कुंदन कुमार/​पटना। बिहार की राजधानी से कानून-व्यवस्था को चुनौती देती हुई एक बेहद चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहां शनिवार को वट सावित्री पूजा के पावन अवसर पर श्रद्धा और उत्साह के साथ घर से निकलीं सास-बहू सरेआम लूट की शिकार हो गईं। बेखौफ बदमाशों ने दिनदहाड़े इस वारदात को अंजाम देकर पुलिस गश्त और सुरक्षा दावों की पोल खोल कर रख दी है। घटना के बाद से पूरे इलाके की महिलाओं और स्थानीय निवासियों में भारी आक्रोश और हड़कंप का माहौल देखा जा रहा है।

​थाने के पास ही वट वृक्ष के नीचे दिया वारदात को अंजाम

​मिली जानकारी के अनुसार, यह सनसनीखेज मामला राजधानी पटना के सबसे व्यस्त और वीआईपी इलाकों में शुमार होने वाले बुद्धा कॉलोनी थाना क्षेत्र का है। शनिवार को देश भर की तरह यहां भी वट सावित्री व्रत को लेकर महिलाओं में खासा उत्साह था। बुद्धा कॉलोनी थाना क्षेत्र की ही रहने वाली एक महिला अपनी बहू के साथ सज-धज कर पास ही स्थित वट वृक्ष (बरगद के पेड़) के नीचे पूजा-अर्चना करने गई थीं। हैरानी की बात यह है कि यह वट वृक्ष बुद्धा कॉलोनी थाने के बिल्कुल नजदीक स्थित है। जैसे ही दोनों महिलाएं पूजा संपन्न कर लौटने लगीं, तभी वहां घात लगाए बैठे शातिर बदमाशों ने उन्हें अपना निशाना बना लिया। पीडिताओं के मुताबिक, एक महिला स्नेचर ने पलक झपकते ही सास के गले से सोने की चेन और बहू के गले से भारी सोने का मंगलसूत्र झटक लिया। जब तक दोनों महिलाएं कुछ समझ पातीं या शोर मचातीं, आरोपी शातिर तरीके से भीड़ का फायदा उठाकर रफूचक्कर हो गया।

​20 लाख के जेवरात गायब, पुलिस पर लापरवाही के आरोप

​पीड़ित महिलाओं ने बताया कि लूटे गए सोने के चेन और मंगलसूत्र की अनुमानित कीमत लगभग 20 लाख रुपए है। इस बड़ी वारदात से घबराई सास-बहू तुरंत शिकायत दर्ज कराने पास के ही बुद्धा कॉलोनी थाने पहुंचीं। लेकिन पीड़ितों का आरोप है कि पुलिस ने तुरंत तत्परता दिखाने के बजाय उन्हें थाने में ही काफी देर तक बिठाए रखा। महिलाओं का कहना है कि अगर सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत नाकेबंदी करती और सक्रिय हो जाती, तो शायद उनके पुश्तैनी जेवर बरामद हो जाते और आरोपी पकड़ा जाता।

​सीसीटीवी खंगालने में जुटी पुलिस: महिला थी या पुरुष?

​सरेआम हुई इस बड़ी छिनैती के बाद हरकत में आई पुलिस अब मामले की गहराई से तफ्तीश कर रही है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, घटनास्थल और उसके आसपास के रास्तों में लगे तमाम सीसीटीवी कैमरों के फुटेज को बारीकी से खंगाला जा रहा है। पुलिस के सामने अब सबसे बड़ा सस्पेंस यह है कि स्नेचर वास्तव में कोई महिला थी या महिला के भेष में कोई पुरुष अपराधी था, क्योंकि पीड़िता ने एक महिला स्नेचर का जिक्र किया है। पुलिस अधिकारियों का दावा है कि मामले दर्ज कर लिया गया है और जल्द ही इस गिरोह का पर्दाफाश कर अपराधियों को सलाखों के पीछे भेज दिया जाएगा।