Bilaspur News Update : बिलासपुर. सरकंडा थाना क्षेत्र में नाबालिग को बहला-फुसलाकर दुष्कर्म करने के आरोप में पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार, आरोपी दीपक चतुर ने पढ़ाई में मदद करने के बहाने नाबालिग से नजदीकियां बढ़ाई थीं. आरोप है कि बाद में बदनाम करने की धमकी देकर उसे चुप रहने के लिए कहा गया. पीड़िता की बहन की शिकायत पर सरकंडा पुलिस ने मामला दर्ज किया. आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं और पॉक्सो एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है.
दुर्गा पंडाल के पास विवाद के बाद घर में घुसकर मारपीट, नाबालिग समेत 4 गिरफ्तार
बिलासपुर. मंगला के गोपी चौक इलाके में दुर्गा पंडाल के पास हुए विवाद के बाद घर में घुसकर मारपीट और तोड़फोड़ करने के मामले में सिविल लाइन पुलिस ने नाबालिग समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने शुभम यादव, उसकी दादी, पिता कलेश यादव, मां इंद्राणी यादव और भाई के साथ मारपीट की थी. इस दौरान घर के दरवाजे और मोटरसाइकिल को भी नुकसान पहुंचाया गया. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और वीडियो के आधार पर कार्रवाई की. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान महेन्द्र उर्फ गोलू यादव, संकेत यादव, ओंकार यादव और एक नाबालिग के रूप में हुई है.
चीनी की जमाखोरी पर केंद्र सख्त
बिलासपुर. चीनी की जमाखोरी रोकने के लिए केंद्र सरकार ने स्टॉक रखने के नियमों को लेकर सख्ती की है. नए निर्देशों के अनुसार, व्यापारी एक समय में 1000 क्विंटल से अधिक चीनी का स्टॉक नहीं रख सकेंगे. इसके अलावा, स्टॉक प्राप्त होने के 15 दिनों के भीतर उसका भंडारण खत्म करना होगा. व्यापारियों को प्रत्येक शुक्रवार पोर्टल पर अपने स्टॉक का विवरण भी देना होगा. निर्धारित सीमा से अधिक स्टॉक मिलने पर आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा सकती है. बिलासपुर में चीनी के 15 स्टॉकिस्ट पंजीकृत हैं. कलेक्टर की निगरानी में खाद्य एवं राजस्व विभाग के अधिकारी स्टॉक की जांच करेंगे.
बिलासपुर हाईकोर्ट में सरकार की पैरवी के लिए विधि अधिकारियों की नियुक्ति
बिलासपुर. छत्तीसगढ़ शासन ने हाईकोर्ट में सरकार की ओर से पैरवी करने के लिए विधि अधिकारियों की नियुक्ति की है. विधि एवं विधायी कार्य विभाग ने इस संबंध में दो अलग-अलग आदेश जारी किए हैं. जारी जानकारी के अनुसार, शर्मिला सिंघई और सुमित सिंह को अतिरिक्त महाधिवक्ता नियुक्त किया गया है. वहीं, सुनीता माणिकपुरी और अविनाश चंद साहू को उप महाधिवक्ता की जिम्मेदारी सौंपी गई है. अरविंद दुबे, शरद मिश्रा और एचएपीएस भाटिया को शासकीय अधिवक्ता तथा अक्षय उप्पल को उप शासकीय अधिवक्ता नियुक्त किया गया है. जानकारी के मुताबिक, कुल 31 अधिवक्ताओं की नियुक्ति की गई है, जबकि 23 पैनल लॉयर भी बनाए गए हैं. विधि अधिकारियों का कार्यकाल दो वर्ष निर्धारित किया गया है.
45.21 लाख रुपये की जमीन धोखाधड़ी, दो आरोपी गिरफ्तार
बिलासपुर. शहर में शासकीय पट्टे की 20 एकड़ जमीन को निजी बताकर सौदा करने के मामले में 45.21 लाख रुपये की धोखाधड़ी का खुलासा हुआ है. सिविल लाइन पुलिस ने मामले में 71 वर्षीय बुजुर्ग समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. मामला मंगला-धमनी रोड स्थित जमीन से जुड़ा है. आरोप है कि शासकीय पट्टे की जमीन को निजी संपत्ति बताकर उसका सौदा किया गया और इस तरह धोखाधड़ी की गई. शिकायत के आधार पर पुलिस ने जांच की और कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. मामले में पुलिस आगे की जांच कर रही है.
उसलापुर ओवरब्रिज के नीचे रातों-रात काटे गए नीलगिरी के 10 पेड़, जांच के निर्देश
बिलासपुर. उसलापुर ओवरब्रिज के नीचे सरकारी जमीन पर नीलगिरी के 10 पेड़ काटे जाने का मामला सामने आया है. आरोप है कि शॉपिंग कॉम्प्लेक्स निर्माण के लिए बिना अनुमति रातों-रात पेड़ों की कटाई की गई. स्थानीय लोगों के मुताबिक, कटाई छिपाने के लिए पूरे क्षेत्र को ग्रीन नेट से ढक दिया गया था. घटना के बाद मौके पर पेड़ों के ठूंठ दिखाई दे रहे हैं. स्थानीय लोगों ने इसका वीडियो भी बनाया है. इसके साथ ही कॉम्प्लेक्स निर्माण में नक्शे के उल्लंघन की शिकायत भी की गई है. मामले को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर संजय अग्रवाल ने जांच के निर्देश दिए हैं. वन विभाग से भी इस संबंध में जानकारी ली जा रही है. अब जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि पेड़ों की कटाई के लिए अनुमति ली गई थी या नहीं और निर्माण कार्य में नियमों का पालन किया जा रहा है या नहीं.
नकली नोट को बाजार में खपाने की कोशिश
हसौद. हसौद क्षेत्र में नकली नोट को बाजार में खपाने का मामला सामने आया है. शुक्रवार, 23 अक्टूबर की शाम करीब 7:30 बजे डेलीनीड्स दुकान में लेनदेन के दौरान नोट पर संदेह होने के बाद दो युवकों को स्थानीय लोगों ने पकड़ा. युवकों के पास से 1100 रुपये के कथित नकली नोट मिलने की बात कही जा रही है. इसके बाद दोनों को हसौद पुलिस के हवाले किया गया. जानकारी के अनुसार, होंडा एक्टिवा क्रमांक सीजी 13 एजे 9089 से पहुंचे दोनों युवक गोड़धोवा तालाब के पास स्कूटी खड़ी कर दुकान में बिस्कुट खरीदने पहुंचे. भुगतान के लिए 100 रुपये का नोट देने पर दुकानदार को उसकी वास्तविकता को लेकर संदेह हुआ. इसके बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और मामले की जानकारी पुलिस को दी गई. स्थानीय लोगों के अनुसार, तलाशी के दौरान एक युवक के पास से 500 रुपये के दो और 100 रुपये का एक नोट, कुल 1100 रुपये के नकली नोट मिले. दोनों युवकों को पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया. बताया जा रहा है कि युवकों ने अपना निवास कोसीर कहरापारा, जिला सारंगढ़ बिलाईगढ़ बताया. घटना के बाद दोनों युवकों को कुछ समय पश्चात छोड़ दिए जाने की चर्चा क्षेत्र में हो रही है. हालांकि, इस संबंध में पुलिस की ओर से विस्तृत जानकारी सामने आना बाकीहै. कथित नोटों की जांच, उनकी जब्ती और मामले में की गई कार्रवाई के बारे में आधिकारिक जानकारी मिलने पर ही पूरे घटनाक्रम की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी. इस संबंध में हसौद थाना प्रभारी विंटन साहू ने बताया, “मुझे इसके बारे में जानकारी नहीं है, मैं मर्डर वाले मामले में व्यस्त था. इस घटना के बाद दुकानदारों को नकदी लेते समय नोटों की जांच करने और किसी भी संदिग्ध स्थिति में पुलिस को सूचना देने की जरूरत है. फिलहाल मामले में कथित नकली नोटों की वास्तविकता और आगे की कार्रवाई को लेकर आधिकारिक जानकारी का इंतजार है.

गांजा तस्करी में 2 आरोपी गिरफ्तार
रायगढ़. अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए पुसौर पुलिस ने गांजा तस्करी के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा है. पुलिस ने ग्राम बड़े भंडार में नाकेबंदी कर ओडिशा से मोटरसाइकिल के जरिए गांजा लेकर आ रहे आरोपी को करीब 3 किलो गांजा के साथ पकड़ा. विवेचना के दौरान गांजा मंगाने वाले खरीदार की भी पहचान कर उसे गिरफ्तार किया गया. पूछताछ में सामने आया कि खरीदार ने तीन किलो गांजा मंगाने के लिए आरोपी से मोबाइल पर संपर्क किया था और इसके एवज में 14,850 ट्रांसफर किए थे. जानकारी के अनुसार, 25 अक्टूबर 2026 को थाना प्रभारी पुसौर निरीक्षक हर्षवर्धन सिंह बैस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति काले रंग के बैग में गांजा लेकर होंडा साइन एसपी 125 मोटरसाइकिल क्रमांक सीजी 11 बीआर 3641 से ओडिशा की ओर से चंद्रपुर होते हुए रायगढ़ आ रहा है. सूचना से वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराकर उनके मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने नाकेबंदी की. मुखबिर के बताए हुलिए के अनुसार ग्राम बड़े भंडार में प्रियंका किराना स्टोर के सामने मुख्य सड़क पर घेराबंदी कर संदिग्ध को पकड़ा गया. पूछताछ में उसने अपना नाम लब सा (30 वर्ष), निवासी झारसुगुड़ा, ओडिशा, वर्तमान निवास चक्रधर कॉलोनी, चंद्रपुर, जिला सक्ती बताया. संदेही के पास से 3 पैकेट में करीब 2.893 किलो गांजा (1.40 लाख रूपये) मिला, पूछताछ में गांजा परिवहन के संबंध में जानकारी मिलने पर उसके विरुद्ध थाना पुसौर में धारा 20 (ख) एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई. आरोपी लब सा से गांजा परिवहन में प्रयुक्त मोटर सायकल होंडा साइन मोटरसाइकिल कीमती करीब 50,000 रूपये की जप्ती की गई . विवेचना के दौरान आरोपी के कथन के आधार पर गांजा मंगाने वाले राजू दास महंत (39 वर्ष), निवासी बरमुड़ा, थाना कोतरारोड़, रायगढ़ की तलाश की गई. पूछताछ में राजू दास महंत द्वारा मोबाइल फोन के माध्यम से लब सा से संपर्क कर तीन किलो गांजा मंगाने तथा इसके एवज में कियोस्क बैंक ग्राहक सेवा केंद्र के माध्यम से 14,850 ट्रांसफर करने की जानकारी सामने आई. पुलिस ने आरोपी राजू दास महंत के कब्जे से वीवो कंपनी के दो मोबाइल फोन, मॉडल वी 2029 एवं वीवो टी4 लाईट 5 जी, (दोनों मोबाइल कीमती करीब 50 हजार) जब्त किए. दोनों आरोपियों से करीब 2 लाख 40 हजार की मशरूका जप्त कर दोनों को 25 अक्टूबर को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है.
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

