ODISHA DESK, भुवनेश्वर: बीजू जनता दल (बीजेडी) के प्रमुख और ओडिशा विधानसभा में विपक्ष के नेता नवीन पटनायक आज एक हफ्ते के लंबे दौरे पर नई दिल्ली के लिए रवाना हो गए हैं। पूर्व मुख्यमंत्री के इस अचानक हुए 7 दिवसीय दिल्ली दौरे को लेकर ओडिशा से लेकर देश की राजधानी तक के राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया है।

बीजेडी सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, नवीन पटनायक का यह दौरा किसी राजनीतिक एजेंडे के तहत नहीं हो रहा है, बल्कि यह पूरी तरह से उनका व्यक्तिगत और पारिवारिक दौरा है। दरअसल, नवीन पटनायक मुख्य रूप से अपने बड़े भाई प्रेम पटनायक का हाल-चाल जानने और उनकी सेहत का जायजा लेने दिल्ली गए हैं। वह वहां भाई के साथ कुछ वक्त बिताएंगे और उनकी देखरेख कर रहे सीनियर डॉक्टरों से उनके इलाज को लेकर चर्चा भी कर सकते हैं।

भले ही पार्टी की ओर से इस दौरे को पूरी तरह पारिवारिक बताया जा रहा है, लेकिन देश की सियासी राजधानी में नवीन बाबू का एक हफ्ते तक रुकना कई कयासों को जन्म दे रहा है। कूटनीतिक और राजनीतिक गलियारों में इस बात की पुरजोर चर्चा है कि दिल्ली प्रवास के दौरान बीजेडी सुप्रीमो राष्ट्रीय स्तर के कुछ बड़े नेताओं और प्रमुख हस्तियों से मुलाकात कर सकते हैं।

हालांकि, उनकी किसी भी संभावित राजनीतिक बैठक या मुलाकात को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। फिलहाल सबकी नजरें नवीन पटनायक के इस दिल्ली दौरे की गतिविधियों पर टिकी हुई हैं।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m