Bilaspur News Update, बिलासपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर सेवा संकल्प अभियान के तहत बिलासपुर जिले में आज शाम भव्य दीप प्रज्वलन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। जिलेभर में शाम 7 बजे एक साथ करीब 10 लाख दीप जलाकर प्रधानमंत्री के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने पर आशीर्वाद एवं शुभकामनाएं प्रकट की जाएंगी।
मुख्य आयोजन बिलासपुर के पुलिस परेड ग्राउंड में होगा, जहां उपमुख्यमंत्री अरुण साव की मौजूदगी में करीब 1.25 लाख दीप प्रज्वलित किए जाएंगे। इस दौरान बड़ी संख्या में लोग कार्यक्रम में शामिल होंगे।
इसके अलावा रतनपुर में 11 हजार दीप, जबकि बेलपान और ताला में 1100-1100 दीप जलाए जाएंगे। ऐतिहासिक स्थल मल्हार भी 11 हजार दीपों की रोशनी से जगमगाएगा। इन प्रमुख स्थलों के साथ जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में भी दीप प्रज्वलन का आयोजन किया जाएगा।
सेवा संकल्प अभियान के तहत जिले की 44 चयनित ग्राम पंचायतों में भी विशेष आयोजन होगा। इन पंचायतों में शत-प्रतिशत घरों में दीप जलाने की तैयारी की गई है। इसके चलते गांवों से लेकर शहर तक शाम के समय दीपों की रोशनी का दृश्य देखने को मिलेगा।
मॉडिफाइड साइलेंसर पर यातायात पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई
बिलासपुर। शहर में तेज आवाज करने वाले मॉडिफाइड साइलेंसर के खिलाफ यातायात पुलिस ने अभियान तेज कर दिया है। यातायात पुलिस की टीम ने कार्रवाई करते हुए 28 मॉडिफाइड साइलेंसर लगी बाइक समेत कुल 31 बाइक पर कार्रवाई की है।
पुलिस ने सभी मामलों में मोटर व्हीकल एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किए हैं। इन प्रकरणों को अब न्यायालय भेजा जा रहा है। यातायात पुलिस की यह कार्रवाई शहर के अलग-अलग यातायात बीट क्षेत्रों में लगातार जारी है।
दुकानदारों और गैराज संचालकों को भी चेतावनी
यातायात पुलिस ने केवल मॉडिफाइड साइलेंसर का इस्तेमाल करने वाले वाहन चालकों पर ही नहीं, बल्कि इसे बेचने और वाहनों में असेंबलिंग करने वालों पर भी कार्रवाई की चेतावनी दी है। पुलिस अब मॉडिफाइड साइलेंसर बेचने वाली दुकानों और वाहनों में ऐसे साइलेंसर लगाने वाले गैराज संचालकों की भी जांच करेगी।
चाकू लहराकर दहशत फैलाने वाले 4 बदमाश गिरफ्तार
बिलासपुर। शहर में चाकू लहराकर लोगों के बीच दहशत फैलाने वाले बदमाशों के खिलाफ सिटी कोतवाली पुलिस ने कार्रवाई की है। पुलिस ने अलग-अलग स्थानों से चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चार धारदार चाकू बरामद किए गए हैं।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी शहर के रिवर व्यू रोड, कंसा चौक, ज्वाली नाला और अरपा नदी कच्ची रोड क्षेत्र में चाकू लहराकर लोगों को भयभीत कर रहे थे। सूचना मिलने के बाद सिटी कोतवाली पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए आरोपियों को पकड़ा।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान लक्की यादव, दीप उर्फ दीपू श्रीवास, विक्की यादव और शिवा यादव के रूप में हुई है। पुलिस ने चारों के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत कार्रवाई की है।

पानी मोटर बंद करने को लेकर दो पक्षों में विवाद
बिलासपुर। जिले के कोनी थाना क्षेत्र के लोफंदी गांव में पानी का मोटर बंद करने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया। घटना में दोनों पक्षों के कुल चार लोग घायल हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए सिम्स में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के मुताबिक, पानी का मोटर बंद करने को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हुई थी। विवाद बढ़ने के बाद दोनों पक्षों में मारपीट हो गई। घटना में चार लोगों को चोटें आई हैं।
घटना के बाद दोनों पक्षों ने कोनी थाने पहुंचकर एक-दूसरे के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है और विवाद के कारणों के साथ मारपीट में शामिल लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है।
शराब के लिए पैसे नहीं देने पर मारपीट करने वाला फरार आरोपी गिरफ्तार
बिलासपुर। शराब पीने के लिए पैसे मांगने और पैसे नहीं देने पर युवक से मारपीट करने के मामले में सिटी कोतवाली पुलिस ने फरार आरोपी अंकित रजक को गिरफ्तार किया है। आरोपी को दयालबंद इलाके से घेराबंदी कर पकड़ा गया। इस मामले में एक अन्य आरोपी किशन यादव को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है।
पुलिस के मुताबिक, 31 अगस्त को मधुबन शराब भट्टी के पास एक युवक के साथ मारपीट की घटना हुई थी। आरोप है कि आरोपियों ने युवक से शराब पीने के लिए पैसे मांगे। पैसे देने से इनकार करने पर आरोपियों ने हाथ-मुक्का और लात से उसके साथ मारपीट की।
घटना के बाद पुलिस ने मामले में कार्रवाई शुरू की और आरोपी किशन यादव को गिरफ्तार कर लिया था, जबकि दूसरा आरोपी अंकित रजक फरार चल रहा था। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई थी।
इसी दौरान सिटी कोतवाली पुलिस को आरोपी के दयालबंद इलाके में होने की सूचना मिली। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी कर फरार आरोपी अंकित रजक को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H



