Bilaspur News Update : छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर में अड्डेबाजों और नशाखोरी करने वालों के खिलाफ पुलिस ने सख्त अभियान चलाया है। पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। साथ ही आगे की कार्रवाई शुरु कर दी है।

यह पूरा मामला सिरगिट्टी थाना क्षेत्र का है। पुलिस के मुताबिक, लोधीपारा, बन्नाकडीह और तिफरा क्षेत्र के आरोपी कार्रवाई की जद में है। इसी कड़ी में पुलिस ने अड्डेबाजी और नशाखोरी के चिन्हांकित स्थानों पर सघन चेकिंग अभियान चलाया है। इस दौरान 7 आरोपियों के खिलाफ की प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई।

वहीं पुलिस ने आरोपियों को शांति व्यवस्था भंग नहीं करने की सख्त हिदायत दी है। साथ ही उनका कहना है कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ सिरगिट्टी पुलिस का अभियान जारी रहेगा।

मुक्तिधाम में कुत्तों के अंतिम संस्कार पर बवाल

बिलासपुर। तोरवा मुक्तिधाम में इंसानों के साथ ही कुत्तों को भी अंतिम संस्कार किया जा रहा है। इसकी जानकारी मिलते ही हंगामा मच गया है। इसमें विवाद भी सामने आया है। कहा गया कि इंसानों के लिए बनाए गए मुक्तिधाम में किसी पशु का अंतिम संस्कार करना धार्मिक और सामाजिक दृष्टि से पूरी तरह अनुचित है।

इसकी जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए और इसका विरोध शुरू कर दिया। देखते ही देखते मामला गर्मा गया। सूचना मिलने पर क्षेत्र के पार्षद मोती गंगवानी भी मुक्तिधाम पहुंचे। स्थानीय लोगों के साथ उन्होंने भी इस पर आपत्ति जताई और बाद में संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर तोरवा थाना पहुंचकर एफआईआर दर्ज कराने की मांग की।

महापौर पूजा विधानी का कहना है कि “यह बहुत ही गंभीर मामला है। ऐसा तो बिल्कुल नहीं होना चाहिए। आज मौके पर जाकर जानकारी ली जाएगी। इसके बाद कड़ी कार्रवाई होगी।

विद्युत पोल कार्य में घोटाले का आरोप

जिले के रतनपुर में नगर पालिका द्वारा कराए गए 3.54 करोड़ रुपये के विद्युत पोल और केबल कार्य गंभीर सवालिया घेरे में आ गए हैं। घटिया सामग्री के इस्तेमाल और बड़े पैमाने पर वित्तीय अनियमितता के आरोप सामने आए हैं, जिससे स्थानीय प्रशासन की कार्यप्रणाली पर तीखे सवाल उठ रहे हैं।

रतनपुर नगरपालिका क्षेत्र में लगाए गए विद्युत पोल और केबल की गुणवत्ता बेहद स्तरहीन बताई जा रही है, इसके बावजूद करोड़ों रुपये का भुगतान किए जाने से भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लग रहे हैं। पिछले एक सप्ताह के भीतर विद्युत पोलों और केबलों में आग लगने की चौथी घटना सामने आई है। हैरान करने वाली बात यह है कि मूसलाधार बारिश के दौरान भी पोल के केबल धू-धूकर जलते रहे, जिससे स्थानीय रहवासियों में हड़कंप मच गया है।

हाल ही में करंट की चपेट में आने से एक बैल की दर्दनाक मौत हो चुकी है, इसके बावजूद जिम्मेदार प्रशासनिक अमला गहरी नींद में सोया हुआ है। रहवासियों का कहना है कि खुले में लटकते तार और शॉर्ट सर्किट की लगातार होती घटनाओं से कभी भी कोई बड़ा जनहानि हादसा हो सकता है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m