Bilaspur News Update : बिलासपुर. शहर के मंगला स्थित धुरीपारा में अंतिम संस्कार के दौरान एक ऑटो जलती चिता में जा घुसी. हादसे में ऑटो सवार मामा-भांजा झुलस गए, जिन्हें उपचार के लिए सिम्स में भर्ती कराया गया है. बताया जा रहा है कि ऑटो बैक गियर में पीछे की ओर चली गई और चिता की आग की चपेट में आ गई. आग से ऑटो पूरी तरह जलकर राख हो गई. मामले में सिविल लाइन थाना पुलिस जांच कर रही है.

जीआरपी ने बरामद किए 13 गुम मोबाइल, मालिकों को लौटाए

बिलासपुर. जीआरपी ने तकनीकी जांच की मदद से गुम हुए 13 मोबाइल फोन बरामद किए हैं. ये मोबाइल ट्रेन और रेलवे स्टेशन परिसर में गुम हुए थे. जीआरपी साइबर सेल और पुलिस टीम ने तकनीकी जांच के जरिए मोबाइल ट्रैक कर उनके मालिकों का पता लगाया और फोन वापस लौटाए.

पैतृक संयुक्त संपत्ति से बेटी को वंचित नहीं किया जा सकता : हाईकोर्ट 

बिलासपुर. छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने स्पष्ट किया है कि पिता की मृत्यु वर्ष 1980 में होने के आधार पर बेटी को पैतृक संयुक्त संपत्ति में उसके हिस्से से वंचित नहीं किया जा सकता. हिंदू उत्तराधिकार अधिनियम में वर्ष 2005 में किए गए संशोधन और सुप्रीम कोर्ट के फैसले का हवाला देते हुए हाईकोर्ट ने भाई की दूसरी अपील खारिज कर दी. न्यायमूर्ति सचिन सिंह राजपूत की एकलपीठ ने बहन को जमीन के आधे हिस्से का बंटवारा और अलग कब्जा देने संबंधी निचली अदालतों के फैसले को बरकरार रखा. मामला बेमेतरा जिले के धंगांव गांव स्थित 7.120 हेक्टेयर कृषि भूमि से जुड़ा है. यह जमीन पिता नानकू साहू के नाम पर दर्ज थी. उनकी मृत्यु 15 सितंबर 1980 को हो गई थी. इसके बाद उनके बेटे डुलार साहू ने जमीन अपने नाम पर दर्ज करा ली. बेटी दुलारा बाई ने वर्ष 2007 में इस नामांतरण को चुनौती देते हुए जमीन में अपना हिस्सा मांगा. भाई द्वारा हिस्सा देने से इनकार किए जाने पर उसने बंटवारे और अलग कब्जे के लिए दीवानी मुकदमा दायर किया. निचली अदालतों ने उसके पक्ष में फैसला सुनाते हुए जमीन के आधे हिस्से का बंटवारा कर अलग कब्जा देने का आदेश दिया था. इस फैसले को भाई ने हाईकोर्ट में दूसरी अपील के जरिए चुनौती दी थी. भाई की ओर से दलील दी गई कि माता-पिता की मृत्यु के बाद बहन को सोने-चांदी के गहने दिए गए थे, इसलिए उसने जमीन पर अपना अधिकार छोड़ दिया था. हालांकि, अदालत ने इस दलील को स्वीकार नहीं किया. हाईकोर्ट ने कहा कि केवल 12 वर्ष से अधिक समय तक जमीन पर खेती करते रहने से प्रतिकूल कब्जा साबित नहीं होता. संयुक्त पारिवारिक संपत्ति में किसी एक सह-हिस्सेदार का कब्जा सामान्यतः सभी सह-हिस्सेदारों की ओर से माना जाता है. दूसरे सह-हिस्सेदार के अधिकार समाप्त होने का दावा तभी स्वीकार किया जा सकता है, जब यह साबित हो कि उसके अधिकार को स्पष्ट रूप से नकारा गया था. इस आधार पर हाईकोर्ट ने भाई की दूसरी अपील खारिज करते हुए बहन को जमीन के आधे हिस्से का बंटवारा और अलग कब्जा देने संबंधी निचली अदालतों के फैसले को बरकरार रखा.

शॉर्ट पीएम ने खोला मासूम की हत्या का राज

कोरबा. मासूम को सड़क पर गिरा पैसा दिलाने के बहाने वहशी दरिंदा अपने साथ ले गया. उसने जंगल में दरिंदगी का ऐसा खेल खेला, जिसे सुन किसी की भी रूह कांप जाए. पहले तो उसने शर्ट से मासूम के मुंह व नाक को दबा दिया. इतने में भी मन नहीं भरा तो शर्ट से गला घोंट दिया. जिससे श्वांस नली के दबने से मासूम की जान चली गई. पुलिस उन तमाम साक्ष्यों को जुटाने में जुटी है, जिससे आरोपी को सख्त सजा दिलाई जा सके. रजगामार में सात वर्षीय बालिका के साथ हुई दरिंदगी ने लोगों को उद्वेलित कर दिया है. जगह जगह घटना के विरोध और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने लोग कैंडल मार्च कर रहे हैं. इस दौरान मामले की सुनवाई फास्ट ट्रेक कोर्ट में करने और आरोपी को सख्त से सख्त सजा देने की मांग की जा रही है. घटना के बाद लोगों में भारी आक्रोश भी देखा जा रहा है. जिले में कानून व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े किए जा रहे हैं.

ट्रेन से कटकर युवक की हुई मौत

जांजगीर-चांपा. ट्रेन से कटकर एक युवक की मौत हो गई. सूचना पर पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है. घटना सिटी कोतवाली अंतर्गत ग्राम बिरगहनी नैला रेलवे ट्रेक का है. इस संबंध में पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार ग्राम फरसवानी थाना उरगा जिला कोरबा निवासी राजेश केन्द्र उम्र 35 वर्ष पिता कार्तिक केंवट शुक्रवार 23 अक्टूबर को दोपहर 3 बजे घर से पैदल अपने ससुराल ग्राम देवरहा आया हुआ था. रात्रि को अपने ससुराल में रहा फिर सुबह 24 अक्टूबर को पैदल ही घर जाने के निकल गया. सुबह तकरीबन 8 बजे वह रेलवे ट्रेक बिरगहनी को पार कर रहा था तब एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में आ गया. जिससे उसकी मौत हो गई. इसकी सूचना पर पुलिस को मिलते ही मौके पर पहुंचकर मर्ग कायम कर लिया है.

बस स्टैंड के पास मिला शव 

रायगढ़. ट्रांसपोर्ट नगर बस स्टैंड के पास शनिवार सुबह एक अज्ञात पुरुष का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. मृतक की उम्र करीब 35 से चोट के निशान 40 वर्ष के बीच बताई जा रही है. उसके सीने और कंधे पर चोट के निशान मिले हैं. सूचना मिलने पर जूटमिल पुलिस, वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और एफएसएल की टीम मौके पर पहुंची. घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद पुलिस ने शव को मरच्युरी में सुरक्षित रखवा दिया है. पुलिस के अनुसार, शनिवार सुबह ट्रांसपोर्ट नगर बस स्टैंड के पास शव पड़े होने की सूचना मिली थी. मौके पर पहुंची टीम ने जांच की, लेकिन मृतक की पहचान नहीं हो सकी. पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है. मृतक की पहचान करने और उसके परिजनों का पता लगाने के लिए पुलिस उसके फोटोग्राफ्स सीमावर्ती जिलों की पुलिस और विभिन्न सोशल मीडिया माध्यमों पर प्रसारित कर रही है. फिलहाल मृतक के बारे में कोई ठोस जानकारी सामने नहीं आई है. मृतक के सीने और कंधे पर चोट के निशान मिलने के कारण पुलिस मामले की जांच में जुटी है. हालांकि, इन चोटों की प्रकृति और मृत्यु के कारणों को लेकर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी.

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H