Bilaspur News Update, बिलासपुर। मस्तूरी क्षेत्र के बेलटुकरी स्थित शासकीय प्राथमिक शाला में एक छात्रा से कुर्सी साफ करवाने का मामला सामने आया है। हड़कंप तो तब मच गया, जब इस पूरे मामले का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ।
वीडियो सामने आने के बाद जिला शिक्षा अधिकारी ने मामले को संज्ञान में लिया है। विभाग की ओर से स्कूल के प्रधान पाठक भारतीय खांडे को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा गया है।
शिक्षा विभाग ने प्रधान पाठक से पूरे मामले को लेकर जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही स्पष्ट चेतावनी दी गई है कि यदि उनका जवाब संतोषजनक नहीं पाया गया, तो कठोर प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल वायरल वीडियो के आधार पर शिक्षा विभाग मामले की जांच कर रहा है। अब देखना होगा कि प्रधान पाठक की ओर से क्या स्पष्टीकरण दिया जाता है और जांच के बाद विभाग क्या कार्रवाई करता है।
शराब के लिए पैसे नहीं देने पर युवक पर चाकू से हमला
बिलासपुर। शराब पीने के लिए पैसे नहीं देने की बात को लेकर एक युवक के साथ मारपीट कर चाकू से हमला करने का मामला सामने आया है। घटना तोरवा थाना क्षेत्र के पुराने पंप हाउस के पास हुई। पीड़ित दुर्गेश यादव की शिकायत के बाद तोरवा पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी कृष्णा सूर्यवंशी उर्फ कृष ने शराब पीने के लिए युवक से पैसे मांगे थे। पैसे देने से इनकार करने पर आरोपी ने उसके साथ मारपीट की और धारदार चाकू से हमला कर दिया। घटना के बाद पीड़ित ने मामले की शिकायत तोरवा थाने में दर्ज कराई।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की और उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल किया गया धारदार चाकू भी बरामद किया है। मामले में आरोपी के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
गणेश पंडाल के लिए लेना होगा अस्थाई बिजली कनेक्शन
बिलासपुर। गणेश पंडाल में जांच कर अस्थाई बिजली कनेक्शन देने के निर्देश बिजली विभाग के एई और जेई को दिए गए हैं। वहीं दुर्घटना से बचाव के लिए कटे फटे तार का उपयोग नहीं करने की सलाह जारी की गई है। साथ ही पंडाल में हुकिंग पाए जाने पर कार्रवाई करने का निर्देश जारी किए गए हैं। शहर में 165 और ग्रामीण क्षेत्र में 79 आवेदन विभाग को मिले हैं।
शहर में गणेश भगवान की प्रतिमा स्थापित करने के लिए पंडालों की सजावट शुरु हो गई है। पंडालों को रोशन करने के लिए रंग बिरंगी लाइट लगाई जा रही है, बिजली विभाग पूर्व और पश्चिमी डिवीजन के कार्यपालन यंत्री ने जोन के एई और जेई को निर्देशित कर पंडालों की जांच करने कहा है और समिति के सदस्यों को पंडाल में बिजली आपूर्ति के लिए टीसी कनेक्शन देने का सुझाव दिया गया है। इस बार पंडाल में लगे केबलों की भी जांच की जाएगी। कटे फटे तार से दुर्घटना होने की संभावना रहती है।

विद्युत लाइनों के नीचे न लगाएं पंडाल
पंडाल का निर्माण विद्युत लाइनों, पोल एवं अन्य विद्युत उपकरणों से पर्याप्त सुरक्षित दूरी रखते हुए किया जाए। विद्युत तारों के नीचे अथवा उनके बहुत नजदीक पंडाल, झंडे, बैनर, पोस्टर, होर्डिंग या विज्ञापन सामग्री न लगाएं। विशेष रूप से बड़े आकार के पंडाल, लोहे के पाइप, धातु के ढांचे एवं सजावटी सामग्री को विद्युत लाइनों से दूर रखा जाए। अस्थायी कनेक्शन के लिए अधिकृत एवं प्रशिक्षित विद्युत कर्मी से ही वायरिंग करने के निर्देश दिए गए हैं।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H



