ODISHA DESK, भुवनेश्वर: विपक्ष नेता और बीजू जनता दल (बीजेडी) प्रमुख नवीन पटनायक ने राज्य की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। ओडिशा में कानून-व्यवस्था के पूरी तरह बिगड़ने का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि राज्य में शासन व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है और ‘गुंडाराज’ हावी है।

नवीन पटनायक ने ब्रह्मपुर के गिरी रोड पर युवा जोड़े पर हुए बेरहमी से हमले पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि इस घटना ने ओडिशा के लोगों की अंतरात्मा को झकझोर कर रख दिया है।

वहीं उन्होंने आगे कहा कि “ओडिशा आज अराजकता का एक खौफनाक मंजर देख रहा है। यह भाजपा का शासन नहीं लग रहा, बल्कि ऐसा लग रहा है जैसे चारों तरफ गुंडाराज व्याप्त है। ब्रह्मपुर के गिरी रोड पर दिनदहाड़े एक युवक और युवती को बेरहमी से पीट-पीटकर अधमरा कर देना पूरी तरह से अमानवीय है।”

उन्होंने आगे आरोप लगाया कि मौजूदा सरकार के संरक्षण में अपराधियों के हौसले बुलंद हो गए हैं। पटनायक ने सवाल उठाया, “भाजपा सरकार ने ओडिशा को अपराधियों के हवाले कर दिया है। पुलिस प्रशासन कहाँ है? कानून का शासन कहाँ है?”

नवीन पटनायक ने सरकार की प्राथमिकताओं पर सवाल खड़े करते कहा कि “भाजपा सरकार कब तक आम लोगों की सुरक्षा को खतरे में डालती रहेगी? ओडिशा को और कितनी शर्मिंदगी उठानी पड़ेगी? जनता को सुरक्षा चाहिए, खोखले भाषण नहीं।”

उन्होंने चेतावनी दी कि कानून-व्यवस्था पूरी तरह चरमरा जाने के कारण देश भर में ओडिशा की बदनामी हो रही है। पटनायक ने मांग की कि भाजपा सरकार अपराधियों को ‘शरण देना’ तुरंत बंद करे और लोगों की सुरक्षा व विश्वास को बहाल करने के लिए दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई करे।

बता दें कि कुछ दिन पहले ब्रह्मपुर के बैद्यनाथपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत गिरी रोड पर एक युवा जोड़े को कुछ युवकों की ओर से डंडों से बेरहमी से पीटे जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। सार्वजनिक स्थान पर दिनदहाड़े हुई इस मारपीट के विचलित करने वाले दृश्य ने हर किसी को स्तब्ध कर दिया है, जिसे लेकर अब राज्य में सियासी पारा गरमा गया है।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H
मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए करें क्लिक
छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें