Bilaspur News Update : बिलासपुर. बिलासा देवी केवट हवाई अड्डे से यात्रा करने वाले यात्रियों को एक बार फिर बड़ी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. एलाइंस एयर के विमानों के मेंटेनेंस में जाने के कारण रविवार को दिल्ली-प्रयागराज-बिलासपुर और बिलासपुर-दिल्ली की सीधी उड़ान रद्द कर दी गई है. इसके पहले भी उड़ान रद्द की जा चुकी है. अनियमित उड़ानों और अंतिम समय में फ्लाइट कैंसिल होने से एयरपोर्ट पर यात्रियों की संख्या पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है. एलाइंस एयर के अधिकांश विमान वर्तमान में मेंटेनेंस में खड़े हैं. समिति के अनुसार कंपनी के पास कुल 20 एटीआर विमान हैं, लेकिन मेंटेनेंस की समस्याओं के चलते उड़ानों का संचालन ठप्प हो रहा है. पिछले महीने ही बिलासपुर में टायर फटने की घटना समेत कुल तीन विमान मेंटेनेंस के लिए भेजे गए हैं. हवाई यात्रा का मुख्य उद्देश्य समय की बचत और निश्चित शेड्यूल होता है. लेकिन बार-बार उड़ानों के समय में बदलाव और अचानक रद्द होने के फैसलों से यात्रियों का भरोसा बिलासपुर एयरपोर्ट से लगातार घट रहा है. बिलासपुर एयरपोर्ट के विस्तार और नियमित उड़ानों की मांग को लेकर हवाई सुविधा जन संघर्ष समिति का महाधरना शनिवार को भी जारी रहा. इसमें अनिल गुलहरे, बद्री यादव, शिरीष कश्यप, ऋषि राज गौतम, विभूति भूषण गौतम, चित्रकांत श्रीवास, प्रकाश बहरानी, समीर अहमद बबला, देवेंद्र सिंह ठाकुर, संतोष पीपलवा, मजहर खान, राघवेंद्र सिंह ठाकुर, डॉ. प्रदीप राही, महेश दुबे, टाटा राशिद बख्श, केशव गोरख, अमर बजाज, रणजीत सिंह खनूजा, अकील अली और सुदीप श्रीवास्तव शामिल रहे. हवाई सुविधा जन संघर्ष समिति ने केवल एक एयरलाइन पर निर्भरता को लेकर सवाल खड़े किए हैं. समिति ने मांग की है कि राज्य सरकार द्वारा बिलासपुर, अंबिकापुर और जगदलपुर से हवाई सेवा संचालन के लिए दी जा रही सब्सिडी के लिए ओपन टेंडर आमंत्रित किया जाए. ओपन टेंडर से अन्य एयरलाइंस जिनके पास एटीआर विमान उपलब्ध हैं, वे प्रतिस्पर्धा में भाग ले सकेंगी और यात्रियों को बेहतर व विश्वसनीय सुविधा मिल सकेगी. समिति ने वित्त एवं विमानन विभाग के अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि पारदर्शी ओपन टेंडर प्रक्रिया से बचने का औचित्य समझ से परे है. उन्होंने रायपुर और बिलासपुर के बीच पारंपरिक प्रतिस्पर्धा का जिक्र करते हुए अधिकारियों से निष्पक्ष दृष्टिकोण अपनाने की अपील की.
तलाक को लेकर विवाद, पत्नी पर पिटाई का आरोप
बिलासपुर. पत्नी और बच्चों से मिलने बिलासपुर पहुंचे एक शिक्षक ने अपनी पत्नी और सास पर गाली-गलौज व मारपीट करने का आरोप लगाया है. शिक्षक की शिकायत पर सिरगिट्टी पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. डभरा क्षेत्र के ग्राम तेन्दुमुड़ी छिपिया निवासी किसन कुमार दिव्य शिक्षक हैं और वर्तमान में महगई में किराये के कमरे में रहते हैं. उन्होंने पुलिस को बताया कि वे ग्राम पथरी में शिक्षक के पद पर पदस्थ हैं. उनकी पत्नी शकुन्तला बंजारे और बच्चे बिलासपुर में रहते हैं. 26 सितंबर को वे पत्नी और बच्चों से मिलने बिलासपुर आए थे. इस दौरान उनकी सास रोहणी बाई बंजारे भी वहीं थीं. शिकायत के अनुसार 27 सितंबर की रात करीब 2 बजे पत्नी ने उनसे कहा कि वह उनके साथ नहीं रहना चाहती और दूसरी शादी करने वाली है, इसलिए तलाक दे दें. शिक्षक के मना करने पर विवाद बढ़ गया. पत्नी गाली-गलौज करने लगी और सास के आने के बाद दोनों ने हाथ-मुक्का और लात से मारपीट की. शिक्षक का आरोप है कि पत्नी ने खुद को रेलवे पुलिस में होने की बात कहते हुए रेलवे पटरी पर लेटा देने और झूठे केस में फंसाने की धमकी भी दी. घटना के बाद उन्होंने अपने पिता को जानकारी दी और पुलिस में शिकायत की. सिरगिट्टी पुलिस ने मामले में अपराध दर्ज कर लिया है. इससे पहले पत्नी ने भी मारपीट की शिकायत थाने में दर्ज करा चुकी है.
500 रुपये के लिए वृद्धा का मर्डर
मुंगेली. ग्राम उमरिया में 26-27 सितंबर की दरम्यानी रात वृद्ध महिला सोनकलिया बाई डहरिया की गला रेतकर हत्या के मामले का पथरिया पुलिस ने छह दिन के भीतर खुलासा कर दिया. पुलिस के अनुसार, हत्या गांव के ही एक विधि से संघर्षरत बालक ने की. उसने कथित तौर पर अपना गिरवी रखा मोबाइल छुड़ाने के लिए मृतिका से 500 रुपये मांगे थे. रुपये नहीं देने पर गुस्से में आकर हंसिया से हमला कर उसकी हत्या कर दी. जानकारी के अनुसार, 27 सितंबर को मृतिका की भांजी दिव्या भारती ने चौकी साकेत में अज्ञात आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी. जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण करने के साथ फॉरेंसिक, तकनीकी साक्ष्य और मुखबिर तंत्र की मदद से जांच आगे बढ़ाई. पूछताछ और पतासाजी के दौरान पुलिस को गांव के ही एक विधि से संघर्षरत बालक के संबंध में जानकारी मिली. पुलिस के मुताबिक, बालक से उसके पिता/संरक्षक की मौजूदगी में पूछताछ की गई. पूछताछ में उसने मोबाइल छुड़ाने के लिए मृतिका से 500 रुपये मांगने और रुपये नहीं मिलने पर हंसिया से हमला करने की बात बताई. कार्रवाई पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. प्रशांत शुक्ला के मार्गदर्शन एवं उप पुलिस अधीक्षक हरविंदर सिंह के नेतृत्व में थाना पथरिया, साइबर सेल और चौकी साकेत की टीम ने की. थाना प्रभारी निरीक्षक पवन देवांगन सहित पुलिस टीम के सदस्यों की कार्रवाई में महत्वपूर्ण भूमिका रही. पुलिस ने बालक की निशानदेही पर घटना के समय पहने गए टी-शर्ट और जींस पैंट उसके घर से बरामद किए. पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद 3 अक्टूबर को सामाजिक पृष्ठभूमि पत्र तैयार कर बालक को अभिरक्षा में लिया गया. उसे किशोर न्याय बोर्ड मुंगेली के समक्ष पेश किया गया, जहां से पृथक बाल संप्रेक्षण गृह दाखिल किया गया.
16 माह बाद सुलझी मर्डर मिस्ट्री
हत्या के इरादे से शराब में कीटनाशक मिलाकर पिलाने से हुई मौत का मामला 16 माह बाद सुलझा. फोरेसिक रिपोर्ट से हुए खुलासे के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया. मामला पुलिस चौकी नैला का है. 22 मई 2025 को रामायण सूर्यवंशी उम्र 55 वर्ष, निवासी हाथी टिकरा, चौकी नैला की उपचार के दौरान संदिग्ध परिस्थितियों में मृत्यु हो गई थी. पुलिस जांच के दौरान यह बात सामने आई कि सुरेन्द्र साहू उर्फ मोनू, पिता लखन लाल, निवासी वार्ड क्रमांक 6 बजरंग चौक, हाथीटिकरा, चौकी नैला, रामायण को शराब पिलाने के बहाने अपने साथ ले गया था. जानकारी के अनुसार 22 मई 2025 की शाम लगभग 7 बजे रामायण अपनी पत्नी एवं पुत्री के साथ किराना दुकान में मौजूद था. इसी दौरान आरोपी सुरेन्द्र साहू उर्फ मोनू वहां पहुंचा और रामायण को शराब पिलाने के बहाने अपने तीन चक्का स्कूटर में बैठाकर पास स्थित एक ईंट भट्ठे के पास ले गया. जांच में सामने आए साक्ष्यों के अनुसार वह पूर्व से ही हत्या करने की योजना बनाकर आया था. आरोपी अपने साथ अंग्रेजी शराब लेकर गया तथा शराब के गिलास में चोरी-छिपे कीटनाशक जहर मिलाकर पिला दिया. कुछ समय बाद मृतक की तबीयत बिगड़ने लगी. सूचना मिलने पर उसकी पत्नी एवं पुत्री मौके पर पहुंचीं, तभी आरोपी मौके से फरार हो गया. मौके पर शराब की बोतल एवं डिस्पोजल गिलास पाए गए. स्थानीय लोगों की सहायता से गंभीर अवस्था में मृतक को 108 एंबुलेंस के माध्यम से जिला अस्पताल जांजगीर ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसी रात उसकी मृत्यु हो गई. मर्ग जांच एवं विवेचना के दौरान प्राप्त साक्ष्यों के आधार पर आरोपी सुरेन्द्र साहू उर्फ मोनू के विरुद्ध धारा 103(1) बीएनएस एवं धारा 3(2) (5) एससी, एसटी एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया. आरोपी सुरेन्द्र साहू उर्फ मोनू को उसके निवास से पकड़ा गया तथा घटना के संबंध में पूछताछ की गई. प्रकरण में उपलब्ध साक्ष्यों एवं विवेचना के आधार पर आरोपी सुरेन्द्र साहू उर्फ मोनू, पिता लखन लाल, निवासी वार्ड क्रमांक 06 बजरंग चौक, हाथीटिकरा, चौकी नैला, थाना जांजगीर, को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया.
रायपुर में चांपा के युवक की करंट लगने से मौत
चांपा. फिटर वेल्डर का काम करने वाले युवक की करंट लगने से मौत के बाद तिरूपति मोटर्स के मेन गेट पर आक्रोशितों ने हंगामा कर दिया. ये लोग धरना प्रदर्शन पर बैठ गए. घटना शनिवार 3 अक्टूबर शाम साढ़े 5 बजे की है. मामले का एक दुःखद पहलू यह भी है कि मृत युवक के चार माह की मासूम बच्ची भी है. इस दुर्घटना से परिवार के समक्ष पालन पोषण की समस्या हो गई है. जानकारी के अनुसार शिवराम धीवर को तिरुपति मोटर्स के माध्यम से काम के सिलसिले में रायपुर भेजा गया था, जहां कार्य के दौरान करंट लगने से उसकी मौत हो गई. घटना की खबर चांपा पहुंची तो करीब 40 से 50 लोग चांपा बिर्रा ओवरब्रिज के पास तिरुपति मोटर्स के प्रतिष्ठान पहुंच गए और मुख्य गेट के सामने बैठकर धरना प्रदर्शन करने लगे. युवक का शव शनिवार शाम करीब 5:30 से 6 बजे के बीच चांपा लाया गया. इसके बाद परिजन और स्थानीय लोग मुआवजे की मांग करने लगे. प्रदर्शन कर रहे परिजनों के अनुसार, घटना के बाद अब तक प्रतिष्ठान के मालिक या किसी जिम्मेदार अधिकारी की ओर से मुआवजे को लेकर कोई स्पष्ट जवाब नहीं मिला है. इसी बात को लेकर परिजन अपनी मांग पर अड़े हुए हैं. मौके पर चांपा पुलिस पहुंची. देर शाम तक तिरुपति मोटर्स के गेट के सामने परिजनों और स्थानीय लोगों का जमावड़ा बना रहा.

कांस्टेबल की नौकरी लगाने के नाम पर 11.30 लाख की ठगी
रायगढ़. नौकरी लगाने का झांसा देकर 11 लाख 30 हजार रुपए की ठगी के मामले में फरार चल रहे आरोपी अमन यादव (25), निवासी लामरदहा, थाना चक्रधरनगर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई. पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है. मामला चक्रधरनगर थाने में दर्ज अपराध क्रमांक 475/2025 से जुड़ा है. छोटे अतरमुड़ा निवासी 60 वर्षीय अलेन किड़ो ने 25 अक्टूबर 2025 को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनके भतीजे राहुल किड़ो को छत्तीसगढ़ पुलिस में कांस्टेबल पद पर नौकरी दिलाने का झांसा देकर आरोपियों ने उनसे 11 लाख 30 हजार रुपए की ठगी की. पुलिस के अनुसार, मामले में आरोपी उत्तरा सिदार और संजू यादव ने शुरुआत में रकम की मांग की. उत्तरा सिदार को 30 हजार और संजू यादव को 20 हजार रुपए दिए गए. इसके बाद रायपुर निवासी विकास सिदार के नाम का उल्लेख करते हुए नौकरी लगवाने के लिए अलग-अलग बैंक खातों में रकम जमा कराई गई. जांच के दौरान आरोपियों द्वारा फर्जी दस्तावेज और नियुक्ति पत्र दिखाकर पीड़ित पक्ष को विश्वास में लेने की बात सामने आई. मामले में पुलिस ने उत्तरा सिदार (50), निवासी कांटाहरदी, थाना कोतरारोड और संजू यादव (27), निवासी छोटे अतरमुड़ा, रायगढ़ को 26 अक्टूबर 2025 को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा था. फरार आरोपियों के संबंध में 3 फरवरी 2026 को धारा 173 (8) सीआरपीसी के तहत चालान भी पेश किया गया था. फरार आरोपियों की लगातार तलाश और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही थी. पुलिस के बढ़ते दबाव के बीच अमन यादव न्यायालय में सरेंडर करने पहुंचा. इसकी सूचना मिलने पर चक्रधरनगर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया. जांच में सामने आया कि अमन यादव ने अन्य आरोपियों के कहने पर ठगी की रकम प्राप्त करने के लिए अपना बैंक खाता उपलब्ध कराया था. इसके बदले उसे रकम दिए जाने की बात भी जांच में सामने आई है. कार्रवाई में उप निरीक्षक गेंद लाल साहू एवं हमराह स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही.
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

