कुंदन कुमार, पटना। ​बिहार में महिला सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत तथा प्रभावी बनाने के लिए राज्य सरकार ने एक ऐतिहासिक कदम उठाया है। रक्षाबंधन के अवसर पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने महिला पुलिस कर्मियों और ‘पुलिस दीदी’ (अभया ब्रिगेड) के बेड़े में आधुनिक वाहनों को शामिल करते हुए सड़कों पर ‘पिंक स्कूटी’ और बाइकों का शानदार फ्लैग ऑफ किया। सरकार के इस बड़े फैसले का उद्देश्य महिला पुलिस बल की गतिशीलता को बढ़ाना और समाज के हर कोने तक सुरक्षा व्यवस्था को चुस्त-दुरस्त करना है।

​4700 स्कूटी और बाइकों की सौगात

​राज्य के स्कूल-कॉलेजों, बाजारों और सार्वजनिक स्थलों पर छात्राओं व महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए 4700 स्कूटी और मोटरसाइकिलें महिला पुलिस कर्मियों को सौंपी गई हैं। इन आधुनिक और पेट्रोल से लैस बाइकों के मिलने से अब ‘पुलिस दीदी’ किसी भी आपात स्थिति में तुरंत मौके पर पहुंच सकेंगी। पारंपरिक पुलिस गश्त की तुलना में इन दोपहिया वाहनों से तंग गलियों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में आवागमन बेहद आसान हो जाएगा।

​महिलाओं और कमजोर वर्गों तक आसान पहुंच

​इन नए वाहनों के जरिए महिला पुलिस कर्मी न केवल गश्त करेंगी, बल्कि सरकार की कल्याणकारी योजनाओं और सेवाओं को समाज के कमजोर वर्गों और दूर-दराज की महिलाओं तक सीधे पहुंचाएंगी। ‘अभया ब्रिगेड’ की सक्रियता बढ़ने से मनचलों और असामाजिक तत्वों पर नकेल कसने में मदद मिलेगी, जिससे युवतियां और महिलाएं खुद को अधिक सुरक्षित महसूस करेंगी। सरकार की इस पहल से पुलिसिंग व्यवस्था में महिला सहभागिता और उनकी कार्यक्षमता को एक नई रफ्तार मिली है।