Bilaspur News Update : बिलासपुर. कोनी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम निरतू के घासीपूंजी क्षेत्र में शनिवार शाम अचानक मौसम बदलने के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से 13 वर्षीय बालक दीपक पटेल की मौत हो गई. घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है. बताया जा रहा है कि दीपक पटेल पिता राजेश पटेल शनिवार को अपने घर के सामने अन्य बच्चों के साथ खेल रहा था. इसी दौरान तेज गई. मौसम खराब होने के बीच अचानक आकाशीय बिजली गिर गई, जिसकी चपेट में दीपक समेत दो बच्चे आ गए. घटना के तुरंत बाद परिजन और ग्रामीण दोनों बच्चों को उपचार के लिए सिम्स अस्पताल लेकर पहुंचे. जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद दीपक पटेल को मृत घोषित कर दिया. वहीं दूसरे घायल बच्चे का इलाज किया गया, जिसकी हालत अब सामान्य बताई जा रही है. घटना हरि पटेल के घर के पास की बताई जा रही है. अचानक हुई इस घटना से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. रविवार को सिम्स में पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया.
डिलीवरी के दौरान 45 लाख की चांदी गायब
बिलासपुर. शहर में डिलीवरी के दौरान 45 लाख रुपए कीमत की चांदी गायब होने का मामला सामने आया है. सदर बाजार स्थित प्रतिमा ज्वेलर्स के सराफा कारोबारी ने मामले की शिकायत कोतवाली थाने में दर्ज कराई है. पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है. जानकारी के अनुसार रायपुर से वीआईपी कुरियर के माध्यम से करीब 18 किलो चांदी का पार्सल बिलासपुर भेजा गया था. पार्सल प्रतिमा ज्वेलर्स के लिए था. बिलासपुर पहुंचने के बाद कुरियर ब्वॉय दो पार्सलों में से केवल 10 किलो चांदी की डिलीवरी दे पाया, जबकि करीब 8 किलो चांदी से भरा दूसरा पार्सल गायब हो गया. बताया जा रहा है कि गायब चांदी की कीमत लगभग 45 लाख रुपए आंकी गई है. कुरियर ब्वॉय ने थाने में दिए बयान में बताया कि सत्या सर्विसेस से डॉक्टर लाडीकर हॉस्पिटल के बीच रास्ते में पार्सल कहीं गिर गया. इसके बाद काफी तलाश की गई, लेकिन पार्सल का कोई पता नहीं चल सका. मामले की जानकारी मिलने पर सराफा कारोबारी ने कोतवाली थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई और गायब पार्सल की तलाश की मांग की. पुलिस ने कारोबारी और कुरियर कंपनी दोनों पक्षों के आवेदन लेकर जांच शुरू कर दी है. आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं, ताकि पार्सल का सुराग मिल सके.
फ्लाइट की खराबी से सीधी उड़ान को झटका, टिकट कैंसिल
बिलासपुर. बहुप्रतीक्षित बिलासपुर-दिल्ली शाम की उड़ान सेवा पिछले रविवार को शुरू हुआ, लेकिन दूसरी ही फ्लाइट के रद्द होने से यात्रियों में भारी नाराजगी देखी गई. रविवार शाम संचालित होने वाली दिल्ली उड़ान कैंसिल कर दिया गया. इसका कारण एलाइंस एयर के एक विमान के ग्राउंडेड होने को बताया जा रहा है. इसलिए यात्रियों को एयरपोर्ट से वापस लौटना पड़ा. वहीं एयरलाइंस ने सभी यात्रियों को टिकट राशि वापस कर दी गई.
स्थानीय एयरपोर्ट में नाइट लैंडिंग की सुविधा करोड़ों रूपए खर्च करने के बाद बनाए गए. इसके बाद भी उसका उपयोग नहीं हो रहा था. इसके लिए शहर के लोगों ने रायपुर से लेकर दिल्ली तक दबाव बनाया. इसके बाद विगत तीन मई रविवार को पहली फ्लाइट सुर्यास्त के बाद दिल्ली के लिए उड़ान भरी थी. एलाइंस एयर कंपनी द्वारा जारी समर शेड्यूल के हिसाब से वर्तमान में सप्ताह में एक दिन रविवार को सनसेड के बाद बिलासपुर-दिल्ली की हवाई सेवा उपलब्ध कराई गई है. उक्त फ्लाइट अपने दूसरे ही उड़ान में रद्द कर दिया गया. इसलिए रविवार 10 मई को बिलासपुर से दिल्ली जाने के लिए शाम की फ्लाइट में टिकट बुक कराने वाले पचास से अधिक यात्रियों को अपनी यात्रा रद्द करनी पड़ी.
इसको लेकर हवाई अड्डे में कुछ यात्रियों ने आक्रोश भी व्यक्त किया. एलाइंस एयर कंपनी के अनुसार एक विमान के ग्राउंडेड होने के कारण विमान दिल्ली से व्हाया प्रयागराज होते हुए बिलासपुर नहीं आ सकी. इसलिए बिलासपुर से सीधे दिल्ली जाने वाले फ्लाइट कैंसिल कर दी गई है. इसके कारण दिल्ली और प्रयागराज से बिलासपुर आने वाले यात्रियों को भी अपनी यात्रा रद्द कर दूसरे साधन से आना पड़ा. वहीं एलाइंस एयर ने दिल्ली जाने वाली फ्लाइट के रद्द होने के बाद उसके सभी यात्रियों की टिकट की राशि वापस कर दी है. इसके बाद भी लोगों में नाराजगी बनी रही.
‘सरकारी जिद’ से अटकी हवाई सुविधा, ओपन टेंडर की मांग
हवाई सुविधा जन संघर्ष समिति ने कहा कि सिर्फ एलाइंस एयर के भरोसे बिलासपुर सहित छत्तीसगढ़ के छोटे एयरपोर्टों को बेहतर हवाई सुविधा उपलब्ध नहीं कराई जा सकती. उसके विमान मेंटेनेंस के कारण पहले से ही ग्राउंडेड हैं. इसलिए पर्याप्त यात्री संख्या होने के बावजूद जरूरत के अनुसार उड़ानों का संचालन नहीं हो पा रहा है. समिति ने राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि लंबे समय से ओपन टेंडर के माध्यम से निजी एयरलाइंस कंपनियों को बिलासपुर से उड़ान संचालन के लिए आमंत्रित करने की मांग की जा रही है, लेकिन सरकार जिद के कारण ऐसा नहीं कर रही. समिति का कहना है कि बिना निजी एयरलाइंस की भागीदारी के बिलासपुर, अंबिकापुर और जगदलपुर जैसे एयरपोर्टों को बेहतर हवाई कनेक्टिविटी नहीं मिल सकती. समिति ने मांग की कि राज्य सरकार को अब अपनी नीति में बदलाव करते हुए इंडिगो, फ्लाई-91, स्टार एयर और स्पाइसजेट जैसी निजी एयरलाइंस कंपनियों को बिलासपुर से उड़ान शुरू करने के लिए आमंत्रित करना चाहिए. साथ ही जो सब्सिडी वर्तमान में एलाइंस एयर को दी जा रही है, वही अन्य कंपनियों को भी ऑफर की जाए ताकि प्रतिस्पर्धा बढ़े और यात्रियों को स्थायी एवं भरोसेमंद सेवा मिल सके.
सुशासन तिहारः रायपुरा में आज लगेगा समाधान शिविर
सक्ती. मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की मंशानुरूप शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को जरूरतमंद लोगों तक पहुंचाने के उद्देश्य से आयोजित ‘सुशासन तिहार 2026’ के अंतर्गत जिले में 1 मई से 10 जून तक समाधान शिविरों का आयोजन किया जा रहा है. इसी क्रम में जनपद पंचायत जैजैपुर अंतर्गत हाई स्कूल रायपुरा में 11 मई को समाधान शिविर आयोजित किया जाएगा. शिविर में सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक आम नागरिकों से आवेदन प्राप्त किए जाएंगे. साथ ही शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित किया जाएगा. जारी आदेशानुसार जनपद पंचायत जैजैपुर अंतर्गत आयोजित रायपुरा समाधान शिविर में ग्राम पंचायत रायपुरा, आमापाली, खम्हरिया, चिखलरौंदा, छितापंडरिया, झालरौंदा, डोंगिया, केकराभाठ, भोथिया, भोथिडीह, मलनी, लोहराकोट, सलनी, सिरली, सेंदूरस, हरदी, बर्रा, अकलसरा एवं दर्राभांठा ग्राम पंचायत क्लस्टर शामिल रहेंगे. शिविर के सफल संचालन हेतु जिला आबकारी अधिकारी, जिला सक्ती को रायपुरा शिविर स्थल का नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है.
कटघोरा में खुलेगी नगरीय निकाय की लाईब्रेरी
कोरबा. जिला मुख्यालय की तर्ज पर कटघोरा में भी लाइब्रेरी खोलने की तैयारी की जा रही है. इसके साथ ही सभी ब्लाक मुख्यालय में आने वाले समय में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले छात्र-छात्राओं को लाइब्रेरी की सुविधा मिल सकेगी. जिला प्रशासन इसकी भी तैयारी की जा रही है.
लाइब्रेरी के लिए कटघोरा क्षेत्र से लंबे समय से मांग की जा रही थी. नगर पालिका परिषद के पार्षदों के साथ स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने भी लाइब्रेरी शुरू करने के लिए प्रशासन के समक्ष अपना प्रस्ताव रखा था. इस प्रस्ताव के साथ जिला प्रशासन ने सभी ब्लाक मुख्यालय में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले छात्र-छात्राओं और वहां अन्य शासकीय दफ्तरों में रहने वाले कर्मचारियों व उनके परिवारों की स्थिति का आंकलन किया और उस मामले में कटघोरा क्षेत्र को पहले प्राथमिकता दी गई. जिले के सभी ब्लाक मुख्यालय की तुलना में कटघोरा क्षेत्र अब एक अलग स्थान बना चुका है. इस दृष्टि से कटघोरा नगरीय निकाय क्षेत्र में लाइब्रेरी खोलने की अनुमति जिला प्रशासन के द्वारा दी गई है. इसके लिए नगरीय निकाय क्षेत्र में ही शासकीय भवन का चिन्हांकन कर लाइब्रेरी की शुरुआत अस्थायी रूप से की जाएगी. उसके बाद नए भवन का निर्माण करने के बाद लाइब्रेरी को शिफ्ट किया जाएगा.
कटघोरा क्षेत्र में बड़ी आबादी
कटघोरा नगर पालिका परिषद और उसके 5 किलोमीटर की परिधि में आने वाले ग्रामीण अंचल भी अब कस्बे का रूप ले चुके हैं. नगरीय निकाय क्षेत्र की आबादी भी अब बढ़ चुकी है. नेशनल हाइवे और रेल कनेक्टिविटी होने के कारण कटघोरा क्षेत्र में प्रशासनिक सुविधाएं बढ़ाई जा रही हैं. इसी तर्ज पर लाइब्रेरी की सुविधा शुरू की गई. कटघोरा महाविद्यालय में प्रोफेशनल कोर्स शुरू होने के साथ ग्रामीण अंचल के छात्रों को अब इन कोर्स में भी प्रवेश मिलने लगा है. लाइब्रेरी शुरू होने से स्कूली और महाविद्यालयीन छात्रों को एक बड़ी सुविधा मिल सकेगी.

जेल भेजने की धमकी देकर मांगे 40 हजार
रायगढ़. पुलिस ने दुष्कर्म प्रकरण में जेल भेजने की धमकी देकर युवक और उसके परिवार से 40 हजार रुपये की अवैध वसूली का प्रयास करने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है. मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए घरघोड़ा पुलिस ने आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया. मिली जानकारी के अनुसार, वार्ड क्रमांक 10 निवासी साहिल यादव ने 9 मई 2026 को थाना घरघोड़ा में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी कि उसका धरमजयगढ़ क्षेत्र की एक युवती से पिछले चार-पांच वर्षों से प्रेम संबंध था. कुछ दिन पहले दोनों के बीच विवाद होने पर युवती 7 मई को थाना घरघोड़ा पहुंची थी. उस दौरान दोनों पक्षों के बीच बातचीत के बाद समझौता हो गया और युवती ने कोई रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई. जिसके बाद उसी शाम वार्ड क्रमांक 02 निवासी श्याम भोजवानी युवक के घर पहुंचा और परिवार को धमकाते हुए कहा कि थाना में 50 हजार रुपये देने पड़ेंगे, नहीं तो बलात्कार केस में जेल भेज दिया जाएगा. बाद में उसने 40 हजार रुपये में मामला सेट कराने की बात कही और रकम की व्यवस्था करने दबाव बनाया. आरोपी लगातार मोबाइल कॉल कर युवक और उसकी मां को धमकाता रहा. शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि किसी भी पुलिस अधिकारी या कर्मचारी ने उससे पैसे की मांग नहीं की थी. शिकायत की गंभीरता को देखते हुए घरघोड़ा पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दर्ज कर धारा 308(2), 308(6) और 62 के तहत मामला कायम किया. विवेचना के दौरान थाना प्रभारी निरीक्षक कुमार गौरव साहू ने आरोपी और शिकायतकर्ता के बीच हुई बातचीत की ऑडियो क्लिप जब्त की, जिसमें पैसे मांगने की बात सामने आई. पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी श्याम भोजवानी 56 वर्ष निवासी साईराम कॉलोनी, घरघोड़ा को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया.
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें

