Bihar Today Weather: बिहार में पिछले चार दिनों से जारी बारिश का दौर अब धीरे-धीरे कमजोर पड़ने लगा है। बंगाल की खाड़ी में बने मौसमी सिस्टम के असर से राज्य के कई हिस्सों में झमाझम बारिश हुई। लगातार बारिश से लंबे समय से सूखे चल रहे मौसम को कुछ राहत जरूर मिली, लेकिन यह राहत ज्यादा दिनों तक रहने की संभावना नहीं है।
मौसम विभाग के अनुसार, रविवार से बारिश की गतिविधियों में कमी आ सकती है। अगले दो दिनों में अधिकतम तापमान में 4 से 6 डिग्री तक बढ़ोतरी होने का अनुमान है। इससे बारिश थमने के बाद एक बार फिर गर्मी और उमस बढ़ सकती है।
अगले 24 घंटे कैसा रहेगा मौसम?
अगले 24 घंटे के दौरान राजधानी पटना समेत प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में बादल छाए रह सकते हैं। इस दौरान कुछ जगहों पर हल्की और छिटपुट बारिश होने की संभावना है। हालांकि, उत्तर-पश्चिम बिहार के कुछ जिलों में बारिश का असर अपेक्षाकृत ज्यादा रह सकता है। पूर्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण, सीवान, गोपालगंज और सारण में मेघ गर्जन के साथ तेज बारिश होने के आसार हैं। वहीं, पटना समेत करीब 14 जिलों में हल्की बारिश की गतिविधियां बनी रह सकती हैं।
चक्रवाती सिस्टम का असर हुआ कमजोर
मौसम विभाग के मुताबिक, बंगाल की खाड़ी से उठे कम दबाव के क्षेत्र के मजबूत होने के बाद बिहार में बड़ी मात्रा में नमी पहुंची। इसी दौरान उत्तर भारत में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से इस नमी के कारण राज्य के कई हिस्सों में बारिश हुई। पिछले तीन दिनों के दौरान कई इलाकों में तेज बारिश के साथ करीब 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं भी चलीं। अब यह मौसमी सिस्टम धीरे-धीरे कमजोर हो रहा है, जिससे बारिश की गतिविधियों में भी कमी आने की संभावना है।
पटना में बादल छाए रहने के आसार
राजधानी पटना में भी पिछले दो दिनों से बारिश का सिलसिला बना हुआ है। रविवार को पटना में बादल छाए रहने के साथ कुछ समय के लिए बारिश हो सकती है। हालांकि, फिलहाल मौसम विभाग ने जिले के लिए किसी तरह की चेतावनी जारी नहीं की है।
28 से 30 सितंबर तक बढ़ेगा तापमान
बारिश का दौर कमजोर पड़ने के साथ बिहार में तापमान फिर बढ़ने लगेगा। मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक, 28 सितंबर को अधिकतम तापमान करीब 34 डिग्री रह सकता है। वहीं, 29 और 30 सितंबर को तापमान 34 से 35 डिग्री तक पहुंचने की संभावना है। इस दौरान राज्य के कई हिस्सों में एक बार फिर गर्मी और उमस परेशान कर सकती है। मौसम विभाग के अनुसार, 30 सितंबर तक बारिश की गतिविधियां कमजोर रहने की संभावना है। इसके बाद कई जिलों में धूप निकलने के साथ मौसम धीरे-धीरे सामान्य हो सकता है।
ये भी पढ़ें- Bihar Morning News: जदयू की बैठक, कांग्रेस की PC, ज्ञानेश कुमार के खिलाफ सड़क पर विभिन्न संगठन


