Bilaspur News Update : मुंगेली. मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज मुंगेली जिले को 353 करोड़ 58 लाख रुपये से अधिक की विकास सौगात देंगे. जिला मुख्यालय मुंगेली में आयोजित इस बड़े कार्यक्रम में मुख्यमंत्री 414 विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे. इनमें 152 करोड़ 02 लाख रुपये से अधिक लागत के 284 कार्यों का लोकार्पण और 201 करोड़ 56 लाख रुपये से अधिक के 130 कार्यों का भूमिपूजन शामिल है. कार्यक्रम का मुख्य आयोजन डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी स्टेडियम, मुंगेली में होगा. मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर प्रशासन और पुलिस विभाग पूरी तरह अलर्ट मोड में है.
जारी प्रोटोकॉल के अनुसार मुख्यमंत्री सुबह 10:30 बजे मुख्यमंत्री निवास रायपुर से रवाना होंगे और पुलिस ग्राउंड हेलीपेड से हेलीकॉप्टर द्वारा जशपुर जिले के कुनकुरी विकासखंड स्थित ग्राम कलिबा पहुंचेंगे. वहां आरक्षित कार्यक्रम में शामिल होने के बाद वे दोपहर 2:25 बजे कबीरधाम जिले के पंडरिया विकासखंड स्थित पाण्डातराई पहुंचेंगे. इसके बाद डोंगरिया (खरहट्टा) में आयोजित “प्रदेश स्तरीय सम्मेलन एवं सम्मान समारोह 2026” में शामिल होंगे.निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री शाम 3:30 बजे पुलिस ऑफिसर्स मेस देवरी हेलीपेड, मुंगेली पहुंचेंगे. यहां से वे सीधे शहर के विभिन्न चौक-चौराहों में स्थापित महापुरुषों एवं संतों की प्रतिमाओं के अनावरण कार्यक्रम में शामिल होंगे.
सबसे पहले दोपहर 3:40 बजे कलेक्टोरेट परिसर में डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा का अनावरण एवं माल्यार्पण करेंगे. इसके बाद दोपहर 3:50 बजे दाऊपारा चौक में बाबा संत गुरु घासीदास की प्रतिमा, शाम 4:00 बजे पड़ाव चौक में वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप की प्रतिमा और 4:10 बजे स्टेडियम मोड़ में भक्त माता कर्मा की प्रतिमा का अनावरण करेंगे. इसके बाद मुख्यमंत्री 4:20 बजे डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी स्टेडियम पहुंचेंगे, जहां शाम 5:05 बजे तक विभिन्न विकास कार्यों के लोकार्पण एवं शिलान्यास कार्यक्रम में शामिल रहेंगे. कार्यक्रम में पुष्प वाटिका एवं चौपाटी निर्माण, नहर एवं एनीकट, सड़क निर्माण, लाइवलीहुड कॉलेज भवन पहुंच मार्ग, मुंगेली-भटगांव सड़क, स्वामी आत्मानंद विद्यालय मोतिमपुर, लालपुर थाना, जल जीवन मिशन के कार्य, महतारी सदन, छात्रावास, सामुदायिक भवन, अटल डिजिटल सुविधा केंद्र, आंगनबाड़ी भवन, सांस्कृतिक मंच, सीसी सड़क और अमृत सरोवर सहित अनेक विकास परियोजनाओं का लोकार्पण किया जाएगा.
इसके अलावा विभिन्न ग्रामों में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, पुल निर्माण, फुटपाथ निर्माण, तालाब सौंदर्यीकरण और एसटीपी निर्माण जैसे कार्यों का भूमिपूजन भी मुख्यमंत्री करेंगे. जिला प्रशासन के अनुसार यह कार्यक्रम मुंगेली जिले के विकास की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल माना जा रहा है.
कार्यक्रम समाप्ति के बाद मुख्यमंत्री शाम 5:10 बजे स्टेडियम स्थित हेलीपेड पहुंचेंगे और 5:15 बजे हेलीकॉप्टर से रायपुर के लिए रवाना होंगे. शाम 5:55 बजे मुख्यमंत्री निवास रायपुर पहुंचने का कार्यक्रम निर्धारित है.
विश्व मां दिवस पर संगीत आज
बिलासपुर. प्रियदर्शनी समाज सेवा समिति की ओर से रविवार 10 मई को विश्व मां दिवस पर वृद्ध, गरीब, असहाय माताओं में सम्मान में कार्यकम राघवेन्द्र राव सभा भवन में रखा गया है. इसमें समिति की ओर से वस्त्र व फल वितरित करने के अलावा उनके सम्मान में आकांक्षा म्यूजिकल ग्रुप के तत्वावधान में संगीत का आयोजन किया जाएगा. कार्यक्रम को सफल बनाने में समिति के सदस्य दीपक मिश्रा, राजेन्द्र सोनी, नवीन चंद्र, रिया लगे हुए हैं.
बिजली का मीटर ब्लास्ट होने से दुकान में लगी आग
बिलासपुर. बिजली मीटर ब्लास्ट होने से दुकान में आग लग गई. अंदर फैंसी सामान होने से आग ने भीषण रूप ले लिया. सूचना देने के बाद भी एसडीआरएफ की टीम दो दमकल लेकर पौन घण्टे बाद पहुंची. एक दमकल के पानी से आग पर काबू पाया लिया है. आग से लाखों का सामान जल गया है.
जरहाभाठा मंदिर चौक निवासी विजय राजगीर ने बताया, घर के नीचे फैसी स्टोर की दुकान चलाते हैं और ऊपर परिवार के साथ रहते हैं. 9 मई की सुबह 10 बजे हाई वोल्टेज के कारण दुकान का मीटर ब्लास्ट हो गया और आग लग गई. ब्लास्ट की आवाज सुनकर वे नीचे गए तो दुकान के अंदर से धुंआ निकल रहा स्था. आनन फानन में वे परिवार के सदस्यों को घर से बाहर निकालकर सड़क पर आ गए. देखते ही देखते दुकान के ऊपर के फ्लोर में सामान भरे होने से आग तेजी से फैल गई और आग की लपटें दुकान के बाहर निकलने लगीं. उन्होंने आग लगने की सूचना फायर ब्रिगेड को दी. दमकल गाड़ी आने में देरी होने से दुकान में लगी आग और भड़क गई. दुकान के सामने व्यापारियों व लोगों की भीड़ लग गई. करीब पौन घण्टे बाद एसडीआरएफ की टीम दो दमकल लेकर मौके पर पहुंची. वहीं सिविल लाइन थाने की पेट्रोलिंग पार्टी मौके पर पहुंच गई थी. कर्मचारी दमकल के पानी से आग बुझाने में जुट गए. एक दमकल के पानी से आग पर काबू पा लिया गया है. दुकान संचालक ने बताया, सूचना देने के पौन घण्टे बाद दमकल गाड़ी दुकान पहुंची है, जिससे आग ने भंयकर रूप लिया था. श्री राजगीर ने बताया आग से दुकान में रखा 20 लाख का सामान जल गया है. उन्होंने आग लगने की रिपोर्ट सिविल लाइन थाने में दर्ज कराई है.
शिकायत के बाद भी नहीं सुधारा गया मीटर
दुकान संचालक राजगीर कहना है पिछले दो दिन से दुकान के आसपास बिजली हाई वोल्टेज है. कई दुकानों के बिजली का मीटर जलकर गिर गया है, वहीं ट्यूब लाइट व इलेक्ट्रानिक सामान खराब हो गया है. हाई वोल्टेज के चलते मीटर ब्लास्ट होने से दुकान में आग लगी है. शिकायत करने के बाद भी बिजली विभाग के द्वारा कोई सुधार कार्य नहीं किया गया था.
घोघरा डेम में उतरा हाथियों का दल
रायगढ़. 7 मई को लगभग 20 हाथियों का दल बोजिया परिसर के कक्ष क्रमांक 516 आरएफ में विचरण कर रहा था. शाम लगभग साढ़े 5 से साढ़े 6 बजे के बीच सिंघीझाप परिसर के कक्ष क्रमांक 502 आरएफ की ओर बढ़ा. देर रात लगभग 2 से 3 बजे के बीच यह दल घरघोड़ा परिक्षेत्र से वापस लौटकर घोघरा डेम के पानी में उतरा, जहां संभवतः इसी दौरान शावक की डूबने से मौत हो गई. घटना के बाद दल के 15 हाथी लोटान क्षेत्र की ओर चले गए, जबकि शेष 5 हाथी, एक नर, तीन मादा और एक शावक शामिल थे, कक्ष क्रमांक 502 में ही रुके रहे. 8 मई को नियमित गश्त के जिनमें दौरान हाथी ट्रैकर्स ने घोघरा डेम में शावक को मृत अवस्था में देखा गया. मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेषज्ञ पशु चिकित्सकों की तीन सदस्यीय टीम मौके पर पहुंची, जिसमें डॉ. आशीष राठिया, डॉ. विवेक नायक एवं डॉ. अनिल कुमार सिंह शामिल थे. टीम की उपस्थिति में मृत शावक का विस्तृत पीएम कराया गया. पीएम उपरांत मृत्यु के वास्तविक कारणों की वैज्ञानिक जांच के लिए विषरा के नमूने इंडियन वेटनरी रिसर्च इंस्टीट्यूट, इज्जतनगर, बरेली उत्तर प्रदेश और नानाजी देशमुख वेटनरी साइंस यूनिवर्सिटी के स्कूल ऑफ वाइल्ड लाइफ फॉरेंसिक एंड हेल्थ, जबलपुर मध्यप्रदेश भेजे जा रहे हैं.
आवासीय विद्यालयों में कक्षा 9वीं प्रवेश के लिए प्राक्चयन परीक्षा आज
जांजगीर-चांपा. मुख्यमंत्री बाल भविष्य सुरक्षा योजना अंतर्गत प्रदेश के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को कक्षा 9वीं से 12वीं तक उत्कृष्ट स्कूली शिक्षा के साथ-साथ राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं जैसे मेडिकल, इंजीनियरिंग, सीए, सीएस, सीएमए, क्लैट एवं एनडीए की तैयारी कराई जाती है. सहायक आयुक्त आदिवासी विकास विभाग ने बताया कि शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए कक्षा 9वीं में प्रवेश हेतु प्राक्चयन परीक्षा की तिथि, समय और प्रवेश पत्र डाउनलोड करने हेतु तिथि निर्धारित की गई है जिसके तहत प्रवेश पत्र डाउनलोड करने की अवधि 10 मई को सुबह 9:30 बजे तक, प्राक्चयन परीक्षा तिथि 10 मई परीक्षा केंद्र में प्रवेश एवं ओएमआर शीट भरनाः सुबह 9:30 से 10 बजे तक एवं परीक्षा समयः सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक निर्धारित की गई हैं.
करही गोलीकांड के पीड़ित परिवार ने IG से लगाई गुहार
बिर्रा. बिर्रा क्षेत्र के ग्राम करही में 23 अप्रैल की दरमियानी रात्रि में हुए बहुचर्चित गोलीकांड को 15 दिन से अधिक समय बीत चुका है. लेकिन पुलिस अब तक किसी भी आरोपी तक पहुंचने में सफल नहीं हो सकी है. ऐसे में पीड़ित परिवार में पुलिस महानिरीक्षक कार्यालय बिलासपुर पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई है.
जांजगीर-चांपा और सक्ती जिले के सीमावर्ती गांव करही में 24-25 अप्रैल की दरमियानी रात कांग्रेस नेता एवं व्यापारी सम्मे लाल कश्यप के घर में घुसकर तीन अज्ञात नकाबपोश बदमाशों ने आयुष के ऊपर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी. गोली आयुष के सीने और सिर में लगी. जिससे उसकी मौत हो गई. इसी बीच बचाव करने आए उसके छोटे भाई आशुतोष कश्यप को भी बदमाशों ने फायरिंग कर घायल कर दिया. इसके बाद नकाबपोश वहां से भाग निकले. वारदात के बाद पुलिस ने बड़े स्तर पर जांच शुरू करने का दावा किया था. दो दर्जन से अधिक पुलिसकर्मियों की टीम गठित की गई. सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए. कॉल डिटेल की जांच हुई. सौ से ज्यादा लोगों से पूछताछ भी की गई, आईजी दफ्तर में गुहार लगाने पहुंचे मृतक के परिजन .
लेकिन 15 दिन बाद भी नतीजा शून्य है. इधर पीड़ित परिवार न्याय की गुहार लिए अब नेताओं और अफसरों से फरियाद करते फिर रहा है. उन्होंने बिलासपुर रेंज आई जी और जनप्रतिनिधियों से मुलाकात की है. परिवार ने बिलासपुर जाकर पुलिस महानिरीक्षक से आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है. वही जांजगीर में कांग्रेस विधायक ब्यास कश्यप से मिलकर न्याय की गुहार लगाई है. इसके अलावा बालेश्वर साहू विधायक जैजैपुर से भी मिलकर आरोपियों के गिरफ्तारी की मांग की है. मामले में जांजगीर-चाम्पा की सांसद श्रीमती कमलेश जांगड़े ने भी पुलिस प्रशासन को कार्रवाई के निर्देश देने की बात कही है. इसके बावजूद अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नजर नहीं आई है.
रेत खनन की वजह से गई बेटे की जान
मृतक आयुष के पिता एवं क्षेत्र के कांग्रेस नेता व व्यवसायी सम्मेलाल कश्यप लगातार आरोप लगा रहे हैं कि हत्या के पीछे अवैध रेत कारोबार का विवाद है. उनका कहना है कि कुछ रसूखदार लोगों के नाम पुलिस को दिए गए, लेकिन अब तक उन पर कोई कार्रवाई नहीं हुई. यही वजह है कि अब गांव में चर्चा तेज हो गई है कि आखिर पुलिस की जांच किस दिशा में चल रही है? लोग सवाल पूछ रहे हैं कि जब पुलिस के पास तकनीक, संसाधन और पूरी टीम मौजूद है, तो फिर आरोपी अब तक गिरफ्त से बाहर कैसे हैं.
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें

