Bilaspur News Update : बिलासपुर. विंटर शेड्यूल की कोलकाता फ्लाइट बंद होने की खबर फैलते ही राज्य सरकार ने संज्ञान लिया है. डिप्टी सीएम अरूण साव की पहल पर एक बार फिर कोलकाता की फ्लाइट दोबारा शुरू की जाएगी. दरअसल हवाई सुविधा जनसंघर्ष समिति ने गुरूवार को उप मुख्यमंत्री अरुण साव और विधायक धरमलाल कौशिक और अमर अग्रवाल से चर्चा कर मामले में दखल देने की मांग की थी. जिसपर अधिकारियों से चर्चा कर डिप्टी सीएम ने जल्द से जल्द फ्लाइट शुरू करने के निर्देश दिए हैं. अब अलाइंस एयर को पत्र मिलने के बाद आवश्यक अनुमति के लिए डीजीसीए और कोलकाता एयरपोर्ट से पत्राचार कर दोबारा परिचालन शुरू किया जाएगा. गौरतलब है कि राज्य शासन के फ्लाइट बंद करने के निर्देश पर परिचालन की अनुमतियां को अलाइंस एयर ने सरेंडर कर दिया था. एयरलाइन कंपनी के पदाधिकारियों का कहना है कि अनुमति लेकर जल्दी से जल्दी उड़ान शुरू किया जाएगा. संभवतः रविवार से फ्लाइट शुरू हो सकती है, लेकिन इतने कम समय में फ्लाइट के लिए यात्री मिलना मुश्किल होगा. हवाई सुविधा जन संघर्ष समिति ने इस फैसले के लिए उपमुख्यमंत्री अरुण साव समेत विधायकों का आभार व्यक्त किया है.
Bilaspur News Update : भाजपा की लोकतंत्र बचाओ अराजकता हटाओ पदयात्रा आज
बिलासपुर. भाजपा जिला बिलासपुर द्वारा 31 अक्टूबर शनिवार को दोपहर 2 बजे केन्द्रीय मंत्री भारत सरकार सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्रालय डॉ. विरेन्द्र सिंह खटीक के नेतृत्व में लोकतंत्र बचाओ अराजकता हटाओ पदयात्रा निकाली जाएगी. भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक सिंह ठाकुर ने बताया कि रैली में केन्द्रीय मंत्री भारत सरकार सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्रालय डॉ. विरेन्द्र सिंह खटीक, केन्द्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, उप मुख्यमंत्री अरूण साव, बिलासपुर विधायक अमर अग्रवाल, बिल्हा विधायक धरमलाल कौशिक, तखतपुर विधायक धरमजीत सिंह, बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला, क्रेडा अध्यक्ष भूपेन्द्र सवन्नी, पाठ्य पुस्तक निगम के अध्यक्ष राजा पाण्डेय सहित बिलासपुर जिले के समस्त 6 विधानसभा के भाजपा पदाधिकारी कार्यकर्ता व आमजन उपस्थित रहेंगे. यह रैली गांधी चौक स्थित गव्हरमेंट स्कूल से प्रारंभ होकर जूना बिलासपुर, हटरी चैक, सिटी कोतवाली चैक, सदर बाजार, गोलबाजार, करोना चौक, सिम्स चौराहा, पं. देवकीनंदन चौक होते हुए नेहरू चौक तक जाएगी. यहां रैली सभा के रूप में परिणत हो जाएगी. भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक सिंह ठाकुर ने आमजनों को 31 अक्टूबर शनिवार को दोपहर 2 बजे गांधी चौक स्थित गव्हरमेंट स्कूल में उपस्थित होने का आग्रह किया है.
Bilaspur News Update : ट्रेडिंग से मोटा मुनाफा कमाने का झांसा, SECL के रिटायर्ड GM से 66 लाख की ठगी
बिलासपुर. साइबर ठगों ने एसईसीएल के रिटायर डिप्टी जीएम को शिकार बना, 66 लाख रूपए की ठगी को अंजाम दिया है. अधिकारी को यूएस मार्केट में मुनाफा कमाने का झांसा देकर ठगी की गई है. तारबहार स्थित साइबर थाने में प्रार्थी ने शिकायत दर्ज कराई है, पुलिस ने मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है. अशोक नगर बिरकोना रोड निवासी कुलदीप सिंह ठाकुर पिता जेएस ठाकुर उम्र 63 वर्ष एसईसीएल के डिप्टी जीएम के पद से रिटायर हो चुके हैं. विद्युत यांत्रिकी विभाग से नवंबर 2022 में रिटायर होने के बाद वे खाली समय में सोशल नेटवर्किंग साइट पर एक्टिव थे, इस दौरान जून 2026 को इंस्टाग्राम आईडी ठाकुर सुप्रीती से उनकी मुलाकात तनिशा ठाकुर पिता निरंजन सिंह से हुई. इस दौरान जान-पहचान के माध्यम से मोबाईल नंबर 94241 40506 पर लगातार वाट्सएप चैटिंग होती रही है. इस दौरान तनिशा ने बताया कि वह आगरा में रहने वाली है और गुरूग्राम के डाइलोइट नामक कंपनी में फायनेंस मैनेजर है. इस दौरान शिकायतकर्ता के साथ व्हाट्सअप के माध्यम से फोटो भी साझा की गई. बातचीत के क्रम में शिकायतकर्ता ने उसे बताया कि शेयर और म्युच्वल फंड उसका नुकसान हो चुका है, जिस पर तनिशा ठाकुर ने यूएस मार्केट में ट्रेडिंग करने का झांसा दिया और भारतीय मार्केट से कई गुना ज्यादा मुनाफा कमाने की बात कही, जिस पर थिंक मार्केट ग्लोबल ट्रैड एप डाउनलोड कराया गया और ट्रेडिंग की गई. रिटायर्ड अधिकारी ने अपने बैंक अकाउंट से आरटीजीएस के माध्यम से 17 लाख, 10 लाख, 10 लाख, 10 लाख, 4 लाख, 10 लाख और 15 लाख रूपए की राशि ट्रांसफर कराई गई. इस दौरान शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि 66 लाख की राशि ट्रांसफर की गई. इसके बाद शिकायतकर्ता ने लाभांश की धनराशि देने की बात की, जिसपर ठगों ने उसे टैक्स के रूपए में और राशि जमा करने के लिए कहा, इसी से उन्हें ठगी का एहसास हुआ. पुलिस ने ट्रैडिंग प्लेटफार्म के विरूद्ध मामला दर्ज किया है. बताया जा रहा है कि इंस्टाग्राम में मुलाकात होने के बाद शिकायतकर्ता ने गुरूग्राम दिल्ली पहुंचकर युवती से मुलाकात की थी, इस दौरान उन्हें अपने साथ ठगी होने का एहसास नहीं हुआ था, यही कारण है कि महज 4 माह में ही ट्रैडिंग एम के जरिए 66 लाख रूपए ट्रांसफर किया गया है.
Bilaspur News Update : महिला तहसीलदार से अभद्रता आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज
बिलासपुर. आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित निराकरण और सरकारी अधिकारियों की जवाबदेही सुनिश्चित करने के उद्देश्य से शुरू की गई सीएम हेल्पलाइन क्या अब कुछ लोगों के लिए अधिकारियों पर दबाव बनाने और सरकारी व्यवस्था का दुरुपयोग करने का माध्यम बनती जा रही है? सीपत तहसील क्षेत्र में सामने आया एक मामला इसी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है. मामला ग्राम मड़ाई, सीपत का बताया जा रहा है. जानकारी के अनुसार, किसान साहेब लाल रात्रे ने नई ऋण पुस्तिका बनवाने के संबंध में नियमानुसार आवेदन प्रस्तुत करने के बजाय सीधे सीएम हेल्पलाइन में शिकायत दर्ज करा दी. शिकायत के निराकरण की प्रक्रिया के तहत जब सीपत क्षेत्र की महिला तहसीलदार प्रकृति ध्रुव ने संबंधित व्यक्ति से फोन पर संपर्क किया, तो आरोप है कि किसान ने समस्या के समाधान में सहयोग करने के बजाय महिला अधिकारी के साथ अभद्रता करते हुए अश्लील गाली-गलौज शुरू कर दी. महिला तहसीलदार ने मामले को गंभीरता से लेते हुए थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने संबंधित व्यक्ति के खिलाफ अपराध दर्ज किया है. पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है.
विवाद के बाद GF ने युवक पर फेंका एसिड
जांजगीर-चांपा. प्रेमिका से मिलने घर पहुंचे युवक से पुरानी बातों पर विवाद होने पर उक्त प्रेमिका ने युवक पर एसिड फेंक दिया. जिससे युवक झुलस गया. दोनों पिछले चार वर्षों से रिलेशन में बताए जा रहे हैं. युवक जेवर कारीगरी का काम करता है और उक्त सजातीय युवती के साथ उसका प्रेम संबंध था. घटना 28 अक्टूबर की है. एसिड अटैक के बाद युवक इलाज के लिए बीडीएम अस्पताल में भर्ती हुआ. अस्पताल से डिस्चार्ज के बाद युवक एफआईआर कराने थाने पहुंचा. जिस पर युवती के खिलाफ पुलिस मामला दर्ज कर पतासाजी कर रही है. घटना चांपा थाना का है. इस संबंध में पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार नगर के वार्ड क्रमांक 4 सोनारिन घाट निवासी संतोष सोनी जेवर बनाने का कारीगरी कार्य करता है. एक युवती से बीते चार वर्षों से समाज की एक लड़की के साथ प्रेम संबंध था. 28 अक्टूबर की रात को युवक अपने प्रेमिका के घर पहुंचा था इस दौरान दोनो के बीच पुराने बात को लेकर वाद-विवाद होने लगा. जिससे युवती गुस्से में आ गई और घर में रखी कांच के बोतल से उसके ऊपर एसिड फेंक दिया. एसिड गिरने से युवक के दाहिने हाथ की भुजा और कलाई बुरी तरह से झुलस गया. युवक इलाज कराने के लिए बीडीएम अस्पताल पहुंचा जहां इलाज कराने के बाद 30 अक्टूबर को युवक थाना पहुंचा. जहां पर आपबीती सुनाई, फिलहाल पुलिस ने अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना कर रही है. चांपा थाना प्रभारी कमलेश शेण्डे ने बताया कि युवक के रिपोर्ट के आधार पर युवती के खिलाफ बीएनएस की धारा 124, 2 के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया है साथ ही युवती की पतासाजी की जा रही है.

धरमजयगढ़ में हाथियों का आतंक, हर दिन फसलों को बचाने में लगे अन्नदाता
रायगढ़. धरमजयगढ़ वनमंडल के छाल और अन्य इलाकों में पिछले दो दिनों में हाथियों ने धान की फसल को काफी नुकसान पहुंचाया है. 29 अक्टूबर को 30 हाथियों का एक दल कोरबा वनमंडल से छाल इलाके में आ गया था. अगले दिन 30 अक्टूबर को, इस दल में से 3 हाथी वापस कोरबा की तरफ चले गए और 1 हाथी खरसिया की ओर निकल गया. हाथियों के अलग-अलग दल छाल, धरमजयगढ़, बाजिमा और कुंजेमुरा जैसे इलाकों में घूम रहे हैं. इन हाथियों ने खेतों में घुसकर धान की फसल को पूरी तरह रौंद दिया है. फसल खराब होने से कई किसान प्रभावित हुए हैं. वन विभाग के कर्मचारी और अधिकारी फिलहाल यह पता लगा रहे हैं कि किसानों का कुल कितना नुकसान हुआ है. लोगों की सुरक्षा के लिए वन विभाग और हाथी मित्र दल गांवों में लगातार मुनादी कर रहे हैं. ग्रामीणों को साफ तौर पर बता दिया गया है कि अगर उन्हें कहीं भी हाथी दिखाई दे, तो वे तुरंत वन विभाग को इसकी सूचना दें ताकि खतरे से बचा जा सके.
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

