Bihar Top News Today 31 oct 2026: बिहार (BIHAR) में आज 31 अक्टूबर को क्या कुछ खास रहा? कहां कौन सी घटना घटी? किस नेता के बयान से सियासत गरमाई? अगर आप से जरूरी खबरें छूट गई हैं तो लल्लूराम डॉट कॉम (Lalluram.com) पर एक क्लिक में पढ़ सकते हैं. आइए एक नजर डालते हैं अब तक की बड़ी खबरों पर…
निर्दलीय चुनाव जीतने वाले दो MLC बीजेपी में शामिल
पटना। बिहार विधान परिषद (MLC) चुनाव के परिणाम आने के बाद तिरहुत स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से लगातार दो बार निर्दलीय जीत दर्ज करने वाले बंशीधर ब्रजवासी और सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से निर्दलीय जीतने वाले राहुल राज ने शनिवार को औपचारिक रूप से भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) की सदस्यता ग्रहण कर ली। यह जॉइनिंग बिहार बीजेपी के प्रदेश प्रभारी की मौजूदगी में संपन्न हुई, जिसके संकेत दोनों नेताओं ने चुनाव परिणाम आने के बाद ही दे दिए थे।
शादी से एक महीने पहले युवती ने लगाई फांसी
समस्तीपुर। जिले के विभूतिपुर थाना क्षेत्र के केराय गांव में शादी से ठीक एक महीने पहले 24 वर्षीय युवती ने अपने घर के कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और परिवार में कोहराम मचा हुआ है। मृतका के भाई ने उसके होने वाले पति पर दहेज के लिए लगातार प्रताड़ित करने का गंभीर आरोप लगाया है।
ट्रक ने साइकिल सवार को कुचला, क्रेन से निकाला गया शव
गयाजी। जिले के बाराचट्टी थाना क्षेत्र के NH-19 पर तेतरिया के पास एक तेज रफ्तार ट्रक ने साइकिल सवार एक अधेड़ को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयानक थी कि साइकिल सवार संभल नहीं सका और सीधे ट्रक के पहियों के नीचे आ गया। इस भीषण हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद से इलाके में सनसनी फैल गई है और पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।
चलती ट्रेन में फिसला छात्रा का पैर, RPF जवान ने बचाई जान
गया। जंक्शन पर एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। कॉलेज से घर लौट रही एक छात्रा चलती ट्रेन में जल्दबाजी के चक्कर में अपनी जान जोखिम में डाल बैठी। यदि मौके पर रेलवे सुरक्षा बल (RPF) का एक सतर्क जवान मुस्तैद न होता, तो यह लापरवाही एक भीषण दुर्घटना में बदल सकती थी। यह पूरी घटना प्लेटफॉर्म पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जो चलती ट्रेनों में यात्रियों की जल्दबाजी और उसकी भयावहता को साफ तौर पर बयां करती है।
भाई बनकर रह रहे प्रेमी का मिला शव
बेगूसराय। जिले के रतनपुर थाना क्षेत्र के पिपरा वार्ड नंबर 16 में किराए के मकान में लिव-इन में रह रहे प्रेमी अमृत शर्मा (24) की संदिग्ध परिस्थितियों में लाश मिली। मृत युवक भगवानपुर थाना क्षेत्र के महेशपुर गांव का रहने वाला था, जबकि उसकी प्रेमिका अर्चना नीमा चांदपुर की रहने वाली है।
जानकारी के मुताबिक, अर्चना ने करीब एक महीने पहले पिपरा में रीना देवी के मकान में कमरा किराए पर लिया था। उसने मकान मालकिन को बताया था कि उसके साथ उसका भाई भी रहेगा। इसके करीब 15 दिन बाद अमृत भी वहां आकर रहने लगा। मकान मालकिन को शक न हो, इसके लिए दोनों ने अपने आधार कार्ड की फोटोकॉपी दी थी, जिस पर एक ही पिता का नाम और पता दर्ज था। जब मकान मालकिन ने उनके रिश्ते पर सवाल उठाया, तो उन्होंने एक व्यक्ति से फोन पर बात कराई जिसने दोनों को अपने बच्चे बताकर तस्दीक की थी।
इंजीनियरिंग कॉलेज में बवाल, चले लाठी-डंडे
मोतिहारी। बिहार के पूर्वी चंपारण जिला मुख्यालय स्थित मोतिहारी इंजीनियर महाविद्यालय में सीनियर और जूनियर छात्रों के बीच वर्चस्व और मामूली बात को लेकर उपजा विवाद इतना बढ़ गया कि पूरा कॉलेज परिसर कुछ ही पलों में रणक्षेत्र में तब्दील हो गया। दोनों पक्षों के बीच जमकर ईंट-पत्थर चले और लाठी-डंडों से मारपीट हुई, जिससे शैक्षणिक माहौल पूरी तरह अशांत हो गया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया और भारी संख्या में पुलिस बल को मौके पर रवाना किया गया।
सिपाही भर्ती पेपर लीक मामले में ईडी ने 5 संपत्तियां जब्त की
पटना। बिहार पुलिस सिपाही भर्ती परीक्षा-2023 के बहुचर्चित पेपर लीक मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने शिकंजा कसते हुए बड़ी कार्रवाई की है। ईडी के पटना जोनल कार्यालय ने मनी लॉन्ड्रिंग रोकथाम अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए 2.01 करोड़ रुपए मूल्य की पांच अचल संपत्तियों को अस्थायी रूप से कुर्क (जब्त) किया है। यह संपत्तियां ‘एनसी प्रिंट प्राइवेट लिमिटेड’ के नाम पर दर्ज थीं, जिनका वास्तविक नियंत्रण कौशिक कुमार कर के पास था। जांच एजेंसियों के अनुसार, इस पूरे मामले में कई चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं, जिससे यह साफ होता है कि सुनियोजित तरीके से सरकारी ठेके हासिल किए गए और अवैध रकम को ठिकाने लगाया गया।
13 जिलों में चक्रवाती तूफान अर्नब का असर
पटना। बिहार में चक्रवात अर्नब के प्रभाव से बारिश का दौर लगातार जारी है। खराब मौसम के कारण राज्य के सामान्य जनजीवन के साथ-साथ कृषि क्षेत्र को भी गहरा आघात पहुंचा है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान राज्य के 13 जिलों में मूसलाधार बारिश, वज्रपात (आकाशीय बिजली) और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की तेज रफ्तार से हवाएं चलने की चेतावनी जारी की है। हालांकि, राहत की बात यह है कि इस चक्रवात का असर अब धीरे-धीरे कमजोर पड़ने लगा है।
लगातार चुनाव हारने का वर्ल्ड रिकॉर्ड बना रहे हैं राहुल: संजय जायसवाल
गयाजी। भारतीय जनता पार्टी (BJP) के वरिष्ठ नेता और पश्चिम चंपारण से सांसद संजय जायसवाल ने एक प्रेस वार्ता के दौरान कांग्रेस पार्टी और राहुल गांधी पर हमला बोला है। उन्होंने राहुल गांधी को बीजेपी का स्टार प्रचारक करार देते हुए कहा कि जब से उन्होंने पार्टी की कमान संभाली है, तब से वे चुनाव हारने का विश्व रिकॉर्ड बना रहे हैं। जिन राज्यों में अभी भी कांग्रेस की सरकार बची हुई है, वहां भी वे अपनी सीटें सुरक्षित रखने में पूरी तरह विफल साबित हो रहे हैं।
नीरज ने ललन सिंह की तारीफ
पटना। जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के मुख्य प्रवक्ता नीरज कुमार ने पार्टी के प्रमुख नेताओं और रणनीतियों को लेकर महत्वपूर्ण बयान दिया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि निशांत कुमार जदयू के स्व सम्मानित नेता हैं। जिस तरह सम्राट चौधरी और निशांत कुमार की जोड़ी ने बिहार के हालिया एमएलसी चुनावों में अभूतपूर्व प्रदर्शन करते हुए शानदार सफलता हासिल की, उसी तर्ज पर अब निशांत कुमार का उत्तर प्रदेश दौरा होने जा रहा है।
मुख्य प्रवक्ता ने कहा कि निशांत कुमार के यूपी दौरे से पार्टी और एनडीए गठबंधन दोनों को व्यापक रणनीतिक लाभ पहुंचेगा। यूपी में गठबंधन के स्वरूप और इसके दूरगामी प्रभावों पर राष्ट्रीय स्तर के शीर्ष नेतृत्व के बीच जल्द ही विस्तृत चर्चा की जाएगी। इससे आने वाले समय में एनडीए गठबंधन की स्थिति और अधिक मजबूत होगी। वरिष्ठ नेता ललन सिंह से जुड़े सवाल पर नीरज कुमार ने साफ किया कि ललन सिंह पार्टी के एक बेहद वरिष्ठ और सम्मानित नेता हैं, इस सच्चाई को कोई नकार नहीं सकता। तात्कालिक राजनीतिक विषयों पर भले ही कुछ मतभेद उभरे हों, लेकिन पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व ने इसे पूरी गंभीरता से लिया है। चुनाव में पार्टी ने अपनी साख और जनसमर्थन को सफलतापूर्वक बचा कर रखा है।

