Bilaspur News Update : बिलासपुर. शहर में दशहरा उत्सव को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं. पुलिस ग्राउंड में अमर अग्रवाल और साइंस कॉलेज मैदान में केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू रावण दहन करेंगे. पुलिस ग्राउंड में 65 फीट और साइंस कॉलेज मैदान में 80 फीट ऊंचे रावण के पुतले का दहन किया जाएगा. इसके अलावा शहर में दर्जनभर से अधिक स्थानों पर दशहरा उत्सव मनाया जाएगा. शाम से शुरू होने वाले कार्यक्रमों में शोभायात्रा निकाली जाएगी और आतिशबाजी के साथ रावण दहन किया जाएगा.
दुर्गा पंडालों में चोरों का आतंक, एक दर्जन श्रद्धालुओं के मोबाइल-पर्स और जेवर पार
बिलासपुर. सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में रविवार की रात दुर्गा पंडालों में दर्शन करने पहुंचे श्रद्धालुओं के सामान चोरी होने का मामला सामने आया है. भीड़ का फायदा उठाकर अज्ञात लोगों ने एक दर्जन से अधिक महिलाओं और पुरुषों के मोबाइल, पर्स, गले की चेन, करधन सहित अन्य कीमती सामान पार कर दिए. घटना के बाद श्रद्धालुओं में हड़कंप मच गया. मिली जानकारी के अनुसार, रविवार की रात दुर्गा पंडालों में दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे थे. इसी दौरान भीड़ के बीच कुछ लोगों के मोबाइल, पर्स और सोने-चांदी के आभूषण चोरी हो गए. देखते ही देखते एक दर्जन से अधिक श्रद्धालुओं के सामान चोरी होने की जानकारी सामने आई. पीड़ितों को जब अपने सामान गायब होने का पता चला, तो उन्होंने इसकी शिकायत सिटी कोतवाली पुलिस से की. घटना की सूचना मिलने के बाद सिटी कोतवाली पुलिस सक्रिय हुई. पुलिस ने देर रात आधा दर्जन से अधिक महिलाओं को थाने लाकर पूछताछ शुरू की. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि चोरी की घटनाओं में कौन-कौन शामिल है और श्रद्धालुओं के चोरी हुए सामान कहां हैं.
जुआ फड़ में पुलिस की दबिश, 10 जुआरी को पुलिस ने पकड़ा
बिलासपुर. सकरी थाना पुलिस ने ग्राम जॉकी में जुआ खेलने वालों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से जुए की फड़ और जुआरियों के पास से कुल 16,300 रुपये नकद तथा ताश की 52 पत्तियां जब्त की हैं. आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 3(2) के तहत कार्रवाई की गई है. पुलिस के अनुसार, ग्राम जॉकी में जुआ खेले जाने की सूचना पर सकरी पुलिस ने दबिश दी. इस दौरान मौके पर जुआ खेल रहे 10 लोगों को पकड़ा गया. पुलिस ने मौके से जुए में इस्तेमाल की जा रही ताश की 52 पत्तियां और 16,300 रुपये नकद जब्त किए. सभी आरोपियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की गई. पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए आरोपियों में मुकेश केंवट (30), सरोज कुमार डोम (30), नितिन पटेल (24), शशिकांत पटेल (42), जितेंद्र कौशिक (32), आनंद पटेल (42), आकाश रजक (23), श्रवण कुमार केंवट (39) और रामायण पटेल (30) शामिल हैं. ये सभी बिलासपुर के मंगला एवं शांतिचौक क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं. वहीं, सरजू पटेल (51), निवासी पटेलपारा बरेला, थाना जरहागांव, जिला मुंगेली को भी गिरफ्तार किया गया है. इस कार्रवाई में सकरी थाना प्रभारी निरीक्षक संजय शिंदे सहित पुलिस स्टाफ का सराहनीय योगदान रहा. पुलिस ने जुआ खेलने वालों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए मौके से नकदी और ताश की पत्तियां जब्त की है.
हाथियों ने 14 किसानों की फसल रौंदी
रायगढ़. धरमजयगढ़ वनमंडल में हाथियों के दल ने 14 किसानों की धान की खड़ी फसल रौंद दी. वन विभाग के मुताबिक जिले में इस समय 85 हाथी मौजूद हैं. फसल पकने के मौसम में किसान रात-रात भर खेतों की रखवाली कर रहे हैं. हाथी रात में गांवों की ओर आते हैं और खेतों में घुस जाते हैं. किसान सुबह पहुंचते हैं तो पूरे साल की मेहनत जमीन पर बिखरी मिलती है. गांव में मुनादी होती है, पर खेत और घर, दोनों के पास हाथियों का आना डर पैदा करता है. वन विभाग के जून से अगस्त के आंकड़ों में धरमजयगढ़ वनमंडल में 332 फसल हानि केस दर्ज हुए. इन पर 32.82 लाख रुपए बांटे गए, यानी औसतन करीब 9,900 रुपए प्रति केस. वन्यजीव प्रेमी और किसानों की हमेशा मांग रही है कि मुआवजा असली नुकसान के बराबर हो और मौत पर 10 लाख रुपए मिले. यह मुद्दा हाईकोर्ट तक भी पहुंचा था. जुलाई में धरमजयगढ़ वनमंडल के कापू और छाल क्षेत्र में हाथियों के हमलों में दो लोगों की जान गई. राज्य में पांच साल में 330 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है. मृतक परिवारों को तत्काल 25,000 रुपए दिए जाते हैं, बाकी 5.75 लाख रुपए कागजी कार्रवाई के बाद मिलते हैं. लेकिन ग्रामीणों का कहना है कि मुआवजे से उनका भय खत्म नहीं हो रहा.
रामलीला मैदान में होगा रावण दहन
रायगढ़. असत्य पर सत्य, अधर्म पर धर्म और बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक विजयादशमी पर्व पर शहर में रावण दहन का भव्य नजारा देखने को मिलेगा. शहर के तीन प्रमुख स्थानों पर विशालकाय रावण के पुतलों का दहन किया जाएगा. इस दौरान आकर्षक आकाशीय आतिशबाजी से आसमान रंग-बिरंगी रोशनी से जगमगाएगा. पर्व को लेकर आयोजन समितियों ने तैयारियां तेज कर दी हैं. शहर के रामलीला मैदान, चक्रधर नगर मिनी स्टेडियम और नटवर स्कूल मैदान में होने वाले आयोजनों में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना है. तीनों स्थानों पर रावण दहन कार्यक्रम में रायगढ़ विधायक एवं मंत्री ओपी चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे. जानकारी के अनुसार पहला रावण दहन कार्यक्रम रात 8 बजे नटवर स्कूल मैदान में रावण दहन किया जाएगा. इसके बाद चक्रधर नगर मिनी स्टेडियम में आयोजन होगा. यहां महापौर जीवर्धन चौहान, पूर्व विधायक विजय अग्रवाल, गुरुपाल भल्ला, सलीम नियारिया नेता प्रतिपक्ष सहित शहर के अन्य गणमान्य नागरिक मौजूद रहेंगे. इसके बाद शहर के सबसे पुराने रामलीला मैदान में रावण दहन के साथ कार्यक्रमों का समापन होगा. शहर के तीनों स्थानों पर रावण दहन के दौरान भव्य आकाशीय आतिशबाजी आकर्षण का केंद्र रहेगी. विजयादशमी के अवसर पर बड़ी संख्या में लोगों के आयोजन स्थलों पर पहुंचने की उम्मीद है. रावण दहन को लेकर आयोजकों द्वारा तैयारियां की जा रही हैं ताकि श्रद्धालु और शहरवासी उत्साह के साथ पर्व में शामिल हो सकें. विजय दशमी के मौके पर आयोजित रावण दहन कार्यक्रम के पूर्व आकाश में बेहद आकर्षक आतिशबाजी आकर्षण का केंद्र रहेगा. दहन के कार्यक्रम रात 8 बजे से शुरू होंगे. समिति से मिली जानकारी के अनुसार पहले नटवर स्कूल मैदान में रावण दहन होगा. इसके बाद चक्रधर नगर मिनी स्टेडियम में आयोजन होगा, जहां मंत्री ओपी चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे. अंत में शहर के पुराने रामलीला मैदान में रावण दहन किया जाएगा. विजयादशमी का यह आयोजन केवल रावण के पुतले के दहन तक सीमित नहीं, बल्कि जीवन में अहंकार, अन्याय और बुराइयों का त्याग कर सत्य एवं सदाचार के मार्ग पर चलने का संदेश भी देगा.

यूनिटी मेटा टोकन में निवेश के नाम पर 11.60 लाख की ठगी, तीन गिरफ्तार
रायगढ़. यूनिटी मेटा टोकन और बीड क्वाइन में निवेश कर भारी मुनाफा कमाने का लालच देकर ओडिशा निवासी युवक से 11 लाख 60 हजार रुपये की ठगी करने के मामले में रायगढ़ साइबर पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है. आरोपियों ने निवेश के नाम पर युवक से रकम लेकर वापस नहीं की. पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है. पुलिस के अनुसार, प्रार्थी विक्रम परिडा (26), निवासी जिला गंजाम, ओडिशा, वर्तमान में चक्रधरनगर क्षेत्र में रहता है. वर्ष 2024 में उसकी पहचान गजुला मोहन से हुई थी. आरोप है कि गजुला ने यूनिटी मेटा टोकन और बीड क्वाइन में निवेश कर अधिक मुनाफा मिलने का भरोसा दिलाया. उसकी बातों में आकर विक्रम ने अपना खेत बेच दिया और 25 जुलाई से 3 सितंबर 2024 के बीच कुल 11.60 लाख रुपये निवेश कर दिए. रकम के लेन-देन के लिए चंदन दास के माध्यम से बीड क्वाइन से जुड़े कार्य करने वाले भावेश पटेल के बैंक खाते का उपयोग किए जाने की बात सामने आई है. निवेश के बाद पीड़ितb को न मुनाफा मिला और न मूल रकम वापस हुई. परेशान होकर उसने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई. एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन पर साइबर पुलिस ने बैंक खातों के स्टेटमेंट और मोबाइल फोन की जांच की. पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया है. आरोपियों ने अपराध में प्रयुक्त मोबाइल फोन भी प्रस्तुत किए हैं. पुलिस के अनुसार, रकम के लेन-देन और ओडिशा तथा मुंबई तक जुड़े संपर्कों की जांच जारी है. गिरफ्तार आरोपियों में गजुला मोहन (45), निवासी ओडिशा, वर्तमान रायगढ़, चंदन दास (33), निवासी ओडिशा, वर्तमान रायगढ़, और भावेश पटेल (28), निवासी कारीछापर, जिला रायगढ़. कार्रवाई में साइबर थाना प्रभारी निरीक्षक विजय चेलक सहित पुलिस टीम की अहम भूमिका रही.
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

