UP Weather Today. उत्तर प्रदेश में ठंड ने दस्तक दे दी है. प्रदेश में हल्की ठंड महसूस होनी शुरू हो गई है. राज्य के कई हिस्सों में पिछले दो दिनों से हल्का कोहरा पड़ना शुरू हो गया है. शुक्रवार को हरदोई सबसे ठंडा जनपद रहा. यहां का न्यूनतम तापमान सामान्य से 2.9 डिग्री सेल्सियस गिरकर 14.0 डिग्री सेल्सियस पहुंच चुका है. इसके अलावा मुजफ्फरनगर में भी न्यूनतम तापमान 14.4 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया.
मौसम विभाग के अनुसार पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के दोनों भागों में आगामी 12 नवंबर तक मौसम के पूरी तरह सामान्य रहने की संभावना जताई गई है. पूरे राज्य में मौसम सामान्य बना हुआ है. अगले सात दिनों तक प्रदेश में कई जिलों में हल्का कोहरा छा सकता और हल्की धुंध देखने को मिल सकती है.
इसे भी पढ़ें : Ayodhya Ramlala Aarti Live Darshan 7 November: श्री रामलला सरकार का दिव्य श्रृंगार, यहां कीजिए अलौकिक दर्शन
बीते गुरुवार को भी प्रदेश के कई हिस्सों में कोहरा छाया रहा. श्रावस्ती में घना कोहरा होने से सड़कों पर देखना मुश्किल हो गया. लखनऊ और वाराणसी में भी सुबह हल्की धुंध रही. हालांकि, धूप निकलने के बाद कई जगह मौसम साफ हो गया. मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि आने वाले दिनों में सुबह कोहरे का असर बढ़ सकता है.
नोएडा समेत चार जिलों की हवा रेड जोन में
पश्चिमी यूपी के नोएडा, गाजियाबाद, हापुड़ और बागपत में प्रदूषण का स्तर काफी बढ़ गया है. नोएडा का AQI 400 के पार पहुंच गया. हालात को देखते हुए पूरे एनसीआर में ग्रेडेड रिस्पॉन्स एक्शन प्लान (ग्रेप)-2 लागू किया गया है. इसके तहत सड़कों पर पानी का छिड़काव, खुले में कचरा जलाने पर रोक और धूल फैलाने वाले कामों पर निगरानी बढ़ाई गई है. कोयला और लकड़ी से चलने वाले तंदूर पर भी पाबंदी लगाई गई है.
इसे भी पढ़ें : अयोध्या दीपोत्सव: सरयू तट पर 30 लाख दीपों से बनेगा रिकॉर्ड, राम मंदिर में विशेष आयोजन
दिवाली वाले हफ्ते में और बढ़ेगी ठंड
बीएचयू के मौसम वैज्ञानिक प्रो. मनोज श्रीवास्तव के मुताबिक, दिवाली वाले हफ्ते में तापमान में और गिरावट आने के आसार हैं. सुबह कोहरा बना रह सकता है. सुबह और शाम की ठंडक भी बढ़ेगी. फिलहाल प्रदेश में बारिश की संभावना नहीं है.
5 नवंबर के आंकड़ों के मुताबिक, वाराणसी प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा. यहां अधिकतम तापमान 32.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. हमीरपुर में 32.2 और बहराइच में 32 डिग्री तापमान रहा. वहीं, न्यूनतम तापमान हरदोई में 13.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. मुजफ्फरनगर में 14.5 और बरेली में 15 डिग्री तापमान रहा. मिर्जापुर में कोहरे के असर को देखते हुए रेलवे ने बरवाडीह-चुनार पैसेंजर समेत कई ट्रेनों को तीन महीने के लिए निरस्त किया है. बरवाडीह-चुनार पैसेंजर 1 दिसंबर 2026 से 28 फरवरी 2027 तक चोपन से चुनार के बीच नहीं चलेगी.

