Bihar Job Fair: बिहार के नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर सामने आई है। दरअसल प्रदेश में राज्य सरकार की ओर से एक बार फिर रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है। इसके तहत प्रदेश के 9 जिलों में 2 से 6 नवंबर तक जिला स्तरीय नियोजन-सह-व्यावसायिक मार्गदर्शन मेला लगाया जाएगा। इस मेले में 10वीं, 12वीं, स्नातक से लेकर तकनीकी और गैर-तकनीकी योग्यता रखने वाले युवाओं को निजी कंपनियों में नौकरी पाने का अवसर मिलेगा।
इन 9 जिलों में लगेगा रोजगार मेला
युवा, रोजगार एवं कौशल विकास विभाग और नियोजन एवं प्रशिक्षण निदेशालय ने रोजगार मेले को लेकर तैयारियां पूरी कर ली हैं। निर्धारित कार्यक्रम के मुताबिक, इसकी शुरुआत 2 नवंबर को बक्सर और गोपालगंज से होगी। इसके बाद 3 नवंबर को जहानाबाद और सारण (छपरा) में युवाओं को रोजगार पाने का मौका मिलेगा। वहीं, 4 नवंबर को सीवान और कैमूर (भभुआ) में रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा।
इसी क्रम में 5 नवंबर को नालंदा में नियोजन मेला लगेगा, जबकि 6 नवंबर को अररिया और पटना में इसका आयोजन किया जाएगा। इन मेलों में निजी क्षेत्र की अलग-अलग कंपनियां हिस्सा लेंगी। अभ्यर्थियों की शैक्षणिक योग्यता और तकनीकी दक्षता के आधार पर उन्हें नौकरी के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे।
सुबह 10:30 बजे से शाम 4 बजे तक लगेगा मेला
विभाग की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, सभी जिलों में रोजगार मेले का आयोजन सुबह 10:30 बजे से शाम 4 बजे तक किया जाएगा। इसमें शामिल होने के लिए अभ्यर्थियों को विभाग के आधिकारिक पोर्टल पर पंजीकरण कराना होगा। इसके लिए detjob.bihar.gov.in पर ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन किया जा सकता है। इसके अलावा मेले में पहुंचने वाले युवाओं के लिए आयोजन स्थल पर भी पंजीकरण की व्यवस्था रहेगी।
साथ लेकर पहुंचे जरूरी दस्तावेज
विभाग ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथि पर अपने शैक्षणिक प्रमाणपत्र और अन्य जरूरी दस्तावेजों के साथ रोजगार मेले में पहुंचें। वहीं, मेले में शामिल होने वाली निजी कंपनियों और अन्य नियोजकों के लिए भी पोर्टल पर पंजीकरण कराना अनिवार्य किया गया है। रोजगार मेले से संबंधित किसी भी तरह की जानकारी या सहायता के लिए युवा विभाग के टोल फ्री नंबर 18002965656 पर संपर्क कर सकते हैं।
गौरतलब है कि बिहार के अलग-अलग जिलों में समय-समय पर इस तरह के रोजगार मेलों का आयोजन किया जाता है। इसका उद्देश्य स्थानीय स्तर पर युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है। ऐसे में नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं के लिए यह एक अच्छा मौका हो सकता है।
ये भी पढ़ें- बिहार के 73 लाख किसानों के खाते में पहुंचे 1476 करोड़ रुपए, बेमौसम बारिश पर CM सम्राट का बड़ा ऐलान

