वीरेंद्र गहवई, बिलासपुर। जिले के बिल्हा थाना क्षेत्र के ग्राम डोडकी में मकान निर्माण को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। दीवार हटाकर मकान बनाने की बात को लेकर हुए विवाद में दबंगों ने पिता-पुत्र के साथ जमकर मारपीट कर दी। इस घटना का वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दो अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

narayana

पुलिस के अनुसार, ग्राम डोडकी निवासी रमेश कुमार कोसले (35 वर्ष), पिता अंजोरदास कोसले ने 13 जुलाई 2026 को बिल्हा थाने पहुंचकर घटना की शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के मुताबिक, सुबह करीब 8 बजे से 9 बजे के बीच उसके घर के पास दीवार हटाकर मकान निर्माण करने की बात को लेकर विवाद हुआ।

आरोप है कि इसी दौरान रामू यादव, रामजीवन यादव और सोहन यादव, तीनों निवासी ग्राम डोडकी, एक राय होकर रमेश कुमार कोसले और उसके पिता अंजोरदास कोसले के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। पीड़ित ने आरोप लगाया कि आरोपियों ने डंडे से हमला कर दोनों को गंभीर चोट पहुंचाई और जान से मारने की नीयत से हमला किया।

घटना की शिकायत मिलने के बाद बिल्हा पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 296, 115(2), 351(3), 109(1), 55 और 3(5) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।

पुलिस ने मामला दर्ज होते ही आरोपियों की तलाश शुरू कर दी। जांच के दौरान रामू यादव और रामजीवन यादव अपने घर से फरार मिले, जबकि तीसरे आरोपी सोहन यादव (60 वर्ष), पिता स्वर्गीय सुदर्शन यादव, निवासी डोडकी पुलिस के हाथ लग गया।

पुलिस ने सोहन यादव को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने रमेश कुमार कोसले और उसके पिता के साथ मारपीट की घटना में शामिल होना स्वीकार किया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

वहीं, फरार चल रहे अन्य दोनों आरोपियों रामू यादव और रामजीवन यादव की तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H