सिद्धार्थ शरद, वैशाली। Vaishali Boat Accident: बिहार के हाजीपुर (वैशाली) में कल मंगलवार (13 अक्टूबर) की देर शाम गंगा नदी में एक नाव पलटने से बड़ा हादसा हो गया। इस घटना में 13 लोगों की डूबने से मौत हो गई। हादसे के समय नाव पर 35 से 40 लोग सवार थे। मिली जानकारी के अनुसार सभी लोग नाव पर सवार होकर भोज (तेरहवीं) खाने जा रहे थे। इस दौरान नदी में नाव पलटने से यह हादसा हो गया।
रात 8;30 बजे की घटना
बताया जा रहा है कि यह घटना रात करीब 8 बजकर 35 मिनट की है। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और ग्रामीणों के बीच चीख-पुकार का माहौल बन गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, रामपुर श्यामचंद गांव से कुछ लोग मृत्यु भोज में शामिल होने के लिए नहर पार कर जा रहे थे। इसी दौरान करीब 30 से 35 लोगों से भरी एक छोटी नाव बीच नहर में डूब गई। नाव डूबने के बाद उसमें सवार लोगों के बीच हड़कंप मच गया। स्थानीय लोग तत्काल बचाव कार्य में जुट गए और पानी में डूबे लोगों की तलाश शुरू की।
मृतकों में बच्चे और युवा शामिल
स्थानीय स्तर पर मिली शुरुआती सूचना के मुताबिक, हादसे में करीब 13 शव निकाले जाने की बात कही जा रही है। वहीं, कुछ लोगों के घायल होने की भी सूचना है। हादसे का शिकार होने वालों में कम उम्र के बच्चों और युवाओं के शामिल होने की बात भी सामने आ रही है। घटना के बाद स्थानीय लोगों द्वारा अपने स्तर पर बचाव और तलाशी अभियान चलाए जाने की जानकारी सामने आई है। हादसे ने इलाके में शोक का माहौल पैदा कर दिया है। परिजनों की चिंता बढ़ गई है और लोग अपनों की तलाश में जुटे हैं।
प्रशासनिक व्यवस्था पर उठे सवाल
इस दर्दनाक हादसे के बाद क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और प्रशासनिक तैयारियों को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। राघोपुर जैसे नदी और नहरों से घिरे इलाके में लोगों के सुरक्षित आवागमन के लिए पर्याप्त व्यवस्था की जरूरत लंबे समय से महत्वपूर्ण रही है। ऐसे में सवाल उठता है कि नाव के परिचालन, यात्रियों की सुरक्षा और आपातकालीन बचाव व्यवस्था को लेकर क्या इंतजाम किए गए थे।
यदि नावों के परिचालन पर रोक लागू थी, तो लोगों के नाव से नहर पार करने की परिस्थितियों की जांच होनी चाहिए। साथ ही, हादसे के बाद बचाव कार्य में किसी प्रकार की देरी या लापरवाही हुई है या नहीं, इसकी भी जांच आवश्यक है।
ये भी पढ़ें- गोपालगंज में गैस सिलेंडर ब्लास्ट होने से 24 लोग झुलसे, कई की हालत गंभीर

