मयंक श्रीवास्तव, अयोध्या. बीकापुर विधानसभा क्षेत्र में बहुजन समाज पार्टी (BSP) द्वारा आयोजित विशाल ‘प्रबुद्ध संवाद कार्यक्रम’ ने सियासी हलचलों को तेज कर दिया है. पूर्व विधायक जितेंद्र सिंह बबलू द्वारा आयोजित इस सम्मेलन में बसपा के प्रदेश अध्यक्ष विश्वनाथ पाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए. वैदिक आचार्यों द्वारा किए गए भव्य शंखनाद और धार्मिक अनुष्ठान के साथ सम्मेलन की शुरुआत हुई, जिसने समूचे माहौल को भक्तिमय और ऊर्जावान बना दिया.
सम्मेलन को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष विश्वनाथ पाल ने दावा किया कि कार्यक्रम में प्रबुद्ध वर्ग और ब्राह्मण समाज के लगभग 8 से 10 हजार लोग पहुंचे. उन्होंने कहा कि जिस तरह से सर्वसमाज और खासकर प्रबुद्ध वर्ग का हुजूम उमड़ा है, वह इस बात का स्पष्ट संदेश है कि जनता पूर्व विधायक जितेंद्र सिंह बबलू को अपना पूर्ण आशीर्वाद देने पहुंची है.
इसे भी पढ़ें : अखिलेश के सामने भिड़े सपा नेता, एटा-कासगंज की पूरी इकाइयां भंग
विश्वनाथ पाल और जितेंद्र सिंह बबलू दोनों ने एक सुर में दावा किया कि उत्तर प्रदेश के 2027 के विधानसभा चुनावों में बसपा भारी बहुमत के साथ वापसी करेगी. उन्होंने कहा कि पार्टी 2007 की तर्ज पर सोशल इंजीनियरिंग के फॉर्मूले को दोहराते हुए पूर्ण बहुमत की सरकार बनाएगी और बहन मायावती एक बार फिर प्रदेश की मुख्यमंत्री बनेंगी. बबलू ने राजनीतिक गणित पर जोर देते हुए कहा कि बीकापुर और पूरे प्रदेश में सवर्ण, मुस्लिम और अनुसूचित जाति (SC) का समीकरण बेहद मजबूत स्थिति में है. इसी गोलबंदी के दम पर आगामी चुनावों में विरोधी दलों का सूपड़ा साफ होना तय है.
उम्मीदवारी पर संकेत और विरोधियों पर तीखे प्रहार
बीकापुर से टिकट के सवाल पर विश्वनाथ पाल ने कहा कि उम्मीदवारों की आधिकारिक घोषणा जल्द की जाएगी, लेकिन साथ ही उन्होंने इशारों-इशारों में संकेत दिया कि जितेंद्र सिंह बबलू पर बसपा सुप्रीमो मायावती का आशीर्वाद बना हुआ है.चंद्रशेखर आजाद पर साधा निशाना, मिल्कीपुर उपचुनाव के नतीजों और आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के प्रदर्शन का जिक्र करते हुए पाल ने चंद्रशेखर आजाद की घेराबंदी की और उनके राजनीतिक वजूद पर सवाल उठाए.’PDA’ को बताया ‘धोखा’: विपक्षी दलों के ‘PDA’ फॉर्मूले पर तंज कसते हुए बसपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि PDA का असली मतलब जनता के साथ ‘धोखा’ है. उन्होंने कहा कि सरकार में न तो बैकलॉग भर्तियां पूरी की जा रही हैं, न ठेकेदारी में आरक्षण दिया जा रहा है और न ही प्रमोशन में आरक्षण की नीति को लागू किया जा रहा है.संविधान पर बसपा की गारंटी: विश्वनाथ पाल ने जोर देकर कहा कि बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर के संविधान को अगर कोई दल पूरी ईमानदारी से लागू कर सकता है, तो वह केवल बसपा है. संविधान में दी गई हर व्यवस्था और हक को बहुजन समाज पार्टी धरातल पर उतारेगी.



