बीजापुर। जिले के ईटपाल तेंदूपत्ता गोदाम में हुए बहुचर्चित अग्निकांड मामले में वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो वनरक्षकों को निलंबित कर दिया है। बीजापुर वनमंडलाधिकारी (DFO) द्वारा जारी आदेश के तहत वनरक्षक सुनील बूरका और कामेश्वर एक्का को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है।

गौरतलब है कि बीते 25 मई को बीजापुर जिला मुख्यालय से लगे ग्राम ईटपाल स्थित तेंदूपत्ता गोदाम में भीषण आग लग गई थी। आगजनी की इस घटना में गोदाम में संग्रहित करीब 25 हजार मानक बोरा तेंदूपत्ता जलकर राख हो गया था। विभागीय आकलन के अनुसार इस नुकसान की अनुमानित लागत करीब 10 करोड़ रुपये बताई गई है।

लापरवाही के आरोपों के बीच हुई कार्रवाई
प्रारंभिक जांच में विभागीय लापरवाही की बात सामने आने के बाद राज्य सरकार ने मामले को गंभीरता से लिया था। घटना के बाद तत्कालीन बीजापुर वनमंडलाधिकारी रमेश कुमार जांगड़े के खिलाफ भी कार्रवाई करते हुए उन्हें रायपुर अटैच कर दिया गया था।
जानकारी के मुताबिक गोदाम की निगरानी, सुरक्षा और रखरखाव के लिए विभाग की ओर से पूर्व में आदेश जारी किया गया था, जिसमें कई अधिकारियों और कर्मचारियों की जिम्मेदारियां तय की गई थीं। लेकिन घटना के बाद यह सवाल उठने लगे कि जिम्मेदार अधिकारी और कर्मचारी अपने दायित्वों के निर्वहन में विफल रहे।
विभागीय और पुलिस जांच जारी
वन विभाग ने मामले की विभागीय जांच शुरू कर दी है, वहीं पुलिस भी आग लगने के कारणों की अलग से जांच कर रही है। जांच में यह पता लगाया जा रहा है कि आग दुर्घटनावश लगी या इसके पीछे किसी प्रकार की लापरवाही अथवा अन्य कारण जिम्मेदार हैं।
13 अन्य जिम्मेदारों पर भी कार्रवाई की चर्चा
फिलहाल विभाग ने दो वनरक्षकों को निलंबित किया है, लेकिन विभागीय आदेश में गोदाम की निगरानी और रखरखाव से जुड़े अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों की भी जिम्मेदारियां तय थीं। ऐसे में अब निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि जांच पूरी होने के बाद शेष जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों पर विभाग किस प्रकार की कार्रवाई करता है।
ईटपाल तेंदूपत्ता गोदाम अग्निकांड को जिले के सबसे बड़े वन विभागीय नुकसान में से एक माना जा रहा है। करोड़ों रुपये की वन संपदा जलकर नष्ट होने के बाद विभाग की कार्यप्रणाली और सुरक्षा व्यवस्थाओं पर भी सवाल खड़े हो गए हैं।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

