Bihar Top News Today 19 july 2026: बिहार (BIHAR) में आज 19 जुलाई को क्या कुछ खास रहा? कहां कौन सी घटना घटी? किस नेता के बयान से सियासत गरमाई? अगर आप से जरूरी खबरें छूट गई हैं तो लल्लूराम डॉट कॉम (Lalluram.com) पर एक क्लिक में पढ़ सकते हैं. आइए एक नजर डालते हैं अब तक की बड़ी खबरों पर…
बिजली गिरने से तीन की मौत
छपरा। सारण जिले के कोपा थाना क्षेत्र में शनिवार को धान की बुवाई के दौरान आकाशीय बिजली ने भारी तबाही मचाई। अलग-अलग गांवों में हुई तीन घटनाओं में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से झुलस गया, जिसका इलाज जारी है। लगातार हो रही बारिश और वज्रपात की घटनाओं से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। पहली घटना सम्हौता गांव की है, जहां धान की बुवाई कर रहे 14 वर्षीय रोहित कुमार, पिता चंद्रदीप प्रसाद, पर अचानक आकाशीय बिजली गिर गई। हादसे में रोहित की मौके पर ही मौत हो गई। वह अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र बताया जा रहा है। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। दूसरी घटना कोपा उत्तर टोला की है, जहां धान की बुवाई के दौरान 35 वर्षीय ओमप्रकाश मांझी पर आकाशीय बिजली गिर गई। उनकी भी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। घटना के बाद ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई। मौके पर गिरिधर सोनी, समाजसेवी हरिन्द्र कुमार और नीरज ठाकुर सहित कई ग्रामीण मौजूद रहे। वहीं तीसरी घटना टड़वा गांव में हुई, जहां धान की बुवाई करवा रहे अवधेश सिंह पर आकाशीय बिजली का तेज झटका लगा। परिजनों और ग्रामीणों की मदद से उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
सड़क हादसे में पत्नी की मौत-पति गंभीर
भागलपुर। जिले में रफ्तार का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। रविवार को सुल्तानगंज-देवघर मुख्य मार्ग पर शिवनंदनपुर मदारिया पावर हाउस के समीप एक भीषण सड़क हादसा हुआ, जिसमें एक नवविवाहिता की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उसका पति गंभीर रूप से घायल है। घटना के बाद से क्षेत्र में मातम पसरा है। मृतका की पहचान मुंगेर जिले के मिर्जापुर बरदह निवासी 20 वर्षीय रोशनी देवी के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, रोशनी और उसके पति बांका जिले के शंभूगंज स्थित चुटिया बेलारी गांव से बाइक पर सवार होकर मुंगेर की ओर जा रहे थे। अभी वे सुल्तानगंज के शिवनंदनपुर मदारिया पावर हाउस के पास ही पहुंचे थे कि तेज रफ्तार एक अनियंत्रित हाईवा ट्रक ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि रोशनी की मौके पर ही मौत हो गई।
राजद ने भाजपा की रणनीति को बताया फेल
पटना। आगामी विधानसभा चुनावों के मद्देनजर बिहार की राजधानी पटना की बांकीपुर विधानसभा सीट पर सियासी सरगर्मी अपने चरम पर है। इसी बीच, राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के वरिष्ठ प्रवक्ता शक्ति सिंह यादव ने एक जोरदार बयान देकर विपक्षी खेमे में हलचल मचा दी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस बार बांकीपुर की जनता बदलाव का मन बना चुकी है और राजद का साथ देने के लिए पूरी तरह तैयार है। शक्ति सिंह यादव ने भाजपा पर सीधा प्रहार करते हुए कहा कि बांकीपुर की जनता अब जाग चुकी है। उन्होंने उन नेताओं को आड़े हाथों लिया जो जातिगत समीकरणों के भरोसे अपनी जीत सुनिश्चित मान रहे हैं। यादव ने कहा जो लोग यह दावा करते हैं कि ब्राह्मण, कायस्थ और अन्य समुदाय पूरी तरह उनके साथ हैं, इस बार उनकी आंखें खुल जाएंगी। बांकीपुर की जनता किसी की बंधुआ या गुलाम नहीं है कि वह हमेशा एक ही दिशा में वोट करेगी। उन्होंने आगे कहा कि जनता अब विकास और जन-मुद्दों पर वोट करने का मन बना चुकी है।
किराना दुकान से 3 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद
पटना। राजधानी पटना के बिहटा थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए किराना दुकान की आड़ में चल रहे अवैध शराब के धंधे का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर एक दुकानदार को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से 3 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद की गई है। यह मामला इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है। बिहटा थाना पुलिस को शनिवार देर रात एक गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी कि महम्मदपुर बाजार स्थित एक किराना दुकान के भीतर शराब की तस्करी और बिक्री की जा रही है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस की टीम ने तुरंत जाल बिछाया और देर रात दुकान पर धावा बोल दिया। छापेमारी के दौरान दुकान के अंदर से एक झोले में छिपाकर रखी गई 3 लीटर अंग्रेजी शराब (पाउच) बरामद की गई। पुलिस ने तत्काल मौके से दुकानदार विमलेश शर्मा को गिरफ्तार कर लिया।
पुराने विवाद में ताबड़तोड़ गोलियां, 6 घायल, मुखिया समेत 11 हिरासत में
मनेर। राजधानी पटना के मनेर स्थित छिहत्तर गांव में रविवार की सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब दो गुटों के बीच पुरानी रंजिश को लेकर जमकर मारपीट और गोलीबारी हुई। इस हिंसक झड़प में 6 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिनमें से दो को गोली लगी है। घटना की भयावहता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि ग्रामीणों के अनुसार मौके पर 10 राउंड से अधिक गोलियां चलीं। मिली जानकारी के अनुसार इस विवाद की जड़ करीब एक महीना पहले लड़की से छेड़खानी को लेकर हुई एक घटना में है। उस समय पीड़ित पक्ष ने मनेर थाने में मामला दर्ज कराया था जिसके बाद आरोपी पक्ष ने दानापुर न्यायालय का दरवाजा खटखटाया था। पुलिस ने उस वक्त दोनों पक्षों से बॉन्ड भरवाकर मामले को शांत कराने का प्रयास किया था।
रविवार को इसी पुराने विवाद की पृष्ठभूमि में चितरंजन राय और राजू राय के बीच बहस शुरू हुई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों गुटों के 12 से अधिक लोग आमने-सामने आ गए। हालांकि, ये दोनों मुख्य पक्ष छेड़खानी मामले से सीधे तौर पर नहीं जुड़े थे, लेकिन इलाके में ‘दबंगई’ साबित करने और स्थानीय पंचायत राजनीति में अपना वर्चस्व कायम रखने के चक्कर में यह खूनी संघर्ष हुआ।
मोकामा में उत्तराधिकारी का ऐलान
मोकामा। बिहार की राजनीति में छोटे सरकार के नाम से मशहूर मोकामा के बाहुबली नेता अनंत सिंह ने आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर एक बड़ा ऐलान कर दिया है। लंबे समय से कयास लगाए जा रहे थे कि जेल से बाहर आने के बाद अनंत सिंह का अगला कदम क्या होगा लेकिन अब उन्होंने स्पष्ट कर दिया है कि वे खुद चुनावी मैदान में नहीं उतरेंगे। उनकी जगह अब उनके बड़े बेटे अभिषेक सिंह मोकामा की राजनीतिक विरासत को संभालेंगे।
बाढ़ अनुमंडल के घोसवरी प्रखंड सभागार में आयोजित जदयू कार्यकर्ता सम्मान समारोह के दौरान अनंत सिंह ने अपने बेटे अभिषेक को मंच पर पेश करते हुए यह घोषणा की। अनंत सिंह ने कहा कि अब समय आ गया है कि नई पीढ़ी मोकामा की कमान संभाले। हालांकि उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि वे जनता से पूरी तरह दूर नहीं होंगे और जब भी क्षेत्र की जनता को उनकी जरूरत होगी वे हमेशा उपलब्ध रहेंगे। समस्याओं को लेकर उन्होंने कहा कि विकास एक निरंतर चलने वाली प्रक्रिया है और मोकामा के मुद्दों पर काम जारी रहेगा।
खेसारी ने की पीके की तारीफ
पटना। बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव की सरगर्मियों के बीच भोजपुरी सुपरस्टार खेसारी लाल यादव ने राजनीति को लेकर अपनी बेबाक राय रखी है। पटना एयरपोर्ट पर मीडिया से मुखातिब होते हुए खेसारी ने जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर (पीके) की जमकर तारीफ की और राज्य में एक नई राजनीतिक सोच की आवश्यकता पर जोर दिया। खेसारी लाल यादव ने प्रशांत किशोर के काम करने के तरीके और उनकी दूरदर्शिता को सराहा। उन्होंने कहा कि आज के दौर में बिहार को प्रशांत किशोर जैसे विजन वाले नेताओं की सख्त जरूरत है। उन्होंने मतदाताओं से अपील की कि वे किसी के प्रभाव या प्रचार के बहकावे में न आएं, बल्कि उम्मीदवार की योग्यता, उसकी कार्यक्षमता और समाज के प्रति उसके विजन को परख कर ही अपने मताधिकार का प्रयोग करें।
झोला लेकर वापस लौटेंगे प्रशांत किशोर
पटना। बांकीपुर उपचुनाव के लिए मतदान होने में अब कम दिन ही शेष बचे हैं। ऐसे में सभी राजनीतिक दल अपने-अपने प्रत्याशियों की जीत के लिए जी जान से प्रचार-प्रसार में जुट गए हैं। उपचुनाव को लेकर दावों का भी दौर लगातार जारी है। एक तरफ, जहां प्रशांत किशोर अपनी जीत का दावा कर रहे हैं। वहीं, राजद और बीजेपी के नेता अपनी-अपनी जीत का दावा कर रहे हैं। अनामिका पासवान ने कहा कि, प्रशांत किशोर झोला लेकर आए हैं और झोला देकर जनता उन्हें वापस भेजेगी। उन्होंने कहा कि, मैदान में राजद तो है ही नहीं। उनके नेता (तेजस्वी यादव) देश से बाहर घूम रहे हैं, उन्हें चुनाव से कोई मतलब ही नहीं है। इसीलिए जनता भी उनसे मतलब नहीं रखेगी। उन्होंने कहा कि, जनता का आशीर्वाद इस बार भी एनडीए उम्मीदवार को ही मिलेगा जनता ने ये तय कर लिया है।
40 यात्रियों से भरी नाव बागमती नदी में पलटी
सीतामढ़ी। जिले से एक बड़ी खबर सामने आई है, जहां रुन्नीसैदपुर प्रखंड क्षेत्र के बागमती नदी स्थित खड़का घाट पर आज रविवार (19 जुलाई) को एक बड़ा नाव हादसा होते-होते टल गया। दरअसल यात्रियों से भरी एक नाव अचानक नदी में पलट गई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। मिली जानकारी के अनुसार, नाव पर क्षमता से अधिक करीब 40 यात्रियों के सवार होने के कारण नाव बीच नदी में असंतुलित होकर पलट गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों और मौजूद ग्रामीणों की मदद से सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
बिहार विधानमंडल का मानसून सत्र कल से
पटना। बिहार विधानमंडल का मानसून सत्र कल सोमवार 20 जुलाई से शुरू हो रहा है, जो 24 जुलाई तक चलेगा। पांच दिनों तक चलने वाले इस सत्र को लेकर लगभग सभी तैयारियां पूरी कर ली गई है। 20 जुलाई से शुरू होने वाला इस बार का मानसून सत्र कई मायनों में खास होने वाला है। क्योंकि पिछले 21 सालों में यह पहला मौका होगा, जब विधानमंडल की कार्यवाही के दौरान नीतीश कुमार सदन में मौजूद नहीं रहेंगे।
मानसून सत्र के लिए जिला नियंत्रण कक्ष बनाया गया है। साथ ही डॉग स्क्वायड टीम के द्वारा पूरे विधान मंडल परिसर का जांच एवं निरीक्षण किया गया है।


