कर्ण मिश्रा, ग्वालियर। एमपी के ग्वालियर में एक नाबालिग किशोरी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के मामले ने सनसनी फैला दी है। किशोरी का जला हुआ शव गुप्तेश्वर पहाड़ी क्षेत्र से बरामद हुआ है। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने तीन युवकों को हिरासत में लिया है। पुलिस का दावा है कि पूछताछ में गंभीर तथ्य सामने आए हैं और मामले की विस्तृत जांच जारी है। वारदात में आरोपियों ने गैंगरेप, हत्या और फिर सबूत मिटाने शव को जला दिया था।
दरअसल, भिंड जिले के मौ थाना क्षेत्र की रहने वाली किशोरी कुछ दिन पहले 28 मई को घर से लापता हो गई थी। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने गुमशुदगी और अपहरण के एंगल से जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को कुछ महत्वपूर्ण सुराग मिले, जिनके आधार पर ‘मौ’ के ही रहने वाले रामू गुर्जर नाम युवक को हिरासत में लिया गया। पूछताछ के बाद पुलिस की टीम ग्वालियर पहुंची और रामू के साथी अरुण और गौरव को भी दबोच लिया। उनके बताए जगह यानी गुप्तेश्वर पहाड़ी क्षेत्र पर तलाशी के दौरान एक जला हुआ शव बरामद किया गया।
ये भी पढ़ें: रिश्वत दिए, काम भी नहीं हुआ! समग्र आईडी में नहीं जोड़ा पत्नी का नाम, नाराज पति एंटीना टावर पर चढ़ा
पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में शव की पहचान लापता किशोरी के रूप में हुई है। मामले में तीन संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, घटनाक्रम से जुड़े कई पहलुओं की जांच की जा रही है। फोरेंसिक साक्ष्य एकत्र किए गए हैं और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और वैज्ञानिक जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढ़ें: सिवनी में कुआं धसकने से हादसा: मां-बेटी समेत तीन लोग मलबे में दबे, रेस्क्यू जारी
भिंड और ग्वालियर पुलिस संयुक्त रूप से मामले की जांच कर रही है। ऐसे में जांच पूरी होने और साक्ष्य मिलने के बाद आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य जांच रिपोर्ट आने के बाद मामले में और खुलासे होने की संभावना है।


