वीरेंद्र गहवई, बिलासपुर। शहर के तोरवा थाना क्षेत्र स्थित हेमूनगर में शनिवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। किराए के मकान में रहने वाले एक दंपति मृत अवस्था में मिले। कमरे के भीतर पति का शव फांसी के फंदे पर लटका हुआ था, जबकि पत्नी का शव खून से लथपथ हालत में पड़ा मिला। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

narayana

मृतकों की पहचान अशोक देवांगन और उनकी पत्नी धनेश्वरी देवांगन के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में महिला के गले पर कुल्हाड़ी से कई वार के निशान मिले हैं। शुरुआती जांच के आधार पर पुलिस को आशंका है कि पति ने पहले पत्नी की हत्या की और इसके बाद खुद फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। हालांकि पुलिस का कहना है कि घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विस्तृत जांच के बाद ही हो सकेगा।

जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह मोहल्ले के लोगों को घर से किसी अनहोनी की आशंका हुई। इसके बाद उन्होंने मकान मालिक और पुलिस को सूचना दी। पुलिस जब मौके पर पहुंची तो परिजनों की मौजूदगी में घर का दरवाजा तोड़ा गया। अंदर का दृश्य बेहद भयावह था। एक ओर पति का शव फंदे पर लटका हुआ था, जबकि दूसरी ओर पत्नी का शव कमरे में पड़ा मिला।

घटना के समय दंपति के दो मासूम बच्चे घर के दूसरे कमरे में बंद मिले। पुलिस ने दोनों बच्चों को सुरक्षित बाहर निकालकर उनसे पूछताछ शुरू कर दी है। माना जा रहा है कि बच्चों के बयान इस पूरे घटनाक्रम की सच्चाई सामने लाने में अहम साबित हो सकते हैं।

पुलिस जांच में सामने आया है कि मृतक अशोक देवांगन सब्जी बेचने का काम करता था। बताया जा रहा है कि वह पिछले कुछ दिनों से काम पर नहीं जा रहा था और घर पर ही रह रहा था। ऐसे में पुलिस आर्थिक तंगी, व्यवसाय में नुकसान और पारिवारिक विवाद समेत सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

फिलहाल पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और मामले की हर पहलू से जांच जारी है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक साक्ष्य और जांच पूरी होने के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों की पुष्टि की जा सकेगी।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H