Bilaspur News Update, बिलासपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के बिलासपुर रेल मंडल में ऑटोमेटिक सिग्नलिंग कमीशनिंग का कार्य किया जाएगा। इसके चलते बिलासपुर-रायगढ़ रेल सेक्शन में चलने वाली दो मेमू पैसेंजर ट्रेनों का परिचालन 2 नवंबर को रद्द रहेगा।
रेलवे के अनुसार, चांपा-रायगढ़ सेक्शन के सक्ती से झाराडीह और झाराडीह से खरसिया स्टेशन के बीच ऑटोमेटिक सिग्नलिंग का कार्य किया जाएगा। इस कार्य के लिए नॉन-इंटरलॉकिंग की वजह से ट्रेनों का परिचालन प्रभावित रहेगा।
2 नवंबर को रद्द रहने वाली ट्रेनें:
68737 रायगढ़-बिलासपुर मेमू पैसेंजर
68738 बिलासपुर-रायगढ़ मेमू पैसेंजर
शेयर मार्केट के नाम पर लाखों की ऑनलाइन ठगी
बिलासपुर। शेयर मार्केट में निवेश कर मोटा मुनाफा कमाने का झांसा देकर दो लोगों से करीब 15 लाख 20 हजार रुपए की ऑनलाइन ठगी का मामला सामने आया है। ठगों ने एक व्यक्ति को मोबाइल एप के जरिए निवेश करने का लालच दिया, जबकि दूसरे व्यक्ति को भी शेयर मार्केट में मुनाफा कमाने का झांसा दिया गया। दोनों मामलों में सरकंडा पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
एप डाउनलोड कराया, फिर 7.20 लाख रुपए ठगे
पुलिस के अनुसार, अशोक विहार फेस-2 निवासी अश्वनी देवांगन के मोबाइल पर शेयर मार्केट में निवेश कर मोटी रकम कमाने का दावा करने वाला एक एप भेजा गया था। एप डाउनलोड करने के बाद उन्हें फोन कर अधिक मुनाफा कमाने का लालच दिया गया। आरोपियों की बातों में आकर अश्वनी शेयर मार्केट में निवेश करने लगे। शुरुआत में मुनाफा मिलने पर उन्होंने बड़ी रकम लगानी शुरू कर दी। इसके बाद जब उन्होंने मुनाफे की राशि वापस मांगनी चाही, तो उन्हें टालमटोल किया जाने लगा। इस तरह उनसे 7 लाख 20 हजार रुपए की ऑनलाइन ठगी कर ली गई।
दूसरे व्यक्ति से 8 लाख रुपए की ठगी
इसी तरह तोरवा थाना क्षेत्र के देवरीखुर्द निवासी मुगराला हेमंतराव को भी शेयर मार्केट में निवेश कर मोटा मुनाफा कमाने का झांसा दिया गया। आरोपियों ने उनसे 8 लाख रुपए की ऑनलाइन ठगी कर ली। दोनों मामलों में पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ठगी से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है।

खराब मौसम के चलते रोजगार मेला स्थगित
बिलासपुर। खराब मौसम और रेड अलर्ट के चलते बिलासपुर में 29 अक्टूबर को आयोजित होने वाला रोजगार मेला स्थगित कर दिया गया है। जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केंद्र, कोनी में यह मेला सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक आयोजित होना प्रस्तावित था।
उपसंचालक रोजगार ने बताया कि खराब मौसम और जारी रेड अलर्ट को देखते हुए लोगों की सुरक्षा के मद्देनजर रोजगार मेले को आगामी तिथि तक स्थगित करने का निर्णय लिया गया है।
रोजगार मेले के माध्यम से नौकरी पाने की तैयारी कर रहे युवाओं को अब नई तारीख का इंतजार करना होगा। विभाग ने स्पष्ट किया है कि मेले की अगली तिथि निर्धारित होने के बाद इसकी सूचना अलग से जारी की जाएगी।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

