गोरखपुर. दरभंगा से नई दिल्ली जा रही बिहार संपर्क क्रांति एक्सप्रेस पर रविवार (20 सितंबर 2026) शाम गोरखपुर के कुसमी जंगल के पास पथराव की घटना सामने आई है. अचानक ट्रेन पर पत्थर फेंके जाने से यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई. महिला कोच में सवार इंदिरा देवी और जनरल कोच के यात्री राकेश कुमार समेत कई यात्रियों के घायल होने की सूचना है.

इसे भी पढ़ें- हुनर दिखाओ, बाजार पकड़ो, रोजगार दो… योगी की पाती में युवाओं के लिए बड़ा विजन

कुसमी जंगल के पास अचानक हुआ पथराव

बताया गया कि ट्रेन गोरखपुर के कुसमी जंगल क्षेत्र से गुजर रही थी, तभी कुछ लोगों ने ट्रेन को निशाना बनाकर पत्थर फेंके. पथराव में सुमित ठाकुर, इंदिरा देवी और राकेश कुमार के घायल होने की जानकारी सामने आई है. कुछ अन्य यात्रियों को भी मामूली चोटें आने की बात कही गई है.

गोंडा स्टेशन पर बुलानी पड़ी मेडिकल टीम

घटना की सूचना रेलवे कंट्रोल को मिलते ही गोंडा स्टेशन प्रशासन को अलर्ट कर दिया गया. ट्रेन करीब शाम 6:30 बजे गोंडा स्टेशन पहुंची. इसके बाद रेलवे प्रशासन ने घायलों के उपचार के लिए चिकित्सकीय टीम को बुलाया. उप मंडलीय चिकित्सालय की डॉ. प्रतिभा सिंह के नेतृत्व में टीम स्टेशन पहुंची और यात्रियों का इलाज किया.

आधे घंटे से ज्यादा स्टेशन पर रुकी ट्रेन

घायलों के उपचार के चलते ट्रेन को गोंडा स्टेशन पर करीब आधे घंटे से अधिक समय तक रोका गया. इलाज के बाद यात्रियों ने खुद को ठीक बताया, जिसके बाद ट्रेन को करीब 7 बजे आगे रवाना कर दिया गया. आरपीएफ के मुताबिक गोरखपुर में उपचार की व्यवस्था नहीं हो पाने के कारण ट्रेन को सिग्नल मिलने के बाद आगे बढ़ाया गया था.

इसे भी पढ़ें- कानपुर में ओवैसी का अखिलेश पर हमला, बोले- उनके CM रहते कितने दंगे हुए?

पत्थर फेंकने वालों की तलाश में जुटी RPF

आरपीएफ निरीक्षक अनिरुद्ध राय के अनुसार, कुसमी जंगल के पास ट्रेन पर पथराव की सूचना मिली थी. आरपीएफ ने घटना की जानकारी जुटाने और पत्थर फेंकने वालों की पहचान करने की कार्रवाई शुरू कर दी है. घटना के बाद चलती ट्रेनों की सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं.