Bilaspur News Update : बिलासपुर. बिल्हा थाना क्षेत्र के ग्राम सेवती में विद्युत विभाग की कथित लापरवाही का मामला सामने आया है. ग्रामीणों के अनुसार, कुछ दिन पहले खेत में विद्युत तार टूटकर गिर गया था. ग्रामीणों ने इसकी सूचना विद्युत विभाग को देते हुए मौके का वीडियो भी बनाया था और संबंधित लोगो तक पहुंचाया. इसके बावजूद समय रहते टूटे तार को हटाने या विद्युत आपूर्ति बंद करने की कार्रवाई नहीं की गई. बताया जा रहा है कि शिकायत के बाद भी खेत में टूटे हुए विद्युत तार की स्थिति जस की तस बनी रही. कुछ दिन बाद इसी विद्युत तार की चपेट में आने से ग्राम सेवती निवासी किसान कमल दास मानिकपुरी की करेंट की चपेट में आकर मौत हो गई. वह अपने खेत पर गया हुआ था. घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश है. यदि समय रहते इसपर ध्यान दी जाती और खेत में गिरे विद्युत तार को ठीक कर लिया जाता, तो एक किसान को जान नही गंवाना पड़ता.

खाना बनाने को लेकर बहन से विवाद, छात्रा ने कीटनाशक पीकर दी जान

बिलासपुर. पचपेड़ी के भटचौरा निवासी 21 वर्षीय एलएलबी छात्रा संध्या कुमारी ने बहन से खाना बनाने को लेकर हुए विवाद के बाद आक्रोश में कीटनाशक पी लिया. वह बलौदाबाजार में एलएलबी सेकेंड सेमेस्टर की पढ़ाई कर रही थी. तबीयत बिगड़ने पर उसे इलाज के लिए सिम्स लाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है.

सड़क हादसे में पंचायत सचिव की मौत

बलौदा. सेवा संकल्प-सेवा सेतु अभियान के तहत आयोजित जन समस्या निवारण शिविर में ड्यूटी पर आ रही ग्राम पंचायत के सचिव की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई. जानकारी के अनुसार बलौदा विकासखण्ड अंतर्गत ग्राम पंचायत केराकछार में पदस्थ पंचायत सचिव मधुलता सोमवार को सुबह सब निकोरबा आपले निजी समरसता भवन में आयोजित सेवा संकल्प शिविर में शामिल होने के लिए अपनी स्कूटी में आ रही थी. इसी दौरान बलौदा कोरबा मार्ग के सर्वमंगला के समीप सड़क दुर्घटना हो गई और वह गिर गई. जिसमें उसे गंभीर चोट आई आनन फानन में प्रत्यक्षदर्शियों सहित आसपास के लोग उसे शासकीय हॉस्पिटल कोरबा ले गए परंतु उनकी जान नहीं बचाई जा सकी. घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीण और अधिकारी मौके पर पहुंचे. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. बताया जा रहा है कि शिविर की तैयारियों के लिए शिविर स्थल पर उनके नहीं पहुंचने पर साथियों ने फोन की खबर मिलते ही शिविर स्थल सभी अधिकारियों और ग्रामीणों ने गहरा दुख व्यक्त किया और दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि दी. पुलिस द्वारा मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है.

बच्चे को ट्यूशन छोड़ने गई महिला लापता, 3 दिन बाद भी सुराग नहीं

बिलासपुर. मोपका की शिवम वाटिका कॉलोनी निवासी एक महिला 2 अक्टूबर की शाम करीब 5 बजे बच्चे को ट्यूशन छोड़ने के लिए निकली थी, जिसके बाद उसका कोई सुराग नहीं मिला. परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने अपहरण का मामला दर्ज किया है. महिला की तलाश में सरकंडा पुलिस CCTV कैमरों और रेलवे स्टेशन के फुटेज खंगाल रही है. घटना के तीन दिन बाद भी महिला का पता नहीं चल सका है.

दर्दनाक हादसा में युवक की मौत

बिलासपुर. कलेक्टोरेट के पास देर रात रॉन्ग साइड से आ रही बाइक ने स्कूटी को टक्कर मार दी. हादसे में युवक भरत साहू की मौत हो गई, जबकि दो लोग घायल हुए हैं. बताया जा रहा है कि घायल करीब 45 मिनट तक सड़क पर तड़पते रहे. पुलिस और लोगों की ओर से सूचना देने के बावजूद एंबुलेंस नहीं पहुंची, जिसके बाद घायलों को ऑटो से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर सिम्स ले जाया गया. घटना ने शहर की आपातकालीन स्वास्थ्य सेवा पर सवाल खड़े कर दिए हैं. मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र का है. पुलिस जांच में जुटी है.

15 साल से फरार हत्या की दोषी महिला गिरफ्तार

रायगढ़. जिले में पुराने अपराधियों को पकड़ने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को सफलता मिली है. लैलूंगा पुलिस ने हत्या के मामले में उम्रकैद की सजा पाए एक महिला को जूटमिल इलाके से गिरफ्तार किया है. यह महिला पिछले 15 साल से अपनी असली पहचान छिपाकर रह रही थी. पुलिस के अनुसार, पकड़ी गई महिला का नाम रामबाई चौहान (उम्र लगभग 40 साल) है. साल 1996 के एक मामले में उसे पारू सिदार नाम के व्यक्ति की गला दबाकर हत्या करने का दोषी पाया गया था. कोर्ट ने उसे उम्रकैद की सजा सुनाई थी. हाईकोर्ट ने भी इस सजा को सही माना था, लेकिन वह सजा काटने के बजाय फरार हो गई थी. लैलूंगा पुलिस ने पुराने रिकॉर्ड और फोटो के आधार पर उसकी तलाश तेज की. पुलिस को सुराग मिला कि वह जूटमिल के ट्रांसपोर्ट नगर में रह रही है. पुलिस ने वोटर लिस्ट और पुरानी फोटो का मिलान करके उसे पकड़ा. पूछताछ में पहले तो उसने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन सख्ती से पूछताछ करने पर उसने अपनी असली पहचान बता दी. पुलिस ने महिला को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे वापस जेल भेज दिया गया है. इस अहम कार्रवाई में थाना प्रभारी गिरधारी साव और उनकी टीम का योगदान रहा.

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H