Bihar Top News Today 13 oct 2026: बिहार (BIHAR) में आज 13 अक्टूबर को क्या कुछ खास रहा? कहां कौन सी घटना घटी? किस नेता के बयान से सियासत गरमाई? अगर आप से जरूरी खबरें छूट गई हैं तो लल्लूराम डॉट कॉम (Lalluram.com) पर एक क्लिक में पढ़ सकते हैं. आइए एक नजर डालते हैं अब तक की बड़ी खबरों पर…
जमीन माफिया के घर रेड, 27 लाख मिले कैश
मोतिहारी। बिहार के मोतिहारी (पूर्वी चंपारण) में कुख्यात अपराधियों और भू-माफियाओं के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में एसपी स्वर्ण प्रभात के नेतृत्व में पुलिस ने छतौनी थाना क्षेत्र के बरियारपुर स्थित एक भू-माफिया के घर पर छापेमारी की है। इस दौरान पुलिस ने भारी मात्रा में नकदी, हथियार, कारतूस और जमीन से जुड़े दस्तावेज बरामद किए हैं। वहीं, मौके से भू-माफिया राकेश शर्मा के बेटे साहिल शर्मा को गिरफ्तार किया गया है। छापेमारी के दौरान पुलिस ने 2 राइफल, 2 पिस्टल, करीब 100 कारतूस, 6 ब्रांडेड शराब की बोतलें, 65 से अधिक जमीन की रजिस्ट्री डीड के कागजात जिनका मूल्य 15 करोड़ से अधिक बताया जा रहा है और 27 लाख रुपये नकद बरामद किए हैं। पुलिस सूत्रों के अनुसार राकेश शर्मा लंबे समय से जमीन के अवैध कारोबार में सक्रिय था। उस पर जमीन पर कब्जा, फर्जी रजिस्ट्री और लोगों को धमकाने के कई मामले दर्ज हैं। पुलिस उसकी गतिविधियों पर लंबे समय से नजर रख रही थी।
ऑटो पर पलटा ट्रक तीन की मौत
पटना। मंगूपुर-नौबतपुर मुख्य मार्ग पर बालू से लदा एक अनियंत्रित ट्रक अचानक सवारी ऑटो पर पलट गया। इस भीषण दुर्घटना में ऑटो सीधे पास की नहर में जा गिरा, जिससे उसमें सवार ऑटो चालक और एक 15 वर्षीय नाबालिग छात्रा की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और सड़क के दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
तेजप्रताप ने एक्ट्रेस स्वरा के छुए पैर
पटना। तेजप्रताप यादव पिछले कुछ दिनों से एक रियलिटी शो को लेकर काफी चर्चा में बने हुए हैं। हाल ही में उन्होंने अपने निजी कारणों और कोर्ट से जुड़े मामलों के चलते इस शो को बीच में ही अलविदा कह दिया है। शो छोड़ने से पहले सभी कंटेस्टेंट्स के साथ उनका एक भावुक पल देखने को मिला, जहां उन्होंने अभिनेत्री स्वरा भास्कर के पैर छूकर आशीर्वाद लिया और अपने इस छोटे पर दमदार सफर को खत्म किया।
SIR के खिलाफ छात्रों का प्रदर्शन
पटना। मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार और SIR प्रक्रिया के खिलाफ आइसा (AISA) और वाम दल से जुड़े कई अन्य छात्र संगठन के लोगों ने आज पटना में लोक भवन मार्च निकाला है। संगठन से जुड़े भारी संख्या में छात्र गांधी मैदान के पास एकत्र हुए ‘वोट चोर-गद्दी छोड़’ और ‘ज्ञानू को भेजो जेल’ जैसे नारे लगाते हुए लोकभवन की ओर मार्च कर रहे हैं। प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए पुलिस ने जेपी गोलंबर के पास बैरिकेडिंग की थी, लेकिन छात्र बैरिकेडिंग तोड़कर डाकबंगला की ओर बढ़ गए।
पेट में डीजल जाने से गया के अग्निवीर शहीद
गया। जिले के बांकेबाजार प्रखंड स्थित जमुआराखुर्द गांव के रहने वाले 22 वर्षीय अग्निवीर सुभाष कुमार चौधरी जैसलमेर में ड्यूटी के दौरान एक दुर्घटना का शिकार होकर शहीद हो गए। साल 2023 में भारतीय सेना में अग्निवीर के रूप में भर्ती हुए सुभाष की तैनाती राजस्थान के जैसलमेर में थी। इस अचानक हुई दुर्घटना से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।अजमेर के अस्पताल में करीब एक हफ्ते तक चले संघर्ष के बाद सोमवार को इलाज के दौरान अग्निवीर सुभाष कुमार ने अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर मिलते ही उनके पैतृक गांव और परिवार में कोहराम मच गया। गया चौधरी और मनवा देवी के बेटे सुभाष के इस तरह चले जाने से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
नीट छात्रा मौत केस में 6 नवंबर को सुनवाई
पटना के शंभू गर्ल्स हॉस्टल में 6 जनवरी 2025 को एक नीट छात्रा के बेहोश मिलने और इलाज के दौरान उसकी मौत के मामले में नया मोड़ आ गया है। मंगलवार को इस मामले की सुनवाई पॉक्सो कोर्ट में हुई, जहां सीबीआई की क्लोजर रिपोर्ट पर अदालत ने कड़ी नाराजगी जताई। सीबीआई ने अपनी क्लोजर रिपोर्ट में कहा है कि आरोपियों के खिलाफ मुकदमा चलाने लायक पर्याप्त सबूत नहीं मिले हैं। इस पर वकील ने कहा कि आत्महत्या का जो तर्क दिया गया है, वह तथ्यों के आधार पर बिल्कुल स्पष्ट नहीं है। जो भी आरोप लगाए गए थे, उनकी ठीक से जांच नहीं की गई है। इससे पहले इस मामले में लापरवाही बरतने वाले चित्रगुप्त नगर की तत्कालीन एसएचओ रोशनी कुमारी और कदमकुआं के पदाधिकारी हेमंत झा को सस्पेंड भी किया गया था, हालांकि बाद में उनका निलंबन खत्म हो गया था।
अब इस पूरे मामले में अगली सुनवाई आगामी 6 नवंबर को होगी, जिस पर सबकी निगाहें टिकी हैं।
चलती ट्रेन की खिड़की से मोबाइल चोर को लटकाया
भागलपुर। शिवनारायणपुर स्टेशन पर चलती ट्रेन से मोबाइल झपटने की कोशिश करने वाले एक शख्स को यात्रियों ने खिड़की से पकड़ लिया। यह घटना रेल यात्रियों की सुरक्षा और ऐसी स्थितियों में उत्पन्न होने वाले खतरों पर एक बड़ा सवाल खड़ा करती है। वायरल वीडियो में साफ दिख रहा है कि कैसे चोर अपनी हरकत की वजह से लंबी दूरी तक घिसटता रहा। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद रेलवे स्टेशनों और चलती ट्रेनों पर यात्रियों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर से बहस छिड़ गई है। ऐसे झपटमार दिन-प्रतिदिन यात्रियों के लिए बड़ा खतरा बनते जा रहे हैं। इनके अचानक हमले से यात्रियों को न सिर्फ आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है, बल्कि उनकी जान पर भी बन आती है।
चुनावी मैदान में उतरे निशांत कुमार
Bihar MLC Elections: बिहार विधान परिषद चुनाव को लेकर बिहार एनडीए ने प्रचार अभियान तेज कर दिया है। जदयू नेता संजय झा और बिहार सरकार में स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार समेत घटक दल के कई नेता आज मंगलवार से एनडीए उम्मीदवार के लिए मैदान में उतर गए हैं। निशांत कुमार पटना स्नातक सीट से नीरज कुमार और पटना शिक्षक सीट से भाजपा उम्मीदवार नवल किशोर यादव के पक्ष में चुनाव प्रचार कर लोगों से उनके पक्ष में वोट करने और उन्हें जिताने की अपील करेंगे। निशांत कुमार ने मीडिया से बातचीत में कहा कि, मैं नवादा और बिहारशरीफ जा रहा हूं। नीरज कुमार और नवल किशोर के पक्ष में जनता से वोट देने की अपील करेंगे कि आप उन्हें अपना बहुमूल्य वोट दें और उन्हें भारी मतों से विजयी बनाएं। इस दौरान निशांत ने सभी 8 सीटों पर एनडीए की जीत का दावा किया। उन्होंने कहा कि, एनडीए मिलकर चुनाव लड़ रहा है और गठबंधन को सभी सीटों पर जीत मिलने की उम्मीद है।
बेकाबू कंटेनर ने साला-बहनोई को रौंदा
पटना के अगमकुआं थाना क्षेत्र में मंगलवार को एक सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। तेज रफ्तार और अनियंत्रित कंटेनर ने बाइक को सीधी टक्कर मारते हुए दोनों को कुचल दिया। हादसा इतना भयावह था कि दोनों युवकों ने घटनास्थल पर ही तड़पकर दम तोड़ दिया। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए शवों को कब्जे में लिया और नालंदा मेडिकल कॉलेज अस्पताल (NMCH) पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।
सफाईकर्मियों का प्रदर्शन
सहरसा। टीचर ट्रेनिंग कॉलेज में कार्यरत सफाईकर्मियों के सामने इस बार त्योहार की खुशियों पर मायूसी छा गई है। पिछले तीन महीनों से मानदेय का भुगतान नहीं होने से नाराज मजदूरों ने कॉलेज परिसर में प्रदर्शन किया। मजदूरों का आरोप है कि दशहरा का बड़ा त्योहार सिर पर है, लेकिन तीन महीने से एक पैसा नहीं मिलने के कारण उनके घरों में चूल्हा जलना मुश्किल हो गया है। बच्चों की जरूरतों और त्योहार के खर्चों को पूरा करना उनके लिए असंभव साबित हो रहा है।

