पटना। बिहार में पिछले तीन दिनों से मौसम का मिजाज बदला हुआ है। प्रदेश के कई हिस्सों में लगातार बारिश हो रही है। मौसम विज्ञान केंद्र ने शनिवार को 19 जिलों में बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान कुछ इलाकों में तेज हवा और गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। पटना में भी दिनभर बादल छाए रहने और रुक-रुककर बारिश होने का अनुमान है। शनिवार सुबह पटना के कुछ इलाकों में तेज बारिश हुई, जबकि समस्तीपुर में हल्की बारिश दर्ज की गई।

जानें कहां कहां हुई बारिश

बीते 24 घंटे में सीतामढ़ी, खगड़िया, मधुबनी, पश्चिम चंपारण, पटना, समस्तीपुर, बेगूसराय, छपरा, नालंदा और बांका समेत कई जिलों में बारिश हुई। सबसे ज्यादा 144 मिमी बारिश सीतामढ़ी के ढेंगब्रिज में दर्ज की गई। इसके बाद खगड़िया के बलतारा में 116.2 मिमी, झंझारपुर में 110.6 मिमी, बगहा में 98.2 मिमी और खगड़िया में 97 मिमी बारिश हुई।

बारिश से हादसे, तीन की मौत

लगातार बारिश के बीच खगड़िया के बेलदौर प्रखंड में कच्चे मकान की दीवार गिरने से 10 वर्षीय शिवम कुमार की मौत हो गई। वहीं, नेपाल में लगातार बारिश के बाद अररिया की बलुआही धार का जलस्तर अचानक बढ़ गया। मानिकपुर पंचायत में पानी में डूबने से दो महिलाओं की मौत की जानकारी सामने आई है।

फ्लाइट कोलकाता डायवर्ट

पटना में तेज बारिश का असर विमान सेवा पर भी पड़ा। खराब मौसम के कारण दिल्ली से पटना आने वाली एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट पटना एयरपोर्ट पर लैंड नहीं कर सकी। इसके बाद विमान को कोलकाता डायवर्ट किया गया।

खतरे के निशान से ऊपर नदी

नेपाल में हो रही बारिश का असर बिहार की नदियों पर भी दिखाई दे रहा है। कोसी और बागमती नदी का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर है, जबकि गंडक नदी का जलस्तर भी लगातार बढ़ रहा है। इससे नदी किनारे के इलाकों में निगरानी बढ़ाई गई है।

दो मौसम प्रणालियों से बारिश

मौसम में बदलाव के पीछे वातावरण में बनी नमी के साथ सक्रिय मौसम प्रणालियों का प्रभाव बताया जा रहा है। इनके कारण राज्य के अलग-अलग हिस्सों में बादल बन रहे हैं और बारिश के साथ गरज-चमक की गतिविधियां जारी हैं। मौसम विभाग ने 26 सितंबर को भी बिहार के कई हिस्सों में भारी बारिश की संभावना जताई है।

पटना की जानें स्थिति

पटना में शुक्रवार शाम 5:30 बजे तक 39.8 मिमी बारिश दर्ज की गई। बारिश के कारण अधिकतम तापमान 27.3 डिग्री रहा, जो सामान्य से 4.7 डिग्री कम है। शनिवार को पटना में अधिकतम तापमान करीब 28 और न्यूनतम 24 डिग्री रहने का अनुमान है।