कुंदन कुमार/ पटना। बिहार राज्य पथ परिवहन निगम ने शहर में निजी वाहनों पर निर्भरता कम करने और पेट्रोल-डीजल की बढ़ती खपत को नियंत्रित करने के लिए एक महत्वपूर्ण पहल की है। पटना के विभिन्न रूटों से नया और पुराना सचिवालय तक के लिए सीधी इलेक्ट्रिक बस सेवा शुरू होने जा रही है। परिवहन सचिव राज कुमार ने बताया कि इस योजना का मुख्य उद्देश्य सरकारी कर्मचारियों को सुरक्षित, सुलभ और समयबद्ध आवागमन की सुविधा प्रदान करना है। इससे न केवल कर्मचारियों के पैसे बचेंगे, बल्कि ईंधन संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा।
निजी वाहनों का विकल्प और ट्रैफिक से मुक्ति
निगम के प्रशासक अतुल कुमार वर्मा के अनुसार, रोजाना बड़ी संख्या में सचिवालय कर्मी अपनी निजी कारों या बाइकों से दफ्तर आते-जाते हैं। इसके कारण सड़कों पर ट्रैफिक का दबाव अत्यधिक बढ़ जाता है। विशेष इलेक्ट्रिक बस सेवा शुरू होने से कर्मचारियों को सार्वजनिक परिवहन का एक बेहतरीन और आधुनिक विकल्प मिलेगा। इससे सड़कों पर वाहनों की भीड़ कम होगी और प्रतिदिन भारी मात्रा में पेट्रोल-डीजल की बचत की जा सकेगी।
पटना में 25 इलेक्ट्रिक बसों का बेड़ा तैयार
वर्तमान में बिहार राज्य पथ परिवहन निगम द्वारा पटना शहर के विभिन्न हिस्सों में 25 इलेक्ट्रिक बसों का सफल संचालन किया जा रहा है। अब इन्हीं आधुनिक और प्रदूषण-मुक्त बसों का उपयोग सचिवालय के कर्मचारियों के नियमित आवागमन के लिए भी किया जाएगा, जो “नो फ्यूल” आधारित परिवहन व्यवस्था को मजबूत करेगा।
महिलाओं के लिए विशेष पिंक बस और समय सारणी
यह विशेष सेवा सुबह कार्यालय शुरू होने के समय विभिन्न इलाकों से सचिवालय के लिए खुलेगी और शाम को छुट्टी के बाद कर्मचारियों को वापस गंतव्य तक पहुंचाएगी। महिला कर्मियों की सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए शाम 5:00 बजे विशेष पिंक बस सेवा का संचालन किया जाएगा।
पटना के प्रमुख रूट और उनकी समय-सीमा
सचिवालय के लिए बसें पटना के निम्नलिखित पांच प्रमुख रूटों से संचालित की जाएंगी:
- मल्टी मॉडल हब (पटना जंक्शन) रूट: यह बस सुबह 8:30 बजे खुलेगी और आर ब्लॉक, इनकम टैक्स, विद्युत भवन, पटना हाईकोर्ट तथा बिहार म्यूजियम होते हुए सचिवालय पहुंचेगी।
- दानापुर स्टेशन रूट: सुबह 8:15 बजे प्रस्थान कर यह बस सगुना मोड़, आरपीएस मोड़, गोला रोड, जगदेव पथ, आशियाना, आईजीआईएमएस, शेखपुरा मोड़ और चिड़ियाघर होते हुए सचिवालय जाएगी।
- धनुकी मोड़ रूट: धनुकी मोड़ से खुलकर यह सेवा कुम्हरार, भूतनाथ रोड, एनएमसीएच, राजेंद्र नगर टर्मिनल, कंकड़बाग कॉलोनी मोड़, करबिगहिया स्टेशन और आर ब्लॉक होते हुए विकास भवन तक जाएगी।
- कुर्जी रूट (पिंक बस): महिला कर्मियों के लिए यह विशेष पिंक बस कुर्जी से चलकर पी एंड एम मॉल, साईं मंदिर, पाटलिपुत्र कॉलोनी, ए.एन. कॉलेज, बोरिंग रोड चौराहा और हड़ताली मोड़ होते हुए सचिवालय पहुंचेगी।
- गांधी मैदान रूट: यह बस गांधी मैदान से प्रस्थान कर डाकबंगला चौराहा, इनकम टैक्स, नियोजन भवन, विद्युत भवन, हाईकोर्ट और बिहार म्यूजियम होते हुए सचिवालय क्षेत्र तक जाएगी।

