पटना। बिहार में भीषण गर्मी के बीच मौसम ने अचानक करवट ले ली है। राज्य के 33 जिलों में आज आंधी, बारिश और बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने 14 जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट और 18 जिलों में यलो अलर्ट घोषित किया है। वहीं बाकी जिलों में मौसम सामान्य रहने की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग के मुताबिक, बारिश और तेज हवा के असर से तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है। हालांकि लोगों को उमस से अभी राहत मिलने की उम्मीद कम है। बीते कई दिनों से बिहार के अधिकांश हिस्सों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार बना हुआ है। पिछले 24 घंटे में कैमूर (भभुआ) सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 42.7 डिग्री दर्ज किया गया। इसके अलावा डेहरी में 41.2 और छपरा में 40.6 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया।

जानें किस कारण से बदल रहा मौसम

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी और पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से बिहार के मौसम में यह बदलाव देखने को मिल रहा है। तेज गर्मी के कारण वातावरण में अस्थिरता बढ़ गई है, जिससे तेजी से बादल बन रहे हैं। यही वजह है कि दिन में कड़ी धूप और गर्मी के बाद शाम होते-होते तेज आंधी और बारिश का माहौल बन रहा है।

मौसम विभाग ने दी सलाह

मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। विभाग ने सलाह दी है कि आंधी और बिजली गिरने के दौरान लोग खुले मैदान, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहें। किसानों को भी खेतों में काम करते समय सावधानी बरतने को कहा गया है। खराब मौसम के दौरान घरों में सुरक्षित रहने की सलाह दी गई है।

जानें पटना का कैसा रहेगा मौसम

राजधानी में भी आज मौसम बदला हुआ रहेगा। दिनभर बादल छाए रहने और कई इलाकों में हल्की बारिश या बूंदाबांदी की संभावना है। साथ ही 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। मौसम विभाग के अनुसार, अगले तीन से चार दिनों तक बिहार में बारिश, तेज हवा और मेघ गर्जन का सिलसिला जारी रह सकता है।