Bikaner Panchayat Election Violence: बीकानेर जिले के छतरगढ़ क्षेत्र के केला गांव में रविवार को सरपंच चुनाव का परिणाम घोषित होने के बाद दो पक्षों के बीच तनाव बढ़ गया और पथराव शुरू हो गया। इस घटना में चुनाव ड्यूटी पर तैनात कई पुलिसकर्मी घायल हो गए। स्थिति संभालने के लिए पुलिस ने हल्का बल प्रयोग किया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 50 से अधिक लोगों को हिरासत में लिया है। गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।

जमीला ने इकबाल को 34 वोटों से हराया
केला गांव में सरपंच पद के लिए मुख्य मुकाबला जमीला और इकबाल के बीच था। देर रात मतगणना पूरी होने के बाद जमीला को विजेता घोषित किया गया। उन्होंने इकबाल को 34 वोटों से हराया। परिणाम घोषित होने के बाद दोनों पक्षों के बीच तनाव बढ़ गया। बहस के बाद मामला हिंसक झड़प और पथराव तक पहुंच गया। अचानक हुए पथराव से गांव में अफरा-तफरी मच गई।
पथराव में कई पुलिसकर्मी घायल, हल्का बल प्रयोग
घटना के दौरान छतों और सड़कों से ईंट-पत्थर फेंके गए। कानून व्यवस्था संभालने और भीड़ को तितर-बितर करने में जुटे पुलिसकर्मी भी इसकी चपेट में आ गए। शुरुआती जानकारी के अनुसार, कई पुलिसकर्मियों को चोटें आई हैं। हालात बिगड़ते देख पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर उपद्रवियों को खदेड़ा। घायल पुलिसकर्मियों को चिकित्सीय सहायता उपलब्ध कराई गई। पुलिस की कार्रवाई के बाद स्थिति को नियंत्रण में लिया गया।
वरिष्ठ अधिकारियों ने संभाला मोर्चा, 50 से अधिक लोग हिरासत में
घटना की सूचना मिलने पर उपखंड अधिकारी पवन कुमार और छतरगढ़ थानाधिकारी नवनीत सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। बीकानेर के पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा मामले की निगरानी कर रहे हैं। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बीएल मीणा और आरपीएस ममता सारस्वत भी केला गांव पहुंचे।
पुलिस ने इलाके में कार्रवाई करते हुए 50 से अधिक लोगों को हिरासत में लिया है। अधिकारियों के मुताबिक, वीडियो रिकॉर्डिंग और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अन्य लोगों की पहचान की जा रही है।
गांव में भारी पुलिस बल तैनात
घटना के बाद एहतियात के तौर पर केला गांव में भारी पुलिस जाप्ता तैनात किया गया है। पुलिस लगातार गश्त कर रही है, ताकि कानून व्यवस्था बनी रहे। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शांति भंग करने और हिंसा में शामिल लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल, गांव में स्थिति नियंत्रण में होने की जानकारी दी गई है। हालांकि, तनाव को देखते हुए पुलिस की तैनाती जारी है।
पढ़ें ये खबरें
- पटना में ‘मोदी नहीं जाएगा’ का नारा सुन भड़के खरगे, मंच से बोले- ‘मोदी का बाप भी जाएगा’
- रेत का अवैध परिवहन का विरोध करने पर कंपनीकर्मी पर जानलेवा हमला: दोनों पैरों की हड्डियां टूटीं, मुख्य आरोपी गिरफ्तार
- VIDEO : किक मारते ही बाइक में लगी आग, देखते ही देखते जलकर हो गई खाक, मौके पर मची अफरा-तफरी
- स्मृति ईरानी ने CM साय के साथ सुनी ‘मन की बात’, PM मोदी ने नारीशक्ति और वोकल फॉर लोकल पर कही बड़ी बात
- स्मृति ईरानी के छत्तीसगढ़ दौरे पर कांग्रेस का पोस्टर वार, अजय चंद्राकर ने किया पलटवार, कहा- कांग्रेस के पास कोई एजेंडा नहीं
