Bilaspur News Update : बिलासपुर. संभावित चक्रवाती तूफान के मद्देनजर जिला प्रशासन अलर्ट पर है. कलेक्टर संजय अग्रवाल ने सभी विभागों को राहत और बचाव कार्यों की पूरी तैयारी रखने के निर्देश दिए हैं. मौसम विभाग की चेतावनी के अनुसार, 28 और 29 अक्टूबर को 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. प्रशासन ने जिला और तहसील स्तर के कंट्रोल रूम को 24 घंटे सक्रिय रखने के साथ प्रभावित परिवारों के लिए सुरक्षित आश्रय स्थल तैयार करने को कहा है. कमजोर होर्डिंग हटाने, जोखिमपूर्ण पेड़ों की डालियों की छंटाई करने और अस्पताल, बिजली विभाग, होमगार्ड व आपदा सहायता दल को अलर्ट रहने के निर्देश दिए गए हैं. इन दो दिनों में प्रसव संभावित गर्भवती महिलाओं को पहले ही अस्पताल में भर्ती कराने की तैयारी भी की जा रही है. खराब मौसम को देखते हुए जलाशयों में लोगों के प्रवेश पर रोक लगाने और गांवों व शहरों में मुनादी कर नागरिकों को सतर्क करने के निर्देश दिए गए हैं.
सुलभ शौचालय की दीवार पर मां दुर्गा, PM मोदी और CM साय के पोस्टर
बिलासपुर. वार्ड क्रमांक 12 के शनिचरी चौक स्थित शासकीय सुलभ शौचालय की दीवार पर मां दुर्गा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के पोस्टर लगाए जाने का मामला सामने आया है. पोस्टर को लेकर पार्षद हाकिम मोहम्मद ने आपत्ति जताई है. उन्होंने ठेकेदार को फोन कर पोस्टर हटाने के लिए कहा है. जानकारी के अनुसार, पोस्टर नवरात्रि के दौरान लगाए गए थे. हालांकि, इन्हें किसने लगाया और इसके लिए अनुमति ली गई थी या नहीं, यह स्पष्ट नहीं है. अब मामले में नगर पालिका प्रशासन की कार्रवाई पर नजर है.
पुरानी रंजिश में युवक पर चाकू से जानलेवा हमला, 4 गिरफ्तार
बिलासपुर. कोटा में पुरानी रंजिश के चलते एक युवक पर चाकू और डंडे से हमला करने का मामला सामने आया है. आरोपियों ने युवक पर चाकू से तीन से चार बार वार किए और डंडे से भी हमला किया. घटना 26 अक्टूबर की बताई जा रही है. मामले में कोटा पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है. आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू, लकड़ी का डंडा और बुलेट मोटरसाइकिल जब्त की गई है.
शराब के नशे में पत्नी पर डाला तारपीन तेल, लगाई आग
जांजगीर-चांपा. शराब के नशे में पत्नी पर तारपीन तेल छिड़क कर उसे जला दिया. जिससे 65 प्रतिशत जली महिला की घटना के 6 दिन बाद मौत हो गई. घटना के बाद आरोपी को तो गिरफ्तार कर लिया गया है लेकिन सबसे दुःखद बात यह है कि हादसे से दो बच्चे अनाथ हो गए. दंपति की आपसी विवाद ने पत्नी की जान ले ली और पति अब जेल में है. जानकारी के अनुसार नगर के पोड़ीभाठा मोहल्ले में दुर्गा मंदिर के पीछे रहने वाले मनीराम यादव ने 12 अक्टूबर को शराब के नशे में अपने पत्नी पर तारपीन ते डालकर उसे आग से जला दिया था. 65 प्रतिशत जली हुई हालत में महिला को सिम्स भेजा गया था. मृत्यु से संघर्ष के बाद अंततः उसकी जान नहीं बच पाई. घटना के दूसरे दिन ही पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया था.

सुसाइड नोट में पत्नी और सास-ससुर का नाम लिखकर लगाई फांसी
जांजगीर-चांपा. 35 वर्षीय युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. सुसाइड नोट में उसने अपनी पत्नी व सास-ससुर को अपनी मौत का जिम्मेदार ठहराया है. मिले नोट में उसने यह भी लिखा है कि ससुराल पक्ष की धमकी-चमकी के कारण उसके पिता को ब्रेन हेमरेज हो गया. मामला नगर की सिंचाई कॉलोनी में रहने वाले होमेश्वर सिंह राठौर उम्र 35 वर्ष उर्फ अन्नू की मौत का है. थाना प्रभारी के नाम लिखा आवेदन चर्चा में है, जिसमें युवक ने पारिवारिक विवाद का उल्लेख करते हुए अपने ससुर शिवानंद राठौर और सास मंदाकिनी राठौर पर प्रताड़ना के आरोप लगाए हैं. उक्त नोट के अनुसार होमेश्वर की पत्नी विभा सिंह राठौर 25 अक्टूबर को उसके साथ ससुराल में नहीं रहने की बात कहकर मायके चली गई थी. नोट में आरोप लगाया गया है कि पत्नी के पिता शिवानंद राठौर अपने कुछ साथियों के साथ आए और युवक के माता-पिता को धमकी देते हुए बेटी को अपने साथ ले गए. युवक ने यह भी उल्लेख किया कि पारिवारिक विवाद के बाद उसके पिता देवी सिंह की तबीयत बिगड़ गई और उन्हें ब्रेन हेमरेज हुआ. इसके अलावा, अपने रिश्तेदारों को दहेज प्रताड़ना के मामले में फंसाने की धमकी दिए जाने का आरोप भी लगाया गया है. आवेदन के अंत में होमेश्वर ने अपनी मौत के लिए ससुराल पक्ष को जिम्मेदार ठहराए जाने संबंधी बात लिखी है. उपलब्ध जानकारी के अनुसार, इन परिस्थितियों से परेशान होकर युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. आवेदन में लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि, घटना की परिस्थितियों और आवेदन की प्रामाणिकता की जांच होना आवश्यक है. मामले में कई सवालों के जवाब सामने आना जरूरी है. क्या होमेश्वर ने वास्तव में यह आवेदन अकलतरा थाने में जमा किया था यदि किया था, तो उस पर क्या कार्रवाई हुई, कथित आवेदन और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की निष्पक्ष जांच की जानी चाहिए. पुलिस का आधिकारिक पक्ष सामने आने और संबंधित लोगों के बयान व दस्तावेजों की जांच के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

