोज पहुंचाएंगे, तो प्रदेश की सभी गतिविधियों को जानने के लिए पढ़ते रहे लल्लूराम डॉट कॉम।
महिला किसान दिवस पर विशेष कार्यक्रम का आयोजन
पटना में आज गुरुवार (15 अक्टूबर) को महिला किसान दिवस-2026 एवं अंतर्राष्ट्रीय वर्ष महिला किसान-2026 के अवसर पर एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। बामेती परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्घाटन सुबह 11 बजे कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा द्वारा किया जाएगा। कार्यक्रम स्थल आलू अनुसंधान संस्थान के बगल में स्थित है। इस आयोजन का उद्देश्य कृषि और ग्रामीण अर्थव्यवस्था में महिला किसानों के महत्वपूर्ण योगदान, मेहनत और कौशल को सम्मान देना है। भारत सरकार के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय द्वारा महिला किसान दिवस वर्ष 2016 से मनाया जा रहा है। इस साल की थीम “विकसित कृषि और विकसित भारत के निर्माण में महिला किसानों की भूमिका” रखी गई है।
जदयू कार्यालय में जनसुनवाई कार्यक्रम का आयोजन
जदयू कार्यालय में आज गुरुवार (15, अक्टूबर 2026) को जनसुनवाई कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। इस कार्यक्रम में आम लोग अपनी समस्याएं और शिकायतें सीधे पार्टी नेताओं और पदाधिकारियों के सामने रख सकेंगे। कार्यक्रम का समय सुबह 11 बजे निर्धारित किया गया है। इस जनसुनवाई में राज्य सरकार के मंत्री भी मौजूद रहेंगे, जो लोगों की समस्याओं को सुनकर उनका समाधान करेंगे। पार्टी का कहना है कि इस तरह के कार्यक्रम का उद्देश्य जनता और सरकार के बीच सीधा संवाद स्थापित करना है, ताकि स्थानीय स्तर पर उठने वाली समस्याओं का त्वरित समाधान किया जा सके।
भाजपा कार्यालय में सहयोग कार्यक्रम का आयोजन
भाजपा प्रदेश कार्यालय में आज गुरुवार को सहयोग कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। यह आयोजन दोपहर 1 बजे से आयोजित होगा। सहयोग कार्यक्रम में आज बीजेपी से मंत्री मौजूद रहेंगे, जो कार्यालय में आए जनता की समस्याओं को सुन उनका निपटारा करने का काम करेंगे। वहीं, विभागीय अधिकारियों को जरूरी दिशा निर्देश देंगे।
बिहार MLC चुनाव: महागठबंधन के उम्मीदवार डॉ. संजीव कुमार की प्रेस कॉन्फ्रेंस
बिहार एमएलसी चुनाव को लेकर सभी प्रत्याशी और दल चुनावी प्रचार को रफ्तार देने में जुट गए हैं। इस बीच आज पटना शिक्षक निर्वाचन सीट से महागठबंधन के उम्मीदवार डॉक्टर संजीव कुमार की तरफर से एक प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया गया है। यह प्रेस कॉनफ्रेंस सुबह 11 बजे जनशक्ति प्रेस में होगा। इस दौरान संजीव कुमार चुनाव को लेकर अपनी योजनाओं और वादों की घोषणा कर सकते हैं। इसके साथ ही वे विपक्षियों की कमियों को गिनाते हुए उनपर निशाना साधते भी नजर आ सकते हैं। पटना शिक्षक निर्वाचन सीट पर उनका मुकाबला बीजेपी के नवल किशोर यादव और जन सुराज की डॉ. दिव्या ज्योति से होगा। बता दें कि बिहार एमएलसी चुनाव के लिए 8 सीटों पर 23 अक्टूबर को सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक मतदान होना है।
ये भी पढ़ें- पटना के बोरिंग रोड में Shriram Finance के नए BU ऑफिस का उद्घाटन, मंत्री लेशी सिंह और डॉ. सत्यजीत सिंह रहे मौजूद

