Bilaspur News Update : बिलासपुर. बिलासपुर की तिफरा सब्जी मंडी में पार्षद बंधु मौर्य के साथ मारपीट का मामला सामने आया है. पुरानी रंजिश और व्यापारिक लेनदेन को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ. घटना के बाद दोनों पक्ष सिरगिट्टी थाने पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई. घटना का CCTV फुटेज सामने आया है, जिसमें विवाद और गाली-गलौज होते दिखाई दे रही है. फुटेज के आधार पर पुलिस ने एक पक्ष के खिलाफ अपराध दर्ज किया है, जबकि दूसरे पक्ष की शिकायत की जांच जारी है. बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले बंधु मौर्य पर हत्या के प्रयास की घटना भी सामने आई थी. ऐसे में पुलिस मौजूदा विवाद की जांच पुरानी रंजिश के एंगल से भी कर रही है. फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों की शिकायतों और CCTV फुटेज के आधार पर मामले की जांच में जुटी है.
मॉर्निंग वॉक पर निकले ग्रामीण को बाइक ने मारी टक्कर, मौत
बिलासपुर. सरकंडा थाना क्षेत्र के ग्राम बैमा में रविवार सुबह सड़क हादसे में 47 वर्षीय ग्रामीण की मौत हो गई. ग्रामीण रोज की तरह सुबह घर के कुत्ते को टहलाने के लिए सड़क किनारे निकले थे, तभी बिलासपुर की ओर से आ रही तेज रफ्तार बाइक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी. हादसे में गंभीर रूप से घायल ग्रामीण को परिजन तत्काल सिम्स लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया. ग्राम बैमा निवासी भागवत सूर्यवंशी (47 वर्ष), पिता स्वर्गीय गोंदाराम सूर्यवंशी, रविवार सुबह करीब 5 से 6 बजे के बीच अपने घर के कुत्ते को गांव के पास सड़क किनारे टहला रहे थे. इसी दौरान बिलासपुर की
ओर से आ रही तेज रफ्तार बाइक ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया. टक्कर लगने से भागवत सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना की जानकारी मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और घायल भागवत को तत्काल उपचार के लिए सिम्स ले गए. हालांकि, अस्पताल में डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. बताया जा रहा है कि बाइक सवार पास के ग्राम नगोंई का निवासी है और हादसे के वक्त अपने एक अन्य साथी के साथ कहीं से लौट रहा था. घटना की सूचना सरकंडा थाने में दे दी गई है. पुलिस मामले की जांच में जुटी है. वहीं, मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है.
आदिवासी की जमीन का सौदा कर 10 लाख रुपए की ठगी, भू-माफिया प्रफुल्ल गिरफ्तार
बिलासपुर. जमीन के नाम पर कथित धोखाधड़ी के मामले में प्रफुल्ल झा एक बार फिर पुलिस जांच के दायरे में आ गया है. सिविल लाइन पुलिस ने दयालबंद निवासी विशालचंद्र केसरी की शिकायत पर आरोपी प्रफुल्ल झा (48), निवासी भारतीय नगर के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 318(4), 336, 338 और 340 के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है. आरोपी पर फर्जी दस्तावेजों के सहारे जमीन का सौदा कर 10 लाख रुपए लेने का आरोप है. शिकायत के अनुसार, आरोपी ने मौजा अमेरी, तहसील सकरी स्थित विभिन्न खसरों की जमीन 70 लाख रुपए प्रति एकड़ की दर से बेचने का सौदा 10 दिसंबर 2025 को किया था. इसके एवज में प्रार्थी ने चेक और आरटीजीएस के माध्यम से आरोपी को 10 लाख रुपए अग्रिम राशि के रूप में दिए. बाद में जमीन के दस्तावेजों की जांच कराने पर कथित अनियमितताओं का खुलासा हुआ. शिकायत में बताया गया है कि संबंधित भूमि के एक हिस्से के राजस्व रिकॉर्ड में चंद्रकली बाई, गोंड़ जाति की महिला का नाम दर्ज था, जिनकी मृत्यु हो चुकी है. आरोप है कि जमीन की वास्तविक स्थिति छिपाकर सौदा किया गया. आदिवासी भूमि के हस्तांतरण से जुड़े नियमों के उल्लंघन की आशंका भी जताई गई है. पुलिस जांच में मसानगंज और तोरवा स्थित भूखंडों के सौदे में इस्तेमाल किए गए नागपुर में पंजीकृत बताए गए मुख्तियारनामे को भी कथित रूप से कूटरचित पाया गया.
4 माह पहले दर्ज हुआ था मामला
प्रार्थी को आरोपी के खिलाफ 10 मई 2026 को सिविल लाइन थाने में धोखाधड़ी का मामला दर्ज होने की जानकारी मिली, जिसके बाद उसने पुलिस से शिकायत की. पुलिस अब मामले की जांच के साथ आरोपी से जुड़े अन्य कथित जमीन सौदों की भी पड़ताल कर रही है.
पानी की मांग पर किसान करेंगे चक्काजाम
डभरा. अनुविभाग डभरा क्षेत्र में बारिश नहीं होने के कारण सूख रही फसलों को बचाने के लिए किसानों ने माइनर नहर से पानी उपलब्ध कराने की मांग लगातार आवाज उठा रहे है. इस संबंध में ग्राम डभरा, नवापारा ड, सकराली, बसंतपुर एवं ठनगन छुहिपाली कुसमुझर सुखापाली सहित दर्जनों गावों के किसानों ने मिनीमाता बांगो नहर परियोजना के अनुविभागीय अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर तत्काल सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध कराने की मांग कर चुके है. किसानों ने चेताया था कि तीन दिनों के भीतर नहर से पानी उपलब्ध नहीं कराया गया, तो वे आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे. किसानों ने इसके लिए शासन-प्रशासन को जिम्मेदार ठहराने की बात भी कही है. मांग पूरी नहीं होने पर 19 अक्टूबर को सुबह 9 बजे से थाना चौक में चक्का जाम करेंगे अपनी आवाज बुलंद करेंगे. किसानों ने ज्ञापन में बताया कि बारिश नहीं होने के कारण खेतों में नमी समाप्त हो रही है. फसलों को पानी की सख्त आवश्यकता है. समय पर सिंचाई नहीं होने से फसलें खराब होने की स्थिति में पहुंच गई हैं. किसानों का कहना है कि माइनर नहर के अंतिम छोर यानी टेल एरिया तक पानी नहीं पहुंचने के कारण खेतों की सिंचाई प्रभावित हो रही है. किसानों ने आरोप लगाया कि नियमानुसार टेल एरिया के किसानों को प्राथमिकता के आधार पर पानी उपलब्ध कराया जाना चाहिए, लेकिन उन्हें इसका लाभ नहीं मिल पा रहा है. किसानों ने मांग की है कि डभरा माइनर नहर में तत्काल पानी छोड़ा जाए, ताकि सूखती फसलों को बचाया जा सके और किसानों को आर्थिक नुकसान से राहत मिल सके. ज्ञापन की प्रतिलिपि चंद्रपुर विधायक रामकुमार यादव, कलेक्टर, डभरा एसडीएम, मिनीमाता बांगो नहर संभाग के कार्यपालन अभियंता तथा डभरा थाना प्रभारी को भी भेजी है. एसडीओ आर.के. खूंटे ने बताया कि 66 मुख्य नहर के ऊपरी क्षेत्र से नहर में पानी बढ़ा दी गई है जो शाम तक डभरापहुंच जाएगी और किसानों को नहर से भरपूर पानी सिंचाई के लिए सुविधा मिलेगी. घर विभाग द्वारा लगातार नहरों का मानिटरिंग किया जा रहा है अंतिम छोर की खेतों तक पानी पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है.

कार में स्टंटबाजी करना युवतियों को पड़ा महंगा
कोरबा. रविशंकर शुक्ल नगर में चलती कार की बोनट और दरवाजों पर खड़े होकर डांस करने वाली युवतियों का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया. वीडियो में काली कार क्रमांक सीजी 12 बीवी 6007 पर एक युवती रही बोनट पर लेटी, जबकि दो अन्य दरवाजों पर खड़ी होकर डांस करती नजर आ रही हैं. वीडियो के साथ आपत्तिजनक अंदाज में कैप्शन भी लिखा गया है, जिसके बाद सोशल मीडिया पर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आई हैं. वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले को संज्ञान में लेते हुए वाहन मालिक के खिलाफ बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है. अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले ने बताया कि इस तरह की लापरवाही से खुद के साथ दूसरों की जान भी खतरे में पड़ सकती है. उन्होंने कहा कि चलती कार पर स्टंट करना गंभीर लापरवाही है. पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर लोकप्रियता हासिल करने के लिए अपनी जान जोखिम में न डालें. त्योहारी सीजन में सड़कों पर भीड़ रहती है, ऐसे में इस तरह के स्टंट बड़े हादसे का कारण बन सकते हैं. पुलिस ने ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी है.
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

