Bilaspur News Update : बिलासपुर. चकरभाठा थाना क्षेत्र के बोड़सरा में दिव्यांग युवती से दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने 55 वर्षीय आरोपी माखन लाल धृतलहरे को गिरफ्तार किया है. आरोप है कि आरोपी ने युवती को जान से मारने की धमकी देकर वारदात को अंजाम दिया था. घटना के बाद वह घर के पिछले दरवाजे से फरार हो गया था. पीड़िता के परिजन की शिकायत पर चकरभाठा पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की. इसके बाद घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया. आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 331, 351(3) और 64(1) के तहत मामला दर्ज किया गया है. पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है.
थाना परिसर में हंगामा करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार
बिलासपुर. सकरी थाना परिसर में हंगामा करने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. आरोपियों की पहचान राजेश देवांगन और महेश ध्रुव उर्फ करिया के रूप में हुई है. जानकारी के अनुसार, दुर्गा पंडाल के पास मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का आरोप है. घटना की शिकायत दर्ज कराने के लिए दोनों पक्ष थाने पहुंचे थे, जहां उनके बीच दोबारा हंगामा हो गया. स्थिति को देखते हुए सकरी पुलिस ने शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की. पुलिस ने स्पष्ट किया है कि शांति भंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.
म्यूल अकाउंट से साइबर ठगी का खुलासा, एक आरोपी गिरफ्तार
बिलासपुर. साइबर ठगी और म्यूल अकाउंट के जरिए फर्जीवाड़ा करने के मामले में सरकंडा पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है. आरोपी की पहचान सेमरताल निवासी संजय कुमार साहू के रूप में हुई है. पुलिस के अनुसार, IDFC FIRST BANK के एक संदिग्ध खाते से जुड़ी साइबर ठगी की 11 शिकायतें सामने आई हैं. ठगी की रकम IDFC FIRST BANK और SBI के खातों में जमा कराई जाती थी, जिसके बाद उसे UPI और ATM के माध्यम से निकाला जाता था. आरोपी अपने एक फरार साथी के साथ मिलकर इस गतिविधि को अंजाम देता था. मामले में एक अन्य आरोपी फरार है, जिसकी पुलिस तलाश कर रही है. गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ BNS और IT एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है.
आबकारी विभाग के कर्मचारियों पर हत्या का केस दर्ज
जांजगीर-चांपा. कच्ची महुआ शराब के मामले में जेल भेजने से पहले 30 वर्षीय युवक के साथ शिवरीनारायण आबकारी वृत्त के कर्मचारियों ने उसे इतना मारा था कि उसकी मौत हो गई थी. मामला लगभग साढ़े चार साल पुराने मामले में ह्यूमन राइट्स कमीशन के संज्ञान लेने व अनुविभागीय दंडाधिकारी की जांच के बाद आबकारी विभाग के कर्मचारियों के विरूद्ध हत्या का अपराध दर्ज किया गया है. मामले में युवक के साथ बंदी बनाए गए दूसरे कैदी, एसडीएम की जांच रिपोर्ट, शव पंचनामा में मिले चोट के निशान महत्वपूर्ण साक्ष्य बने. मामले में किसे आरोपी बनाया गया है, कितने लोग शामिल थे यह स्पष्ट नहीं हुआ है. कच्ची महुआ शराब के मामले में एक युवक को 30 लीटर कच्ची महुआ शराब के साथ पकड़ा था, जिसे आबकारी विभाग के कर्मचारियों ने उक्त युवक के साथ मारपीट किया, जिससे युवक की तबीयत खराब हो गई, अस्पताल में उसे भर्ती किया गया जहां उक्त युवक की मौत हो गई. मामले की संज्ञान मानवाधिकार आयोग ने जांच किया था. जांच के उपरांत आबकारी वृत्त शिवरीनारायण के आबकारी कर्मचारियों के खिलाफ पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज किया है. जांच में सामने आया कि 15 अप्रैल 2022 को आबकारी वृत्त शिवरीनारायण की टीम ने देवरी मोड़, केरा-बिर्रा मार्ग पर छापेमारी कर जगदीश गोंड एवं महादेव गोंड को 30 लीटर कच्ची महुआ शराब के साथ पकड़ा था. दोनों को न्यायिक रिमांड पर जिला जेल जांजगीर में दाखिल कराया गया. जहां अगले ही दिन जगदीश गोंड उम्र 30 वर्ष निवासी कटौद थाना नवागढ़ की मौत हो गई थी. एसडीएम के जांच रिपोर्ट के आधार पर जांच के दौरान सहबंदी के बयान और शव पंचनामा में मिले चोट के निशानों से स्पष्ट हुआ कि जेल में दाखिल करने से पहले आबकारी कर्मचारियों द्वारा उसके साथ मारपीट की गई थी, जिसके कारण उसकी मृत्यु हुई. जांच प्रतिवेदन के आधार पर थाना नवागढ़ में संबंधित आबकारी कर्मचारियों के विरुद्ध धारा 302, 34 भादवि (हत्या) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर अग्रिम विवेचना जारी है. बता दें कि जिले के थाना नवागढ़ क्षेत्र का मामला वर्ष 2022 में जिला जेल में बंद विचाराधीन कैदी की मौत के मामले में एसडीएम की जांच रिपोर्ट के आधार पर आबकारी विभाग के संबंधित कर्मचारियों के विरुद्ध हत्या का मामला दर्ज किया गया है. थाना जांजगीर में मर्ग धारा 174 सीआरपीसी के तहत जगदीश गोंड, उम्र 30 वर्ष, निवासी ग्राम कटौद, थाना नवागढ़ की मौत की जांच चल रही थी. जिसमे अब यह खुलासा हुआ है. एएसपी डॉ. यूलैण्डन ने बताया कि मामला 2022 का है. दो युवको को कच्ची महुआ शराब के मामले में जेल दाखिल कराया गया था. अगले ही दिन एक युवक की मौत हो गई थी. एसडीएम जांच की रिपोर्ट अभी आई है जिसमे यह कहा गया है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, लिए गए कथन, फोरेसिंक विश्लेषण, हृयूमन राईट्स आयोग से आई क्यूरी से यह निष्कर्ष आया कि उस समय जो भी कर्मचारी पूरे घटना में थे उनकी प्रथम दृष्टया भूमिका प्रतीत होती है. इस आधार पर अपराध पंजीबद्ध किया गया है. विवेचना के दौरान अब यह सामने आयेगा कि उस समय कौन-कौन कर्मचारी थे, कौन लाया, किसने अपराध पंजीबद्ध किया, किसने दाखिला कराया, किसने मारापीटा, किसने मेडिकल कराया, किसने रिमांड कराया. इसमे नामजद नहीं आया है. रिपोर्ट के अनुसार आबकारी विभाग के कर्मचारी का उल्लेख आया है.
हाथी के हमले में ग्रामीण की मौत
कोरबा. वनांचल ग्राम खोडरी में हाथी के हमले से ग्रामीण की मौत हो गई. वह ग्रामीणों के साथ गांव के समीप पहुंचे हाथियों को देखने गया था. इसी दौरान झुंड में शामिल एक हाथी ने सूंड से हमला कर दिया. ग्रामीण हाथी के हमले से एक गड्ढे में जा गिरा. उसे स्थानीय अस्पताल के बाद बिलासपुर स्थित चिकित्सालय ले जाया गया था. वन विभाग की ओर से पीड़ित परिवार को तत्कालिक सहायता राशि दी गई है. घटना कटघोरा वन मंडल के पसान वन परिक्षेत्र अंतर्गत ग्राम खोडरी में शुक्रवार की रात 9 से 10 बजे के बीच घटित हुई. बताया जा रहा है कि करीब 52 हाथियों का झुंड गांव के समीप जंगल में डेरा डाला हुआ है. हाथियों का यह झुंड रात होते ही गांव के समीप पहुंच गया. हाथियों की चिंघाड़ सुनकर गांव में रहने वाला प्रताप सिंह वाकरे 40 वर्ष कुछ ग्रामीणों के साथ चला गया. वे सभी हाथी देख रहे थे. इसी दौरान झुंड में शामिल एक हाथी ने ग्रामीणों को दौड़ाना शुरू कर दिया. ग्रामीण तो भाग निकले, लेकिन प्रताप पीछे रह गया. उस पर हाथी ने सूंड से हमला कर दिया. सूंड की ठोकर लगते ही प्रताप समीप ही स्थित एक गड्ढे में जा गिरा. घटना के बाद हाथी पुनः झुंड में शामिल हो गया. कुछ देर बाद ग्रामीण मौके पर पहुंचे. उन्होंने प्रताप को गड्ढे से बाहर निकाला. उसने होश आने पर हाथी की सूंड की ठोकर से गड्ढे में गिरने की जानकारी दी. घटना की सूचना मिलने पर वन कर्मी भी मौके पर पहुंचे. उन्होंने ग्रामीणों के साथ घायल प्रताप को इलाज के लिए पसान स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र दाखिल कराया. जहां से युवक की हालत को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया. परिजन प्रताप को लेकर बिलासपुर स्थित हास्पिटल गए थे, जहां उसकी मौत हो गई. उसके शव को देर शाम गृहग्राम लाया गया. घटना की जानकारी होने पर कटघोरा के प्रभारी एसडीओ व प्रशिक्षु आईएफएस मृगजा जलिंधर यादव तथा वन परिक्षेत्राधिकारी मनीष सिंह पीड़ित के घर पहुंचे. वन अफसरों ने पीड़ित के परिजनों को विभागीय नियमानुसार तत्कालिक सहायता राशि प्रदान कर दी है.

हत्या के प्रयास का एक साल से फरार आरोपी गिरफ्तार
बिलासपुर. हत्या के प्रयास के मामले में करीब एक साल से फरार आरोपी को मस्तूरी पुलिस ने गिरफ्तार किया है. आरोपी की पहचान गतौरा निवासी सुमेन्द्र कुमार खाण्डे के रूप में हुई है. जानकारी के अनुसार, किराना दुकान में विवाद के बाद एक युवक पर लोहे के पाइप से सिर पर जानलेवा हमला किया गया था. बीच-बचाव करने पहुंचे परिजनों के साथ भी मारपीट की गई थी. इस मामले में आरोपी शिव खाण्डे को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है. वहीं, फरार आरोपी सुमेन्द्र को उसके घर पर दबिश देकर पकड़ा गया. पूछताछ के दौरान उसने घटना में शामिल होना स्वीकार किया है. मामले में पुलिस की कार्रवाई जारी है.
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

