Bihar Top News Today 08 august 2026: बिहार (BIHAR) में आज 08 अगस्त को क्या कुछ खास रहा? कहां कौन सी घटना घटी? किस नेता के बयान से सियासत गरमाई? अगर आप से जरूरी खबरें छूट गई हैं तो लल्लूराम डॉट कॉम (Lalluram.com) पर एक क्लिक में पढ़ सकते हैं. आइए एक नजर डालते हैं अब तक की बड़ी खबरों पर…
तेजस्वी बोले- दिल्ली से चल रही है सरकार
सासाराम। रोहतास जिले के दिनारा में चंदेश्वर चौधरी की हत्या के मामले ने तूल पकड़ लिया है। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने इस घटना को लेकर वर्तमान सरकार पर कड़ा प्रहार किया है। पटना से दिनारा के लिए रवाना होने से पहले तेजस्वी यादव ने मीडिया से बातचीत करते हुए राज्य की कानून-व्यवस्था, प्रशासनिक विफलता और आर्थिक बदहाली को लेकर कई गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि राजद इस मुश्किल समय में पीड़ित परिवार के साथ मजबूती से खड़ा है और हरसंभव मदद पहुंचाई जाएगी।
पप्पू यादव का केंद्र सरकार और BJP पर हमला
पटना। पूर्णिया के सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव ने पटना स्थित अपने आवास पर एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने केंद्र सरकार और भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि देश की मौजूदा राजनीति से जवाबदेही पूरी तरह खत्म हो चुकी है और सत्ता में बैठे लोग विपक्ष के सवालों से डरकर संसद से भाग रहे हैं। सांसद पप्पू यादव ने अपने ऊपर हुए हालिया हमले का कड़ा विरोध करते हुए कहा कि जिस व्यक्ति पर हत्या के प्रयास का गंभीर मामला दर्ज होना चाहिए था, उत्तर प्रदेश की बीजेपी सरकार द्वारा उसका भव्य स्वागत किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि अमित शाह की पुलिस की मौजूदगी में एक सांसद पर हमला करने वाले तत्वों को आज खुलेआम सम्मानित किया जा रहा है। उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि बीजेपी का चाल, चरित्र और चेहरा हमेशा से अपराधियों को संरक्षण देना रहा है, जिसके चलते कभी बलात्कारियों की रिहाई पर जश्न मनाया जाता है तो कभी हत्यारों को माला पहनाई जाती है।
सीतामढ़ी में बनेगा भव्य माता जानकी मंदिर
सीतामढ़ी। शहर स्थित पुनौराधाम में माता जानकी के भव्य मंदिर के निर्माण की दिशा में एक और बड़ा कदम उठाया गया है। लगभग 882.72 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले इस मंदिर के निर्माण कार्य को गति देने के लिए पुराने ढांचे को हटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इसी क्रम में, गर्भगृह से माता जानकी, भगवान श्रीराम और लक्ष्मण जी की पावन प्रतिमाओं को विधिवत पूजा-अर्चना के बाद अस्थायी काष्ठ मंडपम में शिफ्ट कर दिया गया है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और केंद्रीय मंत्री ललन सिंह ने पुनौराधाम पहुंचकर विशेष पूजा-अर्चना की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य 31 दिसंबर 2028 तक माता जानकी मंदिर का निर्माण कार्य हर हाल में पूरा करना है। तय समय सीमा के भीतर निर्माण पूरा होने पर प्रभु श्रीराम, माता जानकी और लक्ष्मण जी पुनः अपने मूल गर्भगृह में विराजमान हो सकेंगे। वीवीआईपी दौरे को लेकर क्षेत्र में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे और यातायात व्यवस्था में भी विशेष बदलाव किए गए थे।
दोस्तों की जान बचाते हुए छात्र की नदी में डूबने से मौत
गयाजी। रामपुर थाना क्षेत्र के गोदावरी भैरो स्थान मोहल्ले के रहने वाले 16 वर्षीय करण कुमार ने अपनी जान की परवाह किए बिना अपने तीन दोस्तों की डूबने से जान बचा ली, लेकिन खुद फल्गु नदी के पानी में झाड़ियों में फंसने के कारण वह जिंदगी की जंग हार गया। आठवीं कक्षा का छात्र करण नगर निगम के सफाईकर्मी कारू मांझी का बेटा था। शुक्रवार सुबह करीब साढ़े दस बजे करण अपने तीन दोस्तों के साथ फल्गु रबर डैम घूमने गया था। सभी दोस्त नदी के पानी में नहा रहे थे, तभी अचानक वे गहरे पानी में चले गए और एक-एक कर डूबने लगे। अपने साथियों को मौत के मुंह में जाता देख करण ने बिना एक पल गंवाए नदी में छलांग लगा दी। उसने अपनी पूरी ताकत झोंककर तीनों दोस्तों को तो सुरक्षित पानी से बाहर खींच लिया, लेकिन इस दौरान वह खुद गहरे पानी में नीचे मौजूद झाड़ियों में उलझ गया और बाहर नहीं निकल पाया।
प्रेमी के साथ मिलकर रची पति की हत्या की साजिश
भागलपुर। जिले में एक पत्नी ने अपने अवैध प्रेम प्रसंग के चलते पति को रास्ते से हटाने के लिए खौफनाक साजिश रची। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मृतक की पत्नी समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है जबकि मुख्य प्रेमी अभी भी फरार चल रहा है। बीती 6 अगस्त को नवगछिया थाने में कमलेश्वरी मिस्त्री ने एक सनसनीखेज आवेदन दर्ज कराया था। उन्होंने पुलिस को बताया कि उनका बेटा उमेश शर्मा अपनी पत्नी अनिता देवी के साथ नवगछिया बाजार डॉक्टर के पास गया था लेकिन इसके बाद वे वापस नहीं लौटे।
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए नवगछिया पुलिस अधीक्षक के सख्त निर्देश पर एक विशेष अनुसंधान टीम का गठन किया गया। पुलिस ने तकनीकी सर्विलांस और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर ताबड़तोड़ कार्रवाई शुरू की।
नालंदा में दिनदहाड़े ताबड़तोड़ फायरिंग
नालंदा। जिले में कानून-व्यवस्था को ठेंगा दिखाते हुए बेखौफ बदमाशों ने दिनदहाड़े गोलीबारी और लूटपाट की घटना को अंजाम दिया। यह मामला दीपनगर थाना क्षेत्र के बेरौटी गांव का है जहां पुरानी रंजिश के चलते एक युवक को मौत के घाट उतारने की पूरी कोशिश की गई। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है और लोग अपने घरों में सहमे हुए हैं। पीड़ित कन्हैया कुमार द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक, यह घटना शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे की है। कन्हैया अपने घर से किसी जरूरी काम के लिए बिहारशरीफ जाने वास्ते निकले थे। लेकिन उन्हें क्या पता था कि रास्ते में मौत उनका इंतजार कर रही है। जैसे ही वह घर से कुछ ही दूर पहुंचे, पहले से घात लगाकर बैठे हथियारबंद बदमाशों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। अचानक हुई इस गोलीबारी से वहां अफरा-तफरी मच गई।
पति ने की 65 वर्षीय पत्नी की हत्या
नालंदा। जिले के राजगीर थाना क्षेत्र अंतर्गत माली टोला में एक 70 वर्षीय बुजुर्ग पति ने अपनी ही 65 वर्षीय पत्नी की धारदार चाकू से गला रेतकर बेरहमी से हत्या कर दी। मृतका की पहचान बच्ची देवी के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी पति गिन्नी मालाकार को हिरासत में ले लिया है और मामले की गहनता से छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस पूछताछ के दौरान आरोपी गिन्नी मालाकार ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। उसने सफाई देते हुए बताया कि वह पिछले पांच साल से अपने परिवार से अलग रह रहा था। आरोपी का आरोप है कि उसका परिवार उसे लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहा था और उस पर उसकी भाभी के साथ अवैध संबंधों के झूठे आरोप लगाए जाते थे।
घटना वाले दिन सुबह जब वह चापाकल पर पानी भर रहा था, तब उसकी पत्नी ने जानबूझकर पानी गिरा दिया। विरोध करने पर उसका बेटा मौके पर पहुंचा और उसकी पिटाई कर दी। आरोपी का कहना है कि मारपीट के दौरान पत्नी ने बीच-बचाव नहीं किया, जिससे गुस्से में आकर उसने इस वारदात को अंजाम दिया।
डीपीओ पर ईओयू का शिकंजा
सहरसा। जिले में तैनात जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (डीपीओ) अजीत अमर इन दिनों भ्रष्टाचार के गंभीर मामलों को लेकर सुर्खियों में हैं। आर्थिक अपराध इकाई (EOU) की टीमों ने भ्रष्टाचार और आय से अधिक संपत्ति (DA) के मामले में अजीत अमर के विभिन्न ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी की। महज साढ़े चार साल की छोटी सी नौकरी के दौरान उन्होंने अपनी वैध सैलरी से कई गुना अधिक यानी करीब 5 करोड़ रुपए की अकूत चल और अचल संपत्ति बना ली। इस पूरी कार्रवाई ने प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मचा दिया है।
BJP विधायक पर हमले का षड्यंत्र
भोजपुर। जिले के शाहपुर विधानसभा क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक राकेश रंजन ओझा की हत्या की कथित साजिश का एक मामला सामने आया है। इस घटना के बाद से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। विधायक की शिकायत पर करनामेपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है जिसमें भागलपुर विशेष केंद्रीय कारा के जेल अधीक्षक सहित चार लोगों को नामजद किया गया है। पुलिस अब इस गंभीर मामले के हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है।
AISA अध्यक्ष पर स्याही कांड को लेकर रोहिणी आचार्य बोली
पटना। हाल ही में ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (AISA) की राष्ट्रीय अध्यक्ष नेहा बोरा पर हुए स्याही फेंकने के मामले ने राजनीतिक और सामाजिक गलियारों में हलचल मचा दी है। इस घटना की कड़ी निंदा करते हुए राष्ट्रीय जनता दल (RJD) की प्रमुख नेत्री रोहिणी आचार्य ने सोशल मीडिया के माध्यम से तीखी प्रतिक्रिया दी है। रोहिणी ने स्पष्ट शब्दों में कहा है कि नेहा पर किया गया यह हमला महज़ एक युवा नेत्री पर व्यक्तिगत आघात नहीं है, बल्कि यह देश के उन तमाम नौजवानों और छात्रों के देशव्यापी संघर्ष व आंदोलन पर सुनियोजित हमला है जो अपनी हक और हुकूक की लड़ाई मजबूती से लड़ रहे हैं। रोहिणी आचार्य ने अपने बयान में इस बात पर विशेष जोर दिया कि किसी के चेहरे पर स्याही फेंकना विरोध दर्ज कराने का लोकतांत्रिक या वैधानिक तरीका कतई नहीं हो सकता। यह सीधे तौर पर देश के जागरूक छात्रों एवं युवाओं को डराने, धमकाने और उन्हें अपमानित करने का एक बेहद अलोकतांत्रिक और घृणित तरीका है। मौजूदा दौर में संवाद, चर्चा और समस्याओं के तार्किक समाधान की संस्कृति को दरकिनार कर प्रतिशोध की भावना को प्राथमिकता दी जा रही है, जो भारतीय लोकतंत्र के स्वास्थ्य के लिए बेहद चिंताजनक संकेत है।


