Bilaspur News Update : बिलासपुर. शहर में आयोजित गरबा-डांडिया कार्यक्रमों में फिल्मी गीतों का बजरंग दलों का विरोध जारी है. इसी कड़ी में राजकिशोर नगर स्थित रॉयल पैलेस के अलावा अन्य स्थलों पर गुरुवार को बजरंग दल कार्यकर्ता पहुंचे और फिल्मी गानों को बंद कराया. कार्यकर्ताओं ने आयोजकों को धार्मिक गानों पर गरबा-डांडिया आयोजित करने की समझाइश दी.

ट्रेन की चपेट में आने से युवती के दोनों पैर कटे, हालत गंभीर

बिलासपुर. तोरवा थाना क्षेत्र के दोमुहानी में ट्रेन की चपेट में आने से एक युवती गंभीर रूप से घायल हो गई. हादसे में युवती के दोनों पैर कट गए. जानकारी के अनुसार, युवती खेत से घर लौट रही थी. इसी दौरान रेलवे लाइन पार करते समय वह ट्रेन की चपेट में आ गई. घायल युवती को गंभीर हालत में सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है. घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है.

साइबर ठगी के लिए म्यूल बैंक खाते का इस्तेमाल, खाताधारक गिरफ्तार

बिलासपुर. साइबर ठगी की रकम के लेन-देन में इस्तेमाल किए जा रहे म्यूल बैंक खाते का खुलासा हुआ है. मामले में ACCU बिलासपुर और मल्हार पुलिस की संयुक्त टीम ने खाताधारक बलवान घृतलहरे को गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार, बैंक ऑफ महाराष्ट्र के एक संदिग्ध खाते के खिलाफ पांच ऑनलाइन साइबर शिकायतें मिली थीं. जांच में खाते में साइबर ठगी की रकम जमा होने और UPI व ATM के जरिए रकम के हस्तांतरण तथा निकासी की जानकारी सामने आई. आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 61, 317(5) और 318(4) के तहत कार्रवाई की गई है. बिलासपुर पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे अपना बैंक खाता अनजान लोगों को इस्तेमाल के लिए न दें और साइबर ठगी से सतर्क रहें.

पुलिस ने दो स्थायी वारंटियों को किया गिरफ्तार

बिलासपुर. बिल्हा थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो स्थायी वारंटियों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मनमोहन कोसले और भाउराम जांगड़े के रूप में हुई है. पुलिस टीम ने वारंटियों की पतासाजी की और उन्हें गिरफ्तार कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की.

जीजा के लांछन पर साली ने लगाई आग, आरोपी गिरफ्तार

बिलासपुर. महिला के चरित्र पर लांछन लगाकर विवाद करने और उसके बाद महिला द्वारा आत्मघाती कदम उठाने के मामले में मल्हार पुलिस ने आरोपी जीजा को गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार, शादी समारोह के दौरान हुए विवाद से महिला मानसिक तनाव में थी. आग लगाने के बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. मर्ग जांच में मिले साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 108 के तहत अपराध दर्ज कर कार्रवाई की है. भगवानपाली निवासी 28 वर्षीय गीताराय ने वर्ष 2024 में अपनी इच्छा से सतीश कुमार राय से विवाह किया था. 15 से 16 अप्रैल 2026 के बीच वह अपने पति के साथ मुंगेली जिले के पथरिया थाना क्षेत्र के ग्राम बरछा में अपने मामा कृष्ण बंजारे के घर आयोजित विवाह समारोह में शामिल होने गई थी. इसी दौरान उसके जीजा विनेत जोगी (44), निवासी टिकारी ने उसके चरित्र पर लांछन लगाते हुए विवाद किया था. पुलिस के मुताबिक, 18 अप्रैल 2026 की रात 11 बजे गीताराय ने आग लगा ली. गंभीर हालत में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. मामले में कार्रवाई करते हुए मल्हार चौकी पुलिस ने आरोपी विनेत जोगी 44 वर्ष निवासी टिकारी को पूछताछ के लिए बुलाया. विवेचना के दौरान सामने आए तथ्यों के आधार पर पुलिस ने 15 अक्टूबर को शाम 5:30 बजे उसे गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने बताया कि आरोपी का स्वास्थ्य परीक्षण कराने के बाद उसे न्यायालय में पेश कर रिमांड की प्रक्रिया की जा रही है.

जेल में बंद आदिवासी महिला की इलाज के दौरान मौत

बिलासपुर. केंद्रीय जेल में बंद एक आदिवासी महिला की उपचार के दौरान मौत हो गई. महिला की तबीयत बिगड़ने पर उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया था. हालत गंभीर होने पर सिम्स से अपोलो अस्पताल रेफर किया गया, जहां 14 अक्टूबर की रात इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया. महिला को मल्टी ऑर्गन समस्या होने की जानकारी सामने आई है. मिली जानकारी के अनुसार तोरवा निवासी निशा ध्रुव और उसके पति गोपीचंद ध्रुव को 10 अक्टूबर को पाक्सो एक्ट में जेल भेजा गया था. जेल में रहने के दौरान 12 अक्टूबर को निशा ध्रुव की तबीयत अचानक बिगड़ गई. इसके बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया. हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे सिम्स से अपोलो अस्पताल रेफर कर दिया था. यहां उपचार के दौरान 14 अक्टूबर की रात उसकी मौत हो गई. वहीं, महिला के पति गोपीचंद को 14 अक्टूबर को ही जमानत पर जेल से रिहा कर दिया गया. घटना के बाद जेल में महिला की तबीयत बिगड़ने और उपचार के दौरान उसकी मौत का मामला सामने आया है. जेल अधीक्षक खोमेश मंडावी ने बताया कि निशा ध्रुव और उसके पति को 10 अक्टूबर को जेल लाया गया था. 12 अक्टूबर को निशा की तबीयत बिगड़ने पर उसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया था. इसके बाद उसे बेहतर इलाज के लिए अपोलो अस्पताल रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई.

70.77 लाख की ठगी का मास्टरमाइंड गिरफ्तार

रायगढ़. जिले में शेयर मार्केट के नाम पर ग्रामीण महिलाओं से लाखों रुपये ठगने वाले गिरोह के मुख्य सरगना (मास्टरमाइंड) को साइबर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. पकड़े गए आरोपी का नाम मिनकेतन सिदार (40 साल) है, जो तमनार के आमगांव का रहने वाला है. इस गिरोह ने पुसौर इलाके की महिलाओं को पैसा डबल करने का लालच देकर कुल 70 लाख 77 हजार 901 रुपये की ठगी की थी. इस बड़े फर्जीवाड़े में पुलिस ने 6 अक्टूबर को मेनका सारथी नाम की महिला को गिरफ्तार किया था. जब पुलिस ने मेनका से सख्ती से पूछताछ की, तो उसने उगला कि इस पूरे खेल का असली मास्टरमाइंड मिनकेतन सिदार है. रायगढ़ में किराये के मकान में रहने के दौरान मेनका की पहचान मिनकेतन से हुई थी और उसी ने शेयर मार्केट के नाम पर लोगों से पैसे ऐंठने का पूरा प्लान बनाया था. मेनका के बयान और बैंक डिटेल्स के आधार पर साइबर पुलिस ने तमनार इलाके में छापा मारकर मिनकेतन को पकड़ लिया. पुलिस ने उसके पास से ठगी में इस्तेमाल किया गया मोबाइल और बैंक खातों की जानकारी जब्त कर ली है. कोर्ट में पेश करने के बाद उसे जेल (न्यायिक रिमांड) भेज दिया गया है. शुरुआत में इस गिरोह ने कुछ महिलाओं को मुनाफे के पैसे वापस किए ताकि उनका भरोसा जीता जा सके. लेकिन बाद में पैसे देना बंद कर दिया. जब महिलाओं ने अपने मूल पैसे वापस मांगे, तो पता चला कि वह पैसा शेयर मार्केट में नहीं, बल्कि निजी कामों में उड़ा दिया गया है. पैसे मांगने पर उल्टा महिलाओं को जेल भिजवाने की धमकी दी जाने लगी. मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देश पर साइबर पुलिस ने जांच शुरू की थी. जांच में पता चला कि मेनका की मां मीरा सोनवानी महिलाओं से कैश इकट्ठा कर बैंक में डालती थी और पति अक्षय मुनाफे का लालच देने का काम करता था. पुलिस ने 22 जुलाई 2026 को मेनका, अक्षय और मीरा के खिलाफ केस दर्ज किया था. इस मामले में मेनका और मुख्य आरोपी मिनकेतन पकड़े जा चुके हैं, जबकि पुलिस अभी अन्य फरार आरोपियों की सरगर्मी से तलाश कर रही है. यह मामला पुसौर थाने के जतरी और आस-पास के गांवों का है. जतरी की रहने वाली मेनका सारथी (जिसकी शादी सक्ती जिले में अक्षय सारथी से हुई है) जब भी अपने मायके आती थी, तो गांव की महिलाओं को शेयर मार्केट में निवेश कर कम समय में पैसा डबल होने का लालच देती थी. उसने महिलाओं को इतना भरोसा दिलाया कि अगर पैसा डूब गया, तो वह और उसका पति अपनी जिम्मेदारी पर पूरे पैसे वापस करेंगे. उसके झांसे में आकर गांव की कई महिलाओं ने नकद और ऑनलाइन पैसे दे दिए. ठगी का शिकार हुई महिलाओं में हारा बाई निषाद से 17 लाख 53 हजार, अनिता निषाद से 17 लाख 24 हजार, पुष्पा सिदार से 9 लाख और विष्णु प्रिया निषाद से 7 लाख 50 हजार रुपये सहित कई अन्य महिलाओं से कुल 70.77 लाख रुपये लिए गए. कुछ महिलाओं ने तो बैंक से लोन लेकर भी पैसे दिए थे, जिसकी किश्तें अब बेचारी महिलाओं को खुद भरनी पड़ रही हैं.

स्कूल जाने निकली छात्रा रहस्यमय ढंग से लापता

कोरबा. स्कूल में पढ़ने वाली  दसवीं कक्षा की छात्रा सरकारी रहस्यमयढंग से लापता हो गई है. उसे उसका पिता स्कूल के सामने छोड़ कर गया था, लेकिन वह न तो स्कूल पहुंची और न ही घर लौटी. पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे खंगाले तो उसकी एक तस्वीर कैद मिली है, जिसमें वह स्कूल यूनिफार्म को बदल कर सिविल ड्रेस में कहीं जाते दिखाई दे रही है. मामले में पुलिस ने अपहरण की प्रकरण दर्ज कर पतासाजी शुरू कर दी है. मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र का है. बताया जा रहा है कि क्षेत्र में रहने वाले एक परिवार की बेटी स्थानीय विद्यालय में कक्षा दसवीं की छात्रा है. उसके पिता बेटी को लेकर घर से स्कूल के लिए निकले. वे स्कूल के सामने बेटी को छोड़ अपने काम पर चले गए. देर शाम तक छात्रा घर नही पहुंची तो परिजनों को चिंता सताने लगी. उन्होंने अपने स्तर पर पतासाजी के बाद थाना पहुंचकर सूचना दे दी. मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने नाबालिग की पतासाजी शुरू की. इस दौरान स्कूल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे को खंगालने पर चौंकाने वाली तस्वीर सामने आई. सीसीटीवी कैमरे छात्रा स्कूल यूनिफार्म को बदल सिविल ड्रेस में जाते दिखाई दे रही थी. इस तस्वीर के आधार पर पुलिस अपहरण का प्रकरण दर्ज कर विभिन्न बिंदुओं पर विवेचना करते हुए छात्रा की पतासाजी कर रही है.

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H