कुंदन कुमार, पटना। बिहार विधानसभा में विश्वास मत पर चर्चा के दौरान मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव को जमकर आड़े हाथ लिया। सम्राट चौधरी ने तेजस्वी यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि, अगर व्यक्तिगत हमला कीजिएगा तो उसका जवाब भी मिलेगा।

‘तो नेता नहीं बनते लालू यादव’

सीएम सम्राट ने कहा कि, लालू जी बड़े नेता हैं, लेकिन सरकार बनाने के लिए सबसे पहले आरएसएस के मुख्यालय वही गए थे।इसलिए कहता हूं कि नीतीश कुमार नहीं रहते तो लालू जी नेता ही नहीं बनते। नीतीश कुमार ने उन्हें विरोधी दल का नेता बनाया फिर मुख्यमंत्री बनाया।

‘जो अपनी बहन का ध्यान नहीं रख पाया…’

इस दौरान सीएम सम्राट चौधरी ने तेजस्वी यादव पर तंज कसते हुए कहा कि, जो अपनी बहन का ध्यान नहीं रख पाया। वह क्या बोलेगा? गौरतलब है कि विधानसभा चुनाव में मिली करारी हार के बाद लालू यादव की बेटी और तेजस्वी की बहन रोहिणी आचार्य आधी रात को राबड़ी आवास से रोते हुए बाहर निकली थी। इस दौरान मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने राबड़ी आवास में अपने साथ मारपीट होने के साथ-साथ कई गंभीर आरोप लगाया था, जिसे लेकर सम्राट चौधरी ने तंज कसा है।

सम्राट सरकार ने हासिल किया विश्वास मत

चर्चा के दौरान सम्राट सरकार ने नारी शक्ति वंदन विधेयक के लोकसभा में पास नहीं होने पर विधानसभा में विपक्ष के प्रति निंदा प्रस्ताव रखा। एनडीए सरकार की ओर से विजय चौधरी के तरफ से प्रस्ताव रखा गया। बहुमत के साथ निंदा प्रस्ताव पास हुआ। विपक्ष ने सदन का बहिष्कार किया। इसके साथ ही सम्राट चौधरी ने विश्वास मत जीता और विधानसभा अध्यक्ष ने इसकी घोषणा की।

ये भी पढ़ें- Bihar Vidhansabha Session: विपक्ष पर खूब भड़के सम्राट चौधरी, बताया किसकी वजह से बने मुख्यमंत्री