Bihar Top News Today 12 oct 2026: बिहार (BIHAR) में आज 12 अक्टूबर को क्या कुछ खास रहा? कहां कौन सी घटना घटी? किस नेता के बयान से सियासत गरमाई? अगर आप से जरूरी खबरें छूट गई हैं तो लल्लूराम डॉट कॉम (Lalluram.com) पर एक क्लिक में पढ़ सकते हैं. आइए एक नजर डालते हैं अब तक की बड़ी खबरों पर…
कोसी स्नातक सीट पर कांग्रेस-राजद आमने-सामने
जमुई। बिहार की राजनीति में एक बार फिर महागठबंधन के भीतर सब कुछ ठीक न होने के संकेत मिलने लगे हैं। एनडीए को घेरने और आपसी एकता के लाख दावों के बीच, कोसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के आगामी चुनाव ने कांग्रेस और राष्ट्रीय जनता दल के बीच की खींचतान को सबके सामने ला दिया है। इस सियासी उठापटक की शुरुआत तब हुई जब दोनों दलों ने एक ही सीट पर अपने-अपने उम्मीदवार उतारने का फैसला किया, जिससे गठबंधन के भीतर समन्वय को लेकर बड़े सवाल खड़े हो गए हैं।
सुपौल में लाखों की डकैती
सुपौल। करजाईन थाना क्षेत्र अंतर्गत वार्ड संख्या 09 में सोमवार को बेखौफ अपराधियों ने सतेंद्र सिंह के घर को निशाना बनाते हुए एक बड़ी डकैती की वारदात को अंजाम दिया। इस सनसनीखेज घटना के बाद से पूरे इलाके में दहशत और खौफ का माहौल बना हुआ है। रातों-रात हुई इस बड़ी लूटपाट ने स्थानीय ग्रामीणों के बीच सुरक्षा व्यवस्था पर कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। इस एक घंटे के खौफनाक तांडव के दौरान अपराधियों ने घर में रखे भारी मात्रा में नकद रुपए और कीमती सोने-चांदी के गहनों को अपने कब्जे में ले लिया। परिजनों के मुताबिक, लुटेरे करीब 60 से 65 लाख रुपये मूल्य की चल संपत्ति आसानी से बटोर कर रफूचक्कर हो गए। घटना को अंजाम देने के बाद सभी अपराधी मौके से सुरक्षित फरार होने में कामयाब रहे, जिससे ग्रामीणों में आक्रोश है।
खौलते तेल में धकेलने से झुलसे मजदूर की आठ दिन बाद मौत
नालंदा। ईंट-भट्ठे पर मजदूरी करने वाले एक युवक को अपनी मेहनत के पैसे मांगना इस कदर भारी पड़ा कि उसे अपनी जान से हाथ धोना पड़ गया। मजदूरी के मामूली विवाद को लेकर एक युवक को कथित तौर पर खौलते हुए तेल की कड़ाही में धकेल दिया गया, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गया था। करीब आठ दिनों तक जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ने के बाद आखिरकार सोमवार को उसकी इलाज के दौरान दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान दरुआरा बेलदारी पर गांव के रहने वाले बालगोविंद चौहान के 30 वर्षीय बेटे कामों चौहान के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, कामों कुछ दिन पहले ही बाहर से ईंट-भट्ठे पर मजदूरी करके अपने घर लौटा था। नूरसराय थाना क्षेत्र के कोंदी गांव के रहने वाले दिलीप और राजा नाम के चाचा-भतीजे उसे हलवाई के काम में हाथ बंटाने के लिए दरुआरा बथानी पर आयोजित एक ब्रह्मभोज में अपने साथ ले गए थे।
पति के बाद पत्नी ने भी लगाई फांसी
मोतिहारी। बिहार के पूर्वी चंपारण जिले के हरसिद्धि थाना क्षेत्र में लव मैरिज करने वाले एक युवा जोड़े की जिंदगी का बेहद दुखद अंत हो गया। प्रेम विवाह के महज एक साल बाद ही आपसी विवाद और मानसिक तनाव के कारण पति-पत्नी दोनों ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतकों की पहचान परवेज आलम और सोनी खातून के रूप में हुई है। स्थानीय लोगों के अनुसार, परवेज और सोनी के बीच काफी समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था। वे अक्सर छिप-छिपकर मिला करते थे। जब दोनों ने शादी करने का फैसला किया, तो उनके परिवारों ने इसका कड़ा विरोध किया। परिजनों के बीच काफी विवाद भी हुआ, लेकिन आखिरकार एक साल पहले दोनों ने परिवार की मर्जी के बिना शादी कर ली और अलग रहने लगे।
नाती ने नानी को चाकू से गोदकर उतारा मौत के घाट
गोपालगंज। कटेया थाना क्षेत्र के बनरहां गांव में रविवार की देर रात नाती ने अपनी ही 85 वर्षीय सगी नानी की चाकू से गोदकर बेरहमी से हत्या कर दी। इस वारदात के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और लोगों में भारी दहशत का माहौल है। मृतक बुजुर्ग महिला की पहचान कोईलासी खातून के रूप में हुई है। वहीं, हत्या का सीधा आरोप उनके 21 वर्षीय नाती साहेब हुसैन पर लगा है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत हरकत में आ गई और भारी मशक्कत के बाद आरोपी नाती को दबोच लिया। सोमवार को मौके पर पहुंची फॉरेंसिक साइंस लैब यानी एफएसएल की टीम ने घटनास्थल का बारीकी से मुआयना किया और वहां से अहम साक्ष्य जुटाए।
सड़कों पर उतरीं बीजेपी महिला कार्यकर्ता
मोतिहारी। दिल्ली के जंतर-मंतर पर महिला पुलिसकर्मियों के साथ राहुल गांधी द्वारा किए गए कथित दुर्व्यवहार और जेएनयू में महिला विद्यार्थियों के साथ कांग्रेस सांसद अंगोमचा बिमोल द्वारा की गई यौन उत्पीड़न की घटना के विरोध में पूर्वी चंपारण के मोतिहारी में भाजपा महिला मोर्चा ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी और कांग्रेस पार्टी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और बैनर-पोस्टर हाथों में लेकर अपना आक्रोश व्यक्त किया। धरना-प्रदर्शन में शामिल महिला कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि कांग्रेस पार्टी के शीर्ष नेता और उनके जनप्रतिनिधि महिलाओं का सम्मान करना पूरी तरह भूल चुके हैं। एक तरफ जहां राहुल गांधी देश की रक्षा में तैनात महिला पुलिसकर्मियों के साथ अभद्रता करते हैं, वहीं दूसरी तरफ उनकी पार्टी के सांसद शिक्षण संस्थानों में पढ़ने वाली महिला छात्राओं के यौन उत्पीड़न जैसी गंभीर घटनाओं में लिप्त हैं। कार्यकर्ताओं ने स्पष्ट कहा कि ऐसी देश-विरोधी और महिला-विरोधी मानसिकता के खिलाफ भाजपा की तमाम महिला कार्यकर्ता चुप नहीं बैठेंगी और महिलाओं के मान-सम्मान के लिए सड़क से लेकर संसद तक संघर्ष करेंगी।
भाई वीरेंद्र बोले- सद्दाम हुसैन से भी बुरा होगा हाल
पटना। इंडिया गठबंधन के नेताओं के द्वारा आज दिल्ली में वोट चोरी और ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन और पटना में कल वोट चोरी और ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन पर राष्ट्रीय जनता दल ने बड़ी प्रतिक्रिया दी है।
राष्ट्रीय जनता दल के वरिष्ठ नेता और विधायक भाई वीरेंद्र ने कहा कि जिस तरीके से घर से, होटल से लोगों को उठाया जा रहा है। यह स्थिति आपातकाल से भी बुरी स्थिति है। आपातकाल में भी इस तरह की हालत नहीं हुई थी। भाई वीरेंद्र ने कहा कि, इस सरकार को समझ में नहीं आ रहा कि यह सरकार क्या करने जा रही है। लेकिन इस देश की जनता और इस देश का युवा इस सरकार को कान पड़कर हटाएगी और इस सरकार की स्थिति सद्दाम हुसैन से भी बुरी होने वाली है।
गोली लगने से होमगार्ड जवान की मौत
भोजपुर जिले में आपराधिक घटनाओं ने एक बार फिर कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। एक दिन पहले दिनदहाड़े युवक की हत्या की घटना की जांच में जुटी पुलिस के सामने रविवार की देर रात एक और बड़ी घटना सामने आ गई। संदेश थाना परिसर के अंदर गोली लगने से एक होमगार्ड जवान की मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया, वहीं थाना परिसर में अफरातफरी का माहौल कायम हो गया।
मृत होमगार्ड जवान की पहचान 25 वर्षीय मोनल राय के रूप में हुई है। वह भोजपुर जिले के सहार थाना क्षेत्र के गुलजारपुर गांव निवासी प्रेम शंकर राय के पुत्र थे। उनकी तैनाती संदेश थाने में थी।
नेपाल में भूस्खलन के बाद बिहार में बाढ़ का अलर्ट
Bihar News: नेपाल में भूस्खलन के बाद अचानक आई बाढ़ को देखते हुए बिहार में सतर्कता बढ़ा दी गई है। नेपाल के गोरखा जिले के चुमनुब्री क्षेत्र में रविवार (11 अक्टूबर 2026) की सुबह भूस्खलन के कारण बूढ़ी गंडक नदी का प्रवाह बाधित हो गया। इससे नदी में अचानक पानी बढ़ने और बाढ़ की स्थिति पैदा हो गई है। हालांकि बिहार जल संसाधन विभाग द्वारा पूरे घटनाक्रम पर नजर रखा जा रहा है। विभाग के अनुसार, भूस्खलन वाली जगह भारत-नेपाल सीमा से करीब 180 से 210 किलोमीटर दूर है। नेपाल में नदी का प्रवाह अचानक बढ़ने से आसपास की बस्तियां प्रभावित हुई हैं। वहां के अधिकारियों ने बूढ़ी गंडक के किनारे और निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। साथ ही, लोगों से सुरक्षित स्थानों पर जाने और नदी के तट से दूर रहने की अपील की गई है।
27 ASP-DSP अधिकारियों का तबादला
Bihar Police Transfer: बिहार सरकार ने कानून व्यवस्था को सुद्दढ़ बनाए रखने के लिए बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है। प्रदेश में कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए सरकार और पुलिस मुख्यालय ने यह बड़ा कदम उठाया है। कई जिलों के अपर पुलिस अधीक्षक (ASP) और पुलिस उपाधीक्षक (DSP) स्तर के 27 अधिकारियों की ट्रांसफर व पोस्टिंग की गई है, जिससे प्रशासनिक महकमे में हलचल मच गई है। पुलिस मुख्यालय की ओर से जारी किए गए निर्देश में इंस्पेक्टर, सब-इंस्पेक्टर और एएसआई स्तर के दर्जनों अधिकारियों को नई जगहों पर पोस्टिंग दी गई है। त्योहारी सीजन और सुरक्षा व्यवस्था के लिहाज से इस प्रशासनिक फेरबदल को काफी अहम माना जा रहा है। ट्रांसफर व पोस्टिंग के साथ ही सभी अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से नई जिम्मेदारी संभालने को भी कहा गया है, जिससे कामकाज में किसी प्रकार की कोई रुकावट न आए।

