Bihar Top News Today 26 September 2026: बिहार (BIHAR) में आज 26 सितम्बर को क्या कुछ खास रहा? कहां कौन सी घटना घटी? किस नेता के बयान से सियासत गरमाई? अगर आप से जरूरी खबरें छूट गई हैं तो लल्लूराम डॉट कॉम (Lalluram.com) पर एक क्लिक में पढ़ सकते हैं. आइए एक नजर डालते हैं अब तक की बड़ी खबरों पर…
SI ने की थाने में शराबी युवक की जमकर पिटाई
मोतिहारी। बिहार में पुलिस व्यवस्था को जनता के अनुकूल यानी पीपुल फ्रेंडली बनाने के लिए सरकार द्वारा करोड़ों रुपये खर्च किए जा रहे हैं। इसके बावजूद खाकी का एक ऐसा क्रूर और अमानवीय चेहरा सामने आया है, जो प्रशासनिक दावों की पोल खोल रहा है। पूर्वी चंपारण (मोतिहारी) जिले के चिरैया थाना परिसर से पुलिस की दबंगई का एक सनसनीखेज मामला आया है। मिली जानकारी के अनुसार, चिरैया थाने में तैनात अपर थानाध्यक्ष सह सब-इंस्पेक्टर (SI) मधुकर कुमार पर एक व्यक्ति के साथ बर्बर मारपीट करने का गंभीर आरोप लगा है। सोशल मीडिया और स्थानीय स्तर पर वायरल हो रही तस्वीरों व वीडियो में साफ तौर पर देखा जा सकता है कि कैसे एसआई मधुकर कुमार थाना परिसर के भीतर ही एक युवक पर लाठियां बरसा रहे हैं।
स्मार्ट क्लास में जातिसूचक भोजपुरी गानों पर थिरके छात्र
रोहतास। एक सरकारी स्कूल के स्मार्ट क्लास में अनुशासन की सारी हदें पार कर दी गईं। ढेडगांव स्थित जगदयाल सिंह प्लस टू उच्च विद्यालय के स्मार्ट क्लास का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में स्कूली छात्र भोजपुरी के जातिसूचक गानों पर जमकर डांस करते नजर आ रहे हैं। इस गंभीर लापरवाही और अनुशासनहीनता के मामले में प्रशासन ने तुरंत कड़ा रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए रोहतास के जिलाधिकारी (DM) दीपक कुमार मिश्रा ने पूरे मामले की तुरंत जांच के आदेश दिए थे। जांच के दौरान वीडियो में लिप्त पाए गए अनुशासनहीनता करने वाले कुल 14 छात्रों की पहचान कर ली गई है। इन सभी चिन्हित छात्रों पर अनुशासनात्मक कार्रवाई करते हुए उन्हें विद्यालय से निष्कासित कर दिया गया है। प्रशासन का यह कदम अन्य छात्रों के बीच एक कड़ा संदेश देने के लिए उठाया गया है ताकि भविष्य में ऐसी गतिविधियों की पुनरावृत्ति न हो।
श्यामनंदन यादव होंगे जनसुराज के नए प्रत्याशी
पटना। बिहार की राजनीति में इन दिनों जनसुराज पार्टी की गतिविधियां लगातार सुर्खियों में बनी हुई हैं। इसी बीच, आगामी एमएलसी चुनावों को लेकर पार्टी को एक बड़ा झटका लगा है। तिरहुत शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से जनसुराज द्वारा घोषित उम्मीदवार भूषण झा ने महज कुछ ही घंटों के भीतर अपना टिकट वापस कर दिया। पार्टी के इस फैसले और अंदरूनी कामकाज पर सवाल उठाते हुए उन्होंने अब निर्दलीय चुनाव लड़ने का ऐलान किया है। इस घटनाक्रम के तुरंत बाद पार्टी ने तुरंत कदम उठाते हुए श्यामनंदन यादव को इस सीट से अपना नया उम्मीदवार घोषित कर दिया है
ज्ञानेश कुमार के खिलाफ अलग-अलग जगहों पर प्रदर्शन
पटना। जिले में सड़कों पर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ जमकर विरोध प्रदर्शन किया गया। यह प्रदर्शन मुख्य रूप से भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी-लेनिनवादी) यानी भाकपा माले और ऑल इंडिया स्टूडेंट यूनियन (AISF) के बैनर तले आयोजित किया गया था। इस विरोध प्रदर्शन में वाम दलों के कई प्रमुख नेता, कार्यकर्ता और छात्र बड़ी संख्या में शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने चुनाव आयोग और केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता और निष्पक्षता पर गंभीर सवाल उठाए।
समस्तीपुर- लड़की से बदसलूकी, 3 आरोपियों के घर चले बुलडोजर
समस्तीपुर। जिले के कर्पूरीग्राम थाना क्षेत्र में एक नाबालिग किशोरी के साथ सरेराह बदसलूकी और छेड़खानी का मामला सामने आने के बाद जिला प्रशासन ने एक्शन लिया है। इस गंभीर घटना के मुख्य आरोपियों के खिलाफ प्रशासन का बुलडोजर गरजा है, जबकि आरोपियों के माफी मांगते हुए वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं। घटना के बाद हरकत में आए प्रशासन ने तुरंत कार्रवाई करते हुए तीन प्रमुख आरोपियों राहुल पासवान, रामबाबू सहनी और अवधेश पासवान के मकानों पर बुलडोजर चलाकर अतिक्रमण पूरी तरह से हटा दिया। प्रशासन के अनुसार, इन सभी के मकान अवैध रूप से सरकारी जमीन पर कब्जा करके बनाए गए थे। इसके साथ ही, आरोपी अवधेश पासवान की जन वितरण प्रणाली (PDS) की दुकान का लाइसेंस भी सदर एसडीओ द्वारा तत्काल प्रभाव से रद्द कर दिया गया है।
पटना PMCH में जूनियर डॉक्टरों की हड़ताल
पटना मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (PMCH) के जूनियर डॉक्टर एसोसिएशन (JDA) ने सुरक्षा, वेतन और अन्य प्रमुख मांगों को लेकर आज से अगले आदेश तक ओपीडी (OPD) सेवाओं को पूरी तरह बंद रखने का बड़ा ऐलान किया है। डॉक्टरों के इस आंदोलन से अस्पताल की ओपीडी व्यवस्था पर असर पड़ा है, हालांकि राहत की बात यह है कि गंभीर मरीजों के लिए आपातकालीन सेवाएं जारी रखी गई हैं। JDA ने हाल ही में अस्पतालों में डॉक्टरों के साथ हुई हिंसा की घटनाओं पर गहरी नाराजगी जताई है। संगठन ने पीएमसीएच और डीएमसीएच में डॉक्टरों पर हुए हमलों के मामलों में तुरंत सख्त कानूनी कार्रवाई करने, संस्थागत एफआईआर दर्ज करने और अस्पताल परिसरों में सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता करने की मांग की है। जेडीए अध्यक्ष सत्यम कुमार का कहना है कि राज्य में चिकित्सकों की सुरक्षा एक बेहद गंभीर मुद्दा है, जिस पर स्वास्थ्य विभाग को बिना किसी देरी के गंभीरता से विचार करना चाहिए ताकि डॉक्टर भयमुक्त होकर मरीजों का इलाज कर सकें।
युवक पर पेट्रोल छिड़क कर जलाने की कोशिश
पटना। पटना सिटी के चौक थाना क्षेत्र स्थित पूर्व दरवाजा मोड़ (कैमाशिकोह) पर कर्ज के रुपये के लेन-देन को लेकर दो पक्षों में विवाद इतना बढ़ गया कि एक युवक पर पेट्रोल डालकर उसे जिंदा जलाने की कोशिश की गई। इस दर्दनाक घटना में मुख्य पीड़ित के साथ-साथ एक अन्य राहगीर भी गंभीर रूप से झुलस गया। फिलहाल दोनों घायलों का इलाज पटना के नालंदा मेडिकल कॉलेज अस्पताल (NMCH) में चल रहा है, जहां उनकी स्थिति पर डॉक्टर नजर बनाए हुए हैं।
स्कॉर्पियो ने बाइक सवारों को रौंदा, एक की मौत
गोपालगंज। जिले के कुचायकोट थाना क्षेत्र अंतर्गत भठवा मोड़ के समीप शनिवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार और कथित तौर पर शराब लदी एक अनियंत्रित स्कॉर्पियो ने बाइक सवार दो युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। इस दर्दनाक हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और घायल को इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी नाजुक हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए गोरखपुर रेफर कर दिया है।मृतक की पहचान मांझा थाना क्षेत्र के भोजपुरवा गांव निवासी अनिरुद्ध प्रसाद के 30 वर्षीय पुत्र करण कुमार के रूप में की गई है। वहीं, गंभीर रूप से घायल युवक की पहचान नगर थाना क्षेत्र के पुरानी चौक निवासी वर्मा सिंह के 30 वर्षीय पुत्र विक्की कुमार के रूप में हुई है। घटना की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
DMCH के MCH वार्ड में देर रात शॉर्ट सर्किट से लगी आग
दरभंगा। मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (DMCH) के मातृ एवं शिशु अस्पताल (MCH) वार्ड में बीती रात एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। वार्ड के इलेक्ट्रिक पैनल में अचानक शॉर्ट सर्किट होने से आग लग गई, जिसके बाद अस्पताल परिसर में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि, अस्पताल प्रशासन की सूझबूझ और त्वरित कार्रवाई के कारण सभी मरीजों को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया और एक बड़ा हादसा टल गया।
डिजिटल अरेस्ट कर विधवा से 21 लाख की ठगी
मोतिहारी। जिले के डुमरियाघाट थाना क्षेत्र के रामपुर खजुरिया गांव की रहने वाली एक विधवा महिला ममता गिरी को साइबर अपराधियों ने अपना शिकार बनाया। ठगों ने उन्हें ‘डिजिटल अरेस्ट’ के नाम पर डरा-धमकाकर कुल 21 लाख रुपये की भारी-भरकम राशि ठग ली। इस वारदात के सामने आने के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और लोग हैरान हैं कि कैसे शातिर अपराधी अब ग्रामीण इलाकों तक अपनी जड़ें फैला चुके हैं। शुरुआती जानकारी के अनुसार, इस पूरी ठगी की पटकथा सोशल मीडिया के माध्यम से लिखी गई। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर महिला की पहचान अरविंद गिरी नामक एक युवक से हुई थी। युवक ने महिला का विश्वास जीतने के लिए उसे नौकरी दिलाने और एक नया घर बनवाने का लालच दिया। मीठी-मीठी बातों और झांसों में आकर महिला धीरे-धीरे उसके जाल में फंसती चली गई। ठगों ने योजनाबद्ध तरीके से महिला को अपने नियंत्रण में लेना शुरू कर दिया और यहीं से उनके बुरे दिनों की शुरुआत हुई।


